CM DK Shivakumar Viral Video: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शिवकुमार सेब को काटकर खाते हुए और फिर उसे भीड़ की ओर फेंकते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
यह वीडियो उस समय का बताया जा रहा है जब शिवकुमार कनकपुरा के होराहल्ली गांव के दौरे पर पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने भी उनका भव्य अभिनंदन किया।
स्वागत के दौरान शिवकुमार को ताजे सेबों और फूलों से बनी एक विशाल ‘गजमाला’ भेंट की गई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शिवकुमार माला से एक सेब तोड़ते हैं, उसका एक टुकड़ा खाते हैं और फिर उसे वहां मौजूद समर्थकों की ओर उछाल देते हैं।
जैसे ही उन्होंने खाया हुआ सेब भीड़ की ओर फेंका, समर्थकों ने उत्साह दिखाया और कई लोग उस सेब को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र के दौरे के दौरान सम्मान और समर्थन के प्रतीक के रूप में यह विशाल सेबों की माला तैयार की थी।
वायरल वीडियो पर उठे सवाल
कनकपुरा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बहस का विषय बन गया है। जहां समर्थक इसे नेता और जनता के बीच आत्मीयता का प्रतीक बता रहे हैं, वहीं आलोचक सार्वजनिक कार्यक्रम में इस तरह खाने की जूठी वस्तु फेंकने को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
एक सोशल मीडिया यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा, “क्या डीके शिवकुमार खुद को कोई देवता समझते हैं? सेब को काटकर प्रसाद की तरह लोगों में बांटना किस तरह का तर्क है?” एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “चुनावी टिकट की नहीं, असली प्रतियोगिता तो उस एक बाइट वाले सेब को पकड़ने की थी!”
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “यह नेतृत्व नहीं, बल्कि सामंती सोच की निशानी है। आधा खाया हुआ सेब भीड़ में फेंकना और लोगों का उसे पकड़ने के लिए दौड़ना बेहद असहज और अपमानजनक लगता है।” एक अन्य टिप्पणी में कहा गया, “यह बहुत आपत्तिजनक और पूरे देश का अपमान है। अपने मुंह के बैक्टीरिया फैलाना और लोगों का उसे पकड़ने की कोशिश करना समझ से परे है।”
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की राय इस पर बंटी हुई नजर आ रही है।
