कड़कड़ाती ठंड, ठिठुरती हवाएं और रोज सुबह स्कूटर पर कांपते हुए ऑफिस पहुंचते कर्मचारी… जरा सोचिए, जब कोई बॉस अपने कर्मचारियों की इस तकलीफ को करीब से देखे, तो वो क्या करेगा? ज्यादातर मामलों में थोड़ी सी हमदर्दी कर देंगे या एक कप चाय पिला देंगे ताकि सर्दी से कुछ राहत मिल सके, लेकिन इस महिला बॉस ने जो किया, उसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है!
सर्दी में बाइक से आते कर्मचारियों को देखकर महिला का दिल ऐसे पसीजा कि उसने अपने कर्मचारियों को एक ही झटके में कीमती सरप्राइज दे डाला। सरप्राइज भी ऐसा जिसकी कर्मचारियों ने सपने में भी कल्पना नहीं की थी। सोचकर देखिए ऐसा नज़ारा जब दफ्तर के बाहर खड़ी चमचमाती BMW कार की चाबी कर्मचारियों के हाथ में थमा दी जाए तो उनकी खुशी का क्या ठिकाना होगा। जी हां,लाख दस लाख या 15 लाख की गाड़ी नहीं पूरे 43 लाख की BMW कार, महिला बॉस ने अपने कर्मचारियों को गिफ्ट दी।
इतना कीमती तोहफा देखकर कर्मचारी फूलों नहीं समाए और उनकी आंखों से टप-टप आंसू टपकने लगे। महिला बॉस की दिलदारी देखकर दिल में खलबली मच रही है ना कि आखिर कौन है ये महिला बॉस जो अपने कर्मचारियों पर इस तरह मेहरबान हो रही है। आइए जानते हैं इस वायरल और दिल छू लेने वाली कहानी के पीछे का पूरा सच…
महिला बॉस कौन है और कहा का है ये मामला
ये मामला चीन का है। चीन के हेनान प्रांत के जियाओज़ुओ शहर में बीफ हॉट पॉट रेस्टोरेंट चेन चलाने वाली मा यानली (Ma Yanli) रेस्टोरेंट मालिक हैं जिन्होंने अपने कुछ बेहतरीन कर्मचारियों को नई BMW कार गिफ्ट की हैं। 24 सितंबर को उनके कर्मचारियों को कारें सौंपी गईं। अपने कर्मचारियों को महंगी BMW कार गिफ्ट करने को लेकर चर्चा में आईं बॉस का कारें गिफ्ट करने का मकसद कोई नाम औ शोहरत कमाना नहीं है। ये महिला ना ही सुर्खियों में आने की शौकीन है और ना ही इसका मकसद किसी तरह का कोई कारोबारी लक्ष्य हासिल करना है। महिला बॉस का कर्मचारियों को BMW गिफ्ट करने का मकसद उन्हें सर्दियों में होने वाली परेशानी से बचाना है। महिला ने अपने कर्मचारियों को कड़ाके की ठंड में इलेक्ट्रिक स्कूटर चलाकर काम पर आते हुए देखा तो महिला का दिल पसीज गया। महिला ने कर्मचारियों की मेहनत के बदले उन्हें लाखों रुपये की कारें देने का फैसला किया। महिला बॉस ने महसूस किया कि कारोबार की सफलता में कर्मचारियों की मेहनत का बड़ा योगदान है और उन्हें भी इस सफलता का फायदा मिलना चाहिए।
कर्मचारी को बिना किसी शर्त के मिली BMW
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, ली जिए को शुरुआत में यह नहीं बताया गया था कि उन्हें क्या मिलने वाला है। मा यानली ने सफर के दौरान उनसे कहा था कि उन्हें एक बड़ा खिलौना मिलने वाला है। इसके बाद जब ली को नई BMW मिली, तो वह हैरान रह गईं। रिपोर्ट के अनुसार, कार उनके नाम पर रजिस्टर कराई गई और उन्हें इसके लिए कोई भुगतान नहीं करना पड़ा। उनसे बदले में कोई समझौता भी नहीं कराया गया। मा यानली ने एक दूसरे कर्मचारी लियू यिंगयिंग (Liu Yingying) को भी ग्रे रंग की BMW गिफ्ट की। लियू के मुताबिक, यह कार उनकी मेहनत और अच्छे प्रदर्शन की पहचान थी।
कर्मचारियों को बोनस और दूसरी सुविधाएं भी देती हैं मा यानली
मा यानली का अपने कर्मचारियों को इनाम देने का यह पहला उदाहरण नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक वो पारंपरिक चीनी त्योहारों के मौके पर कर्मचारियों को नकद बोनस और रोजमर्रा में काम आने वाली चीजें भी गिफ्ट करती हैं। करीब दो दशक से कैटरिंग कारोबार से जुड़ी मा यानली का मानना है कि किसी भी बिजनेस की सफलता केवल मालिक की मेहनत से नहीं मिलती। इसमें कर्मचारियों का योगदान भी अहम होता है। ऐसे में उन्हें भी कारोबार की सफलता का हिस्सा मिलना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। कारों की कीमत और घटना से जुड़ी जानकारी संबंधित रिपोर्ट के अनुसार दी गई है।
