पति-पत्नी का रिश्ता सात जन्मों का माना जाता है। जिंदगी के हर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ देना और मुश्किल वक्त में एक-दूसरे के लिए ढाल बनकर खड़े रहना इस रिश्ते की सबसे बड़ी खूबसूरती है। मध्य प्रदेश में एक बुजुर्ग महिला इसी रिश्ते की मिसाल पेश कर रही हैं। उम्र के इस पड़ाव पर जब उन्हें खुद सहारे और देखभाल की जरूरत है, तब वह अपने दिव्यांग पति को कंधों पर उठाकर दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
गरीबी और मजबूरी ने इस दंपती की जिंदगी को इस कदर मुश्किल बना दिया है कि बुजुर्ग महिला अपने पति को पीठ पर लादकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं। वह सरकार से मदद की गुहार लगा रही हैं, ताकि उन्हें और उनके दिव्यांग पति को सम्मान के साथ जिंदगी जीने का सहारा मिल सके। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर की रहने वाली बुजुर्ग महिला का नाम बिंदु बाई है जो अपने पति को इस स्थिति में सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिल सके उसके लिए सरकार से पेंशन और ट्राइसाइकिल की मदद की गुहार लगा रही हैं।
9 साल से पैरालाइज हैं बिंदु बाई के पति
जानकारी के मुताबिक बिंदु बाई के पति पिछले 9 सालों से पैरालाइज हैं। साल दर साल उनकी स्थिति बिगड़ती रही और डॉक्टरों को उनकी एक टांग तक काटना पड़ी। असहाय पति खुद से चल फिर सके, अपने कुछ काम कर सके इसके लिए बुजुर्ग महिला सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला पिछले 9 सालों से एक ट्राईसाइकिल के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं, फिर भी उन्हें एक व्हीलचेयर मुहैया नहीं कराई जा रही। हाल ही में बिंदु बाई अपने पति को पीठ पर उठाकर बुरहानपुर कलेक्ट्रेट के पास पहुंच गई और अपनी सारी आपबीती सुनाई।
महिला का वीडियो हुआ वायरल
जब महिला मदद के लिए कलेक्टर के पास पहुंची तो उन्हें पति को कंधे पर लादे देख किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो आनन-फानन में लोगों की रीच तक पहुंच गया। वीडियो सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव तक मामला पहुंचा और CM मोहन यादव ने मामले का संज्ञान लेते हुए परिवार को मदद के निर्देश दिए। CM की दखल के बाद महिला के पति दयाशंकर को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। साथ ही उनकी बेटियों की पढ़ाई के लिए भी मदद दी गई। वायरल वीडियो की मदद से बिंदु बाई की परेशानी आखिरकार प्रशासन तक पहुंची और परिवार को राहत मिली।
सरकार ने दिव्यांगों के लिए कौन-कौन सी बनाई हैं योजनाएं
देशभर में सरकार ने दिव्यांगों की मदद के लिए ढेर सारी योजनाएं बनाई हैं ताकि इन लोगों की मदद की जा सके।
- सहायक उपकरण और तकनीकी सहायता योजना के मुताबिक दिव्यांगजनों को आधुनिक और टिकाऊ सहायक उपकरण जैसे ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, सुनने की मशीन, कृत्रिम अंग और ब्रेल किट मुफ्त और कई जगह कम दामों में मुहैया कराई जाती है। दिव्यांग सहारा योजना के तहत आधुनिक AI-संचालित और उन्नत तकनीक वाले सहायक उपकरण और असिस्टिव टेक्नोलॉजी मार्ट’ के माध्यम से सहायता प्रदान करने की पहल की जाती है।
- वित्तीय सहायता देने के लिए सरकार ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांगता पेंशन योजना बनाई है जिसके तहत BPL परिवार के 80% या उससे अधिक गंभीर दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को मासिक पेंशन दी जाती है।
- दिव्यांगजन स्वावलंबन योजना (NHFDC द्वारा) के तहत सरकार दिव्यांगों की मदद के लिए खुद का व्यवसाय, उच्च शिक्षा या कौशल विकास शुरू करने के लिए कम ब्याज दरों पर रियायती ऋण उपलब्ध कराती है।
- दिव्यांगों की शिक्षा और कौशल विकास के लिए सरकार प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति की योजना बनाई है। इसके अलावा भी कई सरकारी योजनाएं है जिनका सहारा दिव्यांग लोग ले सकते हैं।
- देश भर में दिव्यांगजनों के डेटा और प्रमाण पत्र को एकीकृत करने के लिए UDID पोर्टल के माध्यम से यूनिवर्सल आईडी कार्ड बनाया जाता है जिसकी मदद से सरकार इन दिव्यांगजों की मदद करती है।
डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज, ट्रेंडिंग पोस्ट्स और इंटरनेट पर उपलब्ध विवरणों के आधार पर तैयार की गई है। Jansatta इसमें किए गए दावों, घटनाओं के संदर्भ या इनकी पूर्ण प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
