सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दिल्ली की ट्रैफिक के बीच एक युवती को दो युवक जबरदस्ती गाड़ी में घसीटते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के आधार पर दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया हुआ है। वीडियो को लेकर एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाया जा रहा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने अब इस मामले में एक्शन लिया है!
महिला आयोग ने किया ट्वीट?
वीडियो शेयर कर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने कहा कि महिला को ज़बरन गाड़ी में डालने और पीटने की इस वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मैं दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं। इन लोगों के ख़िलाफ़ आयोग सख़्त एक्शन सुनिश्चित करेगा। सोशल मीडिया पर लोग इस पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
@faisal2767 यूजर ने लिखा कि आखिर केवल वायरल वीडियो पर ही संज्ञान क्यों लिया जाता है बहुत सारी ऐसी शिकायतें है जिनमें आज तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया। सोनू यादव नाम के यूजर ने लिखा कि पुलिस अगर अपनी जिम्मेदारी से काम करे तो बहुत से अपराधों पर तुरंत रोक लगाई जा सकती है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि दिल्ली पुलिस केंद्र (भाजपा) के अंतर्गत है तो ये हाल है। अगर दिल्ली में सत्ता भी भाजपा की होती तो क्या हाल होता।
@MrShubh37459945 यूजर ने लिखा कि गाड़ी जब्त करने के बाद लड़कों को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। महिलाओं पर ऐसा अत्याचार बिलकुल ठीक नहीं है। एक यूजर ने लिखा कि लड़कों का पक्ष भी सुनना बहुत जरूरी है, हमेशा लड़के ही गलत नहीं होते हैं। एक यूजर ने लिखा कि मंगोलपुरी इलाके का एक वीडियो वायरल हो रहा है जहां दो लड़के एक लड़की को जबरन एक कैब में बैठाते हुए दिख रहे हैं। देश मे क्या चल रहा है दुःखद हैं।
बता दें कि वायरल वीडियो पर दिल्ली पुलिस ने कहा है कि गाड़ी और ड्राईवर का पता लगा लिया गया है। दो लड़कों और एक लड़की ने रोहिणी से विकासपुरी के लिए एक कैब बुक किया था। रास्ते में दोनों में कहासुनी और हाथापाई हो गई। कहासुनी के बाद लड़की वहां से जाना चाहती थी। वीडियो में नजर आ रहा है कि लड़का लड़की को जबरन कार के अंदर धकेल देता है! दिल्ली पुलिस ने कहा है कि लड़की और उसके दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, इसके बाद लड़की टैक्सी से उतर कर जा रही थी, तभी दोनों दोस्तों ने उसे जबरदस्ती कार में बैठाने की कोशिश की! लड़की का बयान दर्ज कराये जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।