मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में सगाई समारोह आयोजित कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना एक दिल्ली के कपल को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर समिति ने कड़ा रुख अपनाते हुए पहले इंस्टाग्राम से वीडियो हटवाया और फिर संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

मंदिर प्रशासन के अनुसार 26 मई को दिल्ली से आया इस कपल ने वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत निर्धारित रसीद लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश किया था। इस दौरान दोनों ने मंदिर के गणेश मंडपम में अंगूठियां एक्सचेंज कर सगाई की रस्म निभाई और उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

महाकालेश्वर मंदिर समिति ने लिया एक्शन

बाद में कपल ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “जब महाकाल राजी तो क्या करेगा काजी।” वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही महाकालेश्वर मंदिर समिति के संज्ञान में मामला आया, जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई।

महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवड़िया ने बताया कि मंदिर नियमों के उल्लंघन के चलते सबसे पहले वीडियो को सोशल मीडिया से हटवाया गया। इसके बाद संबंधित क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली एजेंसी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी

इसके अलावा वीडियो में दिखाई देने वाले अटेंडेंट के मंदिर के किसी भी विशेष प्रवेश द्वार से आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। समिति ने मामले से जुड़े प्रोटोकॉल कर्मी और पुजारी को चेतावनी भी जारी की है। वहीं, घटना से जुड़े मंदिर कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज नोटिस) जारी करने की तैयारी की जा रही है।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि यह पहला मामला नहीं है जब श्रद्धालुओं ने मंदिर के नियमों का उल्लंघन किया हो। महाकाल मंदिर में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति मोबाइल अंदर ले गया और वीडियो रिकॉर्ड किया।

मंदिर समिति का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए नियमों को और सख्ती से लागू किया जाएगा तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

यह भी पढ़ें – शख्स ने 2005 में सरकारी नौकरी के लिए दी थी अर्जी, 18 साल बाद मिला नियुक्ति पत्र, इस कारण खुशी के बदले हुआ अफसोस

सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र आमतौर पर उम्मीदवारों के लिए खुशी का कारण होता है, लेकिन केरल के एक व्यक्ति के लिए यह पत्र निराशा लेकर आया। वजह यह है कि उन्हें नियुक्ति पत्र तब मिला, जब वे रिटायरमेंट की उम्र पार कर चुके थे। हैरानी की बात यह है कि जिस चयन सूची के आधार पर उनकी नियुक्ति की गई, उसकी वैधता 18 साल पहले ही खत्म हो चुकी थी। पूरी खबर पढ़ें…