शादी के बाद जहां दुल्हन की विदाई के लिए कार से लेकर हेलीकॉप्टर तक का इंतजाम किया जाता है, वहीं एक दुल्हन ऐसी भी नजर आई, जिसे विदाई के बाद पैदल ही अपने ससुराल तक का सफर तय करना पड़ा। भारी-भरकम लहंगा, सिर पर पल्लू, शरीर पर कीमती गहने और साथ में बारातियों की भीड़… यह पूरा काफिला दुल्हन को विदा कराकर दूल्हे के घर की ओर रवाना हुआ।
आमतौर पर शादी की रस्मों और घंटों की भागदौड़ के बाद दुल्हन थककर चूर हो जाती है और कुछ देर आराम करना चाहती है। लेकिन इस दुल्हन का सफर कुछ अलग ही था। उसे भारी लहंगा और गहने पहनकर पथरीले रास्तों, गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों को पार करते हुए करीब 18 किलोमीटर पैदल चलकर ससुराल पहुंचना पड़ा। दुल्हन के इस अनोखे विदाई सफर का वीडियो अब लोगों का ध्यान खींच रहा है।
कहां का है ये मामला
खूबसूरत सजी धजी दुल्हन के पैदल ससुराल जाने का ये मामला उत्तराखंड के चकराता में स्थित एक दूरदराज के गांव, उंडावा का है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भारी लहंगा पहने एक दुल्हन को उत्तराखंड के उंडावा तक 18 किलोमीटर पैदल चलते हुए देखा जा सकता है। बेहद थके हुए अंदाज में दुल्हन ने अपने नए घर का रास्ता पैदल ही तय किया। लाल सुर्ख लहंगे में सजी हुई ये दुल्हन या तो खुद को संभाले या भारी लहंगा संभालें।
क्यों पैदल जाना पड़ा ससुराल
फोटो में दुल्हन का पैदल सफर साफ दिख रहा है, ससुराल पैदल जाना दुल्हन की कोई रस्म नहीं बल्कि उसकी मजबूरी है। उत्तराखंड के गांव से लेकर दुल्हन की ससुराल तक का रास्ता तय करने के लिए सड़के मौजूद नहीं है जिसकी वजह से दुल्हन समेत सभी बरातियों को पैदल ही रास्ता तय करना पड़ा। उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचे की कमी ने दुल्हन को पैदल चलने पर मजबूर कर दिया।
दुल्हन ने कितनी देर में तय किया 18 किलोमीटर का सफर
दुल्हन को सजे धजे पैदल चलते देखकर एक यात्री ने वीडियो बना डाली और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। वीडियो में दुल्हन से बातचीत भी रिकॉर्ड की गई है। जब दुल्हन से पूछा गया कि लहंगा पहनकर पैदल चलने में उन्हें कितना समय लगा, तो दुल्हन ने जवाब दिया, लगभग 2 से 2.5 घंटे लगे जबकि हम ढलान पर चल रहे थे।
बारातियों ने बताई परेशानी
वायरल वीडियो में रिकॉर्ड बातचीत में दुल्हन के साथ चलने वाले बारातियों ने भी सड़क की मौजूदगी नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। बारातियों ने उत्तराखंड सरकार से अपील की कि यहां की सड़कों और सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरतों पर ध्यान दिया जाए। एक महिला ने कहा, आजकल हर जगह सड़कें हैं, लेकिन उंडावा में नहीं हैं। एक बाराती ने चढ़ाई पर चढ़ते हुए कहा कि यह तो माता वैष्णो देवी की चढ़ाई से भी ज्यादा है!
दुल्हन ने की CM से अपील
दुल्हन ने चलकर जब 18 किलोमीटर का रास्ता तय किया तो वो बेहद थक गई और CM पुष्कर सिंह धामी से सड़क बनवाने की दरख्वास्त की। दुल्हन ने वीडियो में कहा सीएम साहब अब तो यहां की सड़कें बनवा दो मैं तो बेहद थक चुकी है।
CM ने दी सड़क को मंजूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक दुल्हन की गुहार पहुंच गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया और 24 अक्टूबर को सड़क के प्रस्ताव को तकनीकी मंजूरी मिल गई। लेकिन शर्मिला का कहना है कि वह उन्हें धन्यवाद तभी देंगी, जब सड़क का निर्माण वास्तव में शुरू हो जाएगा।
डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। जनसत्ता वीडियो में किए गए दावों या सूचनाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
