डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DR Congo) में हेल्थ से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है। कांगो के एक प्रमुख उपचार केंद्र से इबोला (Ebola) से पीड़ित आखिरी मरीज की भी विदाई हो चुकी है। अस्पताल में भर्ती आखिरी मरीज को पूरी तरह स्वस्थ करके उसे छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल ने इबोला के आखिरी मरीज़ के स्वस्थ होकर घर रवाना होने की खुशी में डॉक्टरों और नसों ने जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक इबोला संक्रमण के मामलों में आई गिरावट स्वास्थ्य कर्मचारियों के अथक प्रयासों का नतीजा है, हालांकि स्थिति पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है…

अस्पताल में जश्न का माहौल क्यों रहा?

इबोला एक दुर्लभ और बेहद गंभीर बीमारी है जिसे इबोला वायरस रोग (EVD) के नाम से भी जाना जाता है। यह एक प्रकार का वायरल हेमोरेजिक फीवर है जो शरीर में गंभीर सूजन, ऊतक को नुकसान और ब्लीडिंग का कारण बनता है। DR Congo में  इतुरी प्रांत के मोंगबवालू में स्थित एक अस्पताल में तब खुशी का नज़ारा देखने को मिला जब इबोला का आखिरी मरीज भी ठीक हो गया। मरीज के सही होकर जाने पर मेडिकल स्टाफ की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और वो खुशी के मारे नाचने और गाने लगे। आखिरी मरीज की विदाई ने मेडिकल स्टाफ को जश्न मनाने का बेहतरीन मौका दिया।

हेल्थकेयर वर्कर्स का नाचते-गाते हुए वायरल वीडियो

आमतौर पर डॉक्टर और नर्स प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दिखाई देते हैं, लेकिन वीडियो में इबोला का आखिरी मरीज भी ठीक होने पर मेडिकल स्टाफ इतना ज्यादा खुश हो गया कि वो अपने नियमों को ताक पर रखकर इस खुशी को सेलिब्रेट करने लगा।  वीडियो में डॉक्टर और नर्स सुरक्षात्मक सूट, दस्ताने, मास्क और फेस शील्ड पहने दीवार के दोनों तरफ इकट्ठा होकर नाच-गा रहे हैं। इसी बीच, इलाज से ठीक होकर अभी-अभी बाहर निकली एक महिला भी इस जश्न में शामिल हो जाती है और खुशी से झूम उठती है। खुशी के इस पल में मरीज और डॉक्टर सिर्फ खुशी का इज़हार करते दिख रहे हैं।

अस्पताल में इबोला का आखिरी मरीज़ भी हुआ ठीक

अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक मई में जब से बीमारी फैली थी, तब से यह पहला मौका है जब इस केंद्र में एक भी मरीज नहीं है। अस्पताल को इबोला फ्री बनाने के लिए यहां मौजूद मेडिकल स्टाफ ने बहुत मेहनत की है। स्वास्थ्य कर्मियों ने दिन-रात बेहद कड़ी मेहनत की और मरीजों को ठीक किया, जब अस्पताल में एक भी मरीज नहीं रहा तो डॉक्टर और नर्सों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भले ही आखिरी मरीज के जाने पर जश्न का माहौल और खुशी का दौर है, लेकिन डॉक्टर और नर्स अब भी सेफ्टी नॉर्म का ध्यान रखते हुए खुशी मना रहे हैं।  कोई भी इस गलतफहमी में नहीं है कि खतरा टल गया है। वायरस अभी भी गांवों में मौजूद है, और पब्लिक हेल्थ टीमें लगातार लोगों के संपर्क में आए व्यक्तियों का पता लगाने और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए दिन-रात जुटी हुई हैं।

DR कांगो में इबोला का प्रकोप कब से हैं?

रॉयटर्स के मुताबिक,DR कांगो में इबोला का ये प्रकोप 15 मई, 2026 से है। बुंडीबुग्यो वायरस इबोला वायरस (Ebola Virus) का एक अत्यंत दुर्लभ और खतरनाक स्ट्रेन है, जिसका नाम अफ्रीका के युगांडा देश के ‘बुंडीबुग्यो’ (Bundibugyo) जिले के नाम पर रखा गया है, जहां 2007 में इसके पहले मामले मिले थे। साल 2026 में यह वायरस तब वैश्विक चर्चा में आया जब WHO ने अफ्रीकी देशों जैसे कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इसके बढ़ते प्रकोप को हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया। बुन्दिबुग्यो वायरस’, अपने आप में बहुत खतरनाक है जिसके लिए अभी तक कोई वैक्सीन नहीं बनी है और ना ही कोई खाल इलाज मौजूद है। यह प्रकोप अपनी शुरुआती जगहों से काफी दूर तक फैल चुका है। 

AP द्वारा बताए गए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 10,060 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से लगभग आधे लोगों की मौत हो गई है। US सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने 29 अक्टूबर के अपने अपडेट में इसे अब तक का दूसरा सबसे बड़ा इबोला प्रकोप बताया है, जो यह दिखाता है कि यह कितनी तेजी से फैल रहा है। इसलिए, जब किसी केंद्र पर लोग जश्न मनाते हैं, तो इसके गहरे मायने समझ आते हैं, क्योंकि हर एक व्यक्ति का ठीक होना एक बड़ी उपलब्धि है। AP के आंकड़ों के अनुसार, DR कांगो में अब तक लगभग 2,600 लोग ठीक हो चुके हैं। इस मौके पर WHO के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस भी अपनी खुशी छिपा नहीं पाए उन्होंने एक वीडियो ट्वीट किया, लेकिन साथ ही यह भी याद दिलाया कि संकट अभी टला नहीं है।

डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। जनसत्ता वीडियो में किए गए दावों या सूचनाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।