दिल्ली मेट्रो में आपका स्वागत है…अगला स्टेशन अक्षरधाम है और दरवाजों से हटकर खड़े हों… दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले लोग इन लाइनों से भलीभांति परिचित होंगे। यह आवाजा दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले लाखों यात्रियों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी है। कुछ लोग तो यहां तक मानते हैं कि मेट्रो में सफर के दौरान इस आवाज को सुनकर उन्हें ना चाहते हुए भी नींद आ जाती है। बहुत से लोगों को पता है कि यह आवाज किसकी है, लेकिन फिर भी बहुत से लोग इस आवाज के बारे में नहीं जानते होंगे।
अगर आप भी उनमें से हैं तो हम आपको बताते हैं कि यह आवाज जाने-माने वॉयस आर्टिस्ट और पूर्व दूरदर्शन समाचार एंकर शम्मी नारंग की है जिन्होंने हाल ही में अपने पोते के साथ दिल्ली मेट्रो में सफर किया और उनके पोते ने पहली बार अपने दादू की आवाज को दिल्ली मेट्रो में सुना तो उसका रिएक्शन देखने लायक था।
पोते के लिए सरप्राइज बन गई मेट्रो में दादू की आवाज
हाल ही में शम्मी नारंग की यह आवाज उनके लिए नहीं बल्कि उनके पोते रुशान के लिए एक बेहद खास अनुभव बन गई। रुशान पहली बार मेट्रो में सफर कर रहा था और अचानक कोच के भीतर उसे अपने दादाजी की आवाज सुनाई दी। जिस आवाज को वह घर में पहचानता है, वही आवाज मेट्रो के भीतर गूंजती सुनकर वह हैरान रह गया। इस खास पल को शम्मी नारंग ने खुद वीडियो में रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर शेयर किया।
दादू की आवाज सुनकर हैरान हुआ रुशान
शम्मी नारंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह अपने पोते रुशान के साथ मेट्रो में सफर करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में रुशान मेट्रो के अंदर बैठा नजर आता है और जब अचानक ट्रेन में दादाजी की रिकार्ड आवाज सुनाई देती है तो उसके चेहरे पर हैरानी साफ दिखाई देती है।
वीडियो शेयर करते हुए शम्मी नारंग का इमोशनल कैप्शन
शम्मी नारंग ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है, “हो सकता है मैं हमेशा मेट्रो ट्रेनों में सफर न करूं, लेकिन मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि मेरी आवाज एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक जाएगी। मुझसे मेरे पोते रुशान तक और शायद एक दिन उसके पोते-पोतियों तक भी मेरी आवाज जाएगी। आज, हम रुशान को उसकी पहली मेट्रो राइड पर ले गए। दादू की आवाज ट्रेन में गूंजती सुनकर वह हैरान था। उसने एक ऐसी आवाज सुनी जिसे वह जानता है। हमारे लिए एक बहुत खास पल”
लोगों के रिएक्शन
शम्मी नारंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो पर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा कि उन्हें आज भी शम्मी नारंग, जेवी रमन और उस दौर के दूसरे समाचार वाचक याद हैं जो बेहद स्पष्ट और सटीक तरीके से समाचार पढ़ते थे।
एक और अन्य यूजर ने कहा कि उस दौर में कई बच्चों ने इन समाचार वाचकों को देखकर हिंदी और अंग्रेजी के उच्चारण और व्याकरण को बेहतर तरीके से समझा। एक अन्य यूजर ने लिखा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उनका बचपन उस दौर में बीता, जब शम्मी नारंग की आवाज दूरदर्शन से घर-घर पहुंचती थी।
यह भी पढ़ें- जब हवा में होंगे तो कौन बचाएगा? 174 यात्रियों के हीरो स्मित मच्छार ने एक साल पहले जो कहा अब क्यों हुआ वायरल- ‘नहीं बनना था पायलट’
Smit Machchhar Viral Video: फ्लाईदुबई फ्लाइट में बड़े हादसे को टालने के बाद भारतीय पायलट स्मित मच्छार का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा में आ गया है। लोग हर तरफ स्मित मच्छार के बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं, लोग उन्हें हीरो बता रहे हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक साल पहले वे बोल रहे हैं कि कि जब आप हवा में होंगे तो आपको कौन बचाने आएगा। इस पॉडकास्ट में उन्होंने प्रशिक्षित क्रू की अहमियत के बारे में बात की थी। अब दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में जानलेवा कॉकपिट घटना के बाद एक बार से यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। और अधिक पढ़ने के लिए क्लिक करें…
