लखनऊ में असली पुलिसकर्मियों को डांटने के आरोपी एक नकली आईपीएस अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। लखनऊ महानगर पुलिस ने पुलिसकर्मियों को डांटने के आरोपी एक नकली आईपीएस को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान लखनऊ के निवासी मिथिलेश शुक्ला (38) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर चाय की दुकान पर हुए विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों को धमकाया और सलामी न देने पर डांट लगाई।
पुलिस के मुताबिक, 13 जून की रात गोल मार्केट क्रॉसिंग के पास चाय की दुकान पर चाय-नाश्ते के भुगतान को लेकर झगड़ा होने की सूचना मिली थी और मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि मिथिलेश शुक्ला दुकानदार से बहस कर रहा था। पूछताछ करने पर उसने खुद को नोएडा का आईपीएस अफसर बताया और पुलिसकर्मियों से पूछा कि आपकी टोपी कहां है? मुझे सैल्यूट क्यों नहीं किया? पहचान पत्र मांगने पर वह यह कहकर चला गया कि बाद में ले आएगा। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सोमवार को सूचना मिली कि उसी व्यक्ति ने चाय की दुकान पर फिर से हंगामा किया है जिसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आईपीएस नहीं बल्कि नोएडा के सेक्टर-18 की एक कंपनी में अकाउंट एग्जीक्यूटिव है। मिथिलेश लखनऊ का ही रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि महानगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ट्रेन में सीट न मिलने पर बम की झूठी खबर फैलाई
लखनऊ में ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट न मिलने पर बम की झूठी खबर फैलाने के आरोप में एक यात्री को हिरासत में लिया गया है। इस अफवाह से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई सुरक्षा एजेंसियों को जांच के लिए मौके पर पहुंचना पड़ा। लखनऊ पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान तेलंगाना के निवासी सैनी जैकी (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसने ट्रेन में बैठने की जगह न मिलने के कारण बम की झूठी सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जीआरपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और ट्रेन की गहन तलाशी ली। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। बम की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली।” आरोपी को जीआरपी ने हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पैरों की मालिश न करने पर दलित को मार डाला, तीन गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में तीन लोगों ने शराब पीने के दौरान पैरों की मालिश से इनकार करने पर दलित व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(इनपुट- भाषा)
