पंजाब में खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ एक्शन चल रहा है। पंजाब के कई इलाकों में इंटरनेट सेवायें बंद कर अमृतपाल सिंह और उसके समर्थकों की पुलिस तलाश करने में लगी रही। इसके विरोध में लंदन में भारतीय उच्चायोग की इमारत पर लगे तिरंगे का खालिस्तानी समर्थकों ने अपमान किया। उच्चायोग की बिल्डिंग से तिरंगा हटाकर खालिस्तान का झन्डा लगाने की कोशिश की। इसी पर फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने पंजाब के लोगों को एक आईडिया दिया, जिसपर लोगों ने उनकी खिंचाई कर दी।
विवेक अग्निहोत्री ने दिया ये आईडिया
विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट कर एक आईडिया शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि अगर पंजाब में हर घर पर खालिस्तान के विरोध के रूप में अपने घरों पर तिरंगा लगाए तो कैसा रहेगा? विवेक अग्निहोत्री के इस ट्वीट पर अधिक संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
अंकित राज नाम के यूजर ने लिखा कि इससे घटिया आइडिया हो नहीं सकता। कोई क्यों अपनी देशभक्ति का सबूत दे? टॉक्सिक राष्ट्रवाद मत फैलाइए। @brinderdhillon यूजर ने लिखा कि इनके जैसे धर्मांध चाहते हैं कि पंजाब इन नफरत फैलाने वाले, दुष्प्रचार करने वालों के सामने खुद को साबित करें, जो ट्रोलर्स होने के साथ-साथ स्वयंभू देशभक्त भी हैं। हमें कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है, ऐसी बकवास फैलाना बंद करें।
@singhaman1904 यूजर ने लिखा कि जिनके दिल में तिरंगा होता है उन्हें सर्टिफिकेट नहीं दिखाना चाहिए। बॉर्डर पर बैठे पंजाब का युवा जब जंग में शहीद होता है तो तिरंगे में लिपटकर आता है विवेक जी। तुम अपना एजेंडा न चलाओ। @Indian62956735 यूजर ने लिखा कि हिंदू राष्ट्र की मांग करने वालों को जवाब देने के लिए तिरंगा ही लगाना है या फिर भगवा लगाना है? एक यूजर ने लिखा कि चंद कट्टरपंथियों की वजह से पूरे पंजाब के सिखों को किसी से देश भक्ति का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए। हम प्राउड इंडियन हैं।
बता दें कि अमृतपाल के फरार होने पर हाईकोर्ट ने पुलिस की थ्योरी पर सवाल उठाए। हाईकोर्ट ने कहा, सब प्लान के तहत हुआ है। अमृतपाल के अलावा सब गिरफ्तार हो गए, फिर वह कैसे भाग गया। हमें इस कहानी पर विश्वास नहीं है। अमृतपाल फरार हो गया तो 80000 पुलिसवाले क्या कर रहे थे। वहीं अमृतपाल के देश छोड़कर भागने की भी आशंका है। केंद्र सरकार ने सीमा पर BSF और SSB को अलर्ट रहने का आदेश दिया है।