जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग इंसान 72 साल की उम्र में खांसी से बेहद परेशान थे, काफी टाइम से खांसी के साथ ही कई तरह का इंफेक्शन भी हो रहा था। कुल मिलाकर देखा जाए तो बुजुर्ग को कई तरह की रेस्पीरेटरी डिजीज थी जिसका इलाज कराने वो अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीज की सेहत का अंदाजा लगाने के लिए काफी टेस्ट किए जिसमें डॉक्टरों को फेफड़ों में ट्यूमर होने की शिकायत महसूस हुई। कई महीनों से खांसी और सीने के संक्रमण से परेशान बुजुर्ग पहले से ही दिल के रोगी थे, ऐसे में एक बीमारी का बोझ उनपर और आ पड़ा था।

डॉक्टरों ने ट्यूमर का शक होने पर मरीज का CT Scan कराया जिसमें उनके दाएं फेफड़े के निचले हिस्से की एक छोटी सांस की नली में रुकावट दिखाई दी। मरीज की सांस की नली में रुकावट के साथ ही वहां सूजन भी दिखाई दे रही थी जिसे समझते हुए डॉक्टर ने ट्यूमर डायग्नोज किया था।

मरीज की बॉडी में दिख रहे थे ये लक्षण

आमतौर पर देखा जाता है कि फेफड़ों में ट्यूमर या कैंसर की शिकायत होने पर बॉडी में कुछ लक्षण दिखाई देते हैं जैसे बुखार, रात में पसीना आना या खांसी के साथ खून निकलने जैसी कुछ परेशानियां होती हैं, लेकिन मरीज को इनमें से कोई दिक्कत नहीं थी। मरीज को सिर्फ खांसी की परेशानी थी जो रुकती नहीं थी। खांसी की वजह सांस की नली में जमा गांठ को बताया जा रहा था जिसकी वजह से सांस की नली में सूजन और बार बार संक्रमण हो रहा था  जिसका इलाज मरीज को एंटीबायोटिक देकर किया जा रहा था।

ट्यूमर का शक होने पर शुरु हुआ इलाज

बुजुर्ग की परेशानी को देखते हुए डॉक्टरों ने ट्यूमर का इलाज करना शुरु किया। डॉक्टरों ने ब्रोंकोस्कोपी (Bronchoscopy) की। यह एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें लचीली नली और कैमरे की मदद से सांस की नलियों के अंदर की जांच की जाती है। जांच में डॉक्टरों को एक चिकनी, लाल रंग की गांठ दिखाई दी जिसमें खून की नसें भी नजर आ रही थीं। इस गांठ ने सांस की नली का रास्ता पूरी तरह बंद कर रखा था। इसकी बनावट देखकर डॉक्टरों को कार्सिनॉइड ट्यूमर (Carcinoid Tumour) होने का शक हुआ। यह एक प्रकार का ट्यूमर है, जो फेफड़ों में भी विकसित हो सकता है।

सांस की नली में मौजूद रुकावट यानी गांठ को हटाने के लिए डॉक्टरों ने Snare और Cryoprobe नाम के उपकरणों की मदद ली। क्रायोप्रोब एक ऐसा उपकरण है, जो ठंडक यानी फ्रीजिंग तकनीक की मदद से ऊतकों को पकड़कर निकालने में मदद करता है। जब डॉक्टर सूजे हुए ऊतकों को हटाने लगे, तो उनके नीचे से एक सख्त और सफेद रंग की चीज दिखाई दी। क्रायोप्रोब की मदद से उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा था। कई कोशिशों के बाद डॉक्टरों ने दूसरे उपकरणों के जरिए उसे बाहर निकाला। जब वो सफेद चीज बाहर आई तो डॉक्टरों के होश उड़ गए। जिसे डॉक्टर ट्यूमर समझ रहे थे दरअसल वो मरीज का खुद का दांत था जो उनके लंग्स में पहुंच गया था।

लंग्स में कैसे पहुंचा  दांत

डॉक्टरों जब मरीज की हिस्ट्री जानने की कोशिश की तो पता चला कि करीब तीन साल पहले वो बेहोश हो गए और उनका एक दांत टूटकर निकल गया था। मरीज को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि दांत टूटकर सांस की नली के रास्ते फेफड़े तक पहुंच गया है। यह केस जर्मनी के फ्रैंकफर्ट स्थित St. Elisabethen Krankenhaus के पल्मोनोलॉजी विभाग में दर्ज किया है। मरीज 72 साल के बुजुर्ग थे। यह रिपोर्ट 31 अक्टूबर 2026 को The Egyptian Journal of Bronchology में प्रकाशित हुई थी।

डिस्क्लेमर:इस लेख में दी गई जानकारी एक मेडिकल जर्नल में प्रकाशित केस स्टडी और सामान्य जागरूकता पर आधारित है। यह किसी भी तरह से डॉक्टरी सलाह, निदान या इलाज का विकल्प नहीं है।