होली के मौके पर दिल्ली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में दिल्ली के पहाड़गंज में कुछ युवक होली खेलने के नाम पर जापान की एक महिला के साथ छेड़खानी करते दिखाई दिए थे। महिला के सिर पर अंडे फोड़े गए थे। इस घटना की जानकारी खुद महिला ने ट्विट कर दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और लोगों ने कार्रवाई की मांग थी। हालांकि इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई थी, इसके बाद भी अब दिल्ली पुलिस एक्शन में हैं।
पुलिस ने तीन आरोपियों किया गिरफ्तार
खबरों के मुताबिक़, दिल्ली पुलिस ने महिला के साथ अभद्रता करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि एक नाबालिग समेत तीन लोगों को पकड़कर पूछताछ की गई है। उन्होंने इस घटना में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है जैसा कि वीडियो में देखा जा सकता है। पुलिस उपायुक्त (मध्य) संजय कुमार सेन ने कहा कि ये सभी पहाड़गंज इलाके के रहने वाले हैं।
भड़के उठे थे लोग
जापानी महिला के साथ अभद्रता का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग भड़क गये थे। वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया था कि जितनी बार ये वीडियो देख रही हूं, उतनी बार खून खौल रहा है। चाहे कुछ हो जाए इनमें से किसी को नहीं छोड़ूँगी, हम सुनिश्चित करेंगे इनमें से एक एक लफ़ंगा सलाख़ों के पीछे पहुँचेगा। @WasimAkramTyagi यूजर ने लिखा कि इस मामले में तीन लफंगों को गिरफ्तार किया गया है। यह महिला जापान की थी, जिसके साथ यह जबरदस्ती की गई थी। दिल्ली पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद की कार्रवाई तो की है, लेकिन पीड़ित महिला कल ही भारत छोड़कर चली गई है। अतुल्य भारत की छवि बिगाड़ने वाले कौन हैं?
एक यूजर ने लिखा कि दिल्ली का पहाड़गंज वह इलाका है जहां विदेशी टूरिस्ट खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। काफी टूरिस्ट वहीं ठहरना पसंद करते हैं लेकिन जापानी लड़की के साथ, होली के बहाने, वहीं पर उत्पीड़न किया गया, सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एक अन्य यूजर ने लिखा कि अगर दिल्ली में विदेशी पर्यटकों के साथ इस तरह का व्यवहार हो रहा है तो ये बेहद गलत और अपमानजनक बात है, दिल्ली पुलिस को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
जापान की लड़की ने ट्वीट कर कहा है कि वह बांग्लादेश पहुंच गई है और मानसिक और शारीरिक रूप से फिट है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी वीडियो का संज्ञान लिया था और दिल्ली पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज करने को कहा। महिला आयोग की तरफ से ट्वीट कहा गया था कि मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस को इस मामले में तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखा है। एनसीडब्ल्यू ने मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की भी मांग की है। आयोग को एक विस्तृत रिपोर्ट से अवगत कराया जाना चाहिए।