बिहार में हो रही अपराध की घटनाओं पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे (Union Minister Ashwini Choubey) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) और सरकार पर हमला बोला है। हालांकि इसी दौरान वह बोलते-बोलते नीतीश कुमार और सरकार को नपुंसक कहने से भी नहीं चुके। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और नीतीश कुमार नपुंसकता के शिकार हो गए हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोग केंद्रीय मंत्री की भाषा पर सवाल उठा रहे हैं।
नीतीश कुमार पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री?
मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे (Ashwini Choubey On Nitish Kumar) ने कहा कि दो दिन से बिहार में हत्याएं हो रही हैं और बिहार सरकार और नीतीश कुमार (Bihar Gov. and Nitish Kumar) पूरी तरह से नपुंसकता के शिकार हो गए हैं। सरकार असंवेदनशील हो गई है। मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। नीतीश कुमार से अब बिहार चलने वाला नहीं है। जंगलराज की वापसी हो गई है। उन्होंने कहा कि यह जंगलराज नहीं है तो ये क्या है?
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर लोग अश्विनी चौबे के इस बयान पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। @DushyantGUPTAJ1 यूजर ने लिखा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे हुए मनुष्य के बारे में किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए, इनको नहीं पता? जब इनके प्रधानमंत्री और नेताओं को कोई और बोलता है तो उन्हें बुरा लगता है। @RajeshK97203403 यूजर ने लिखा कि मेरे समझ से परे है कि जब बोलना नहीं आता तो क्यों बोलते हैं? कम से कम अपने सफेद बालों का ख्याल रखना चाहिए।
@DeepakJ84071374 अश्विन जी एक सभ्य व्यक्ति तो नहीं हो सकते हैं। मुख्यमंत्री के लिए ऐसी अशोभनीय भाषा बिहार की जनता का अपमान है। @AshokPa64142998 यूजर ने लिखा कि नीतिश का अपमान नहीं, ये पूरे बहुजन समाज को गाली है। इसका जवाब आपको मिलेगा 2024 में बटन दबा कर कि कौन नपुंसक है। जनता जवाब देगी। इतना सत्ता का नशा शोभा नहीं देता। एक यूजर ने लिखा कि ये भाषा केंद्रीय मंत्री की बेहद शर्मनाक है। यही कोई विपक्ष का नेता ऐसी भाषा का प्रयोग कर लेता तो जमीन आसमान एक हो जाता।
बता दें कि अश्विनी चौबे बिहार में बढ़ रहे अपराध (Crime in Bihar) की घटनाओं को लेकर बिहार सरकार पर हमला कर रहे थे। उन्होंने कहा, “बिहार में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री कुछ नहीं कर रहे हैं। फिर से बिहार में जंगलराज रिटर्न की घटनाएं दोहराई जा रही हैं।” इसी दौरान उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नपुंसकता के शिकार हो गए हैं। यह मैं इसलिए कह रहा हूं कि यहां दो दिन से हत्याएं हो रही हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन है पूरी तरह से।