चीन में अब ट्रैफिक नियमों की निगरानी करने के लिए ह्यूमनॉइड रोबोट का निर्माण किया गया है। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं। ये रोबोट ना सिर्फ भीड़ को कंट्रोल करेंगे बल्कि ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों को चुन-चुनकर पकड़ेंगे। इन रोबोट का इस्तेमाल चीन में एक बड़ी मैराथन के दौरान चार मुख्य चौराहों पर किया गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ये रोबोट मैराथन में शामिल रनर्स को रास्ता दिखा रहे हैं और ट्रैफिक को कंट्रोल कर रहे हैं। 30,000 रनर्स को रास्ता दिखाने के लिए एक चीनी टेक कंपनी ने पुलिस के साथ मिलकर इन रोबोट को तैयार किया है।
एक नवंबर 2026 को चीन के हांगझोऊ मैराथन में ट्रैफिक पुलिस के साथ एक ह्यूमनॉइड रोबोट तैनात किया गया। यह रोबोट पुलिसकर्मियों की बेहद मदद कर रहा है। ये चौराहों की निगरानी करने, ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों की पहचान करके पुलिस को बता रहा है जिससे पुलिस को अपना काम करने में मदद मिल रही है। इतना ही नहीं ये रोबोट भीड़ को कंट्रोल करने में भी मदद कर रहा है।
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस रोबोट का नाम हांगशिंग नंबर-2 (Hangxing No.2) है जिसे हांगझोऊ स्थित कंपनी DEEP Robotics ने स्थानीय ट्रैफिक अधिकारियों की मदद से विकसित किया है। मैराथन के दौरान इस रोबोट को झेजियांग प्रांत के हांगझोऊ स्थित हुआंगलोंग स्पोर्ट्स सेंटर के आसपास चार अलग-अलग स्थानों पर गश्त के लिए तैनात किया है।
रोबोट को सौंपी गई हैं कई जिम्मेदारियां
हालांकि चीन में रोबोट का इस्तेमाल नया नहीं है,इससे पहले भी रेस्टोरेंट में, सार्वजनिक जगहों पर और रेलवे स्टेशन पर रोबोट को भीड़ कंट्रोल करते हुए देखा गया है। मैराथन में तैनात इस रोबोट को कई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं जिसमें रोबोट को ट्रेंड किया गया है। मैराथन में तैनात इन रोबोट ने अपने निर्धारित रास्तों पर गश्त किया, ट्रैफिक सुरक्षा से जुड़ी चेतावनियां दी और आम लोगों के सवालों का जवाब दिया।
कैसे काम करता है यह ह्यूमनॉइड रोबोट?
हांगशिंग नंबर-2 रोबोट की लंबाई 178 सेंटीमीटर है। यह DEEP Robotics के DR02 ह्यूमनॉइड प्लेटफॉर्म पर आधारित है। कंपनी के मुताबिक इस रोबोट को IP66 प्रोटेक्शन रेटिंग मिली है। इस रोबोट पर इंसानों की तरह तेज धूप, धूल और बारिश का असर नहीं होता। ये रोबोट धूप,धूल और तेज पानी की धार पड़ने पर भी सुरक्षित तरीके से अपना काम कर सकते हैं। यह रोबोट माइनस 20 डिग्री से लेकर 55 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में काम कर सकता है।
इस रोबोट को कैसे किया गया है तैयार?
इस रोबोट को स्ट्रांग बनाने के लिए इसमें LiDAR, डेप्थ कैमरा और वाइड एंगल कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा इसमें 275 TOPS की कंप्यूटिंग क्षमता वाली यूनिट है। इस तकनीकों की मदद से यह रोबोट अपने निर्धारित रास्तों पर आसानी से चल सकता है और जो कमांड इसे दी जाती है उसे बखूबी पूरा कर सकता है। ये रोबोट उन जगहों की भी निगरानी कर सकता है जहां सीसीटीवी कैमरे मौजूद नहीं है। जहां पुलिस वाले ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले लोगों की पहचान करने में हिचकिचाते हैं वहीं ये रोबोट सड़क पर पैदल चलने वाले यात्रियों के बीच में घुसकर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों तक पहुंचता है। इतना ही नहीं ये रोबोट ट्रैफिक पुलिस की तरह हाथों के इशारों से अनियंत्रित वाहनों को कंट्रोल करता है। इतना ही नहीं ये रोबोट लाउड स्पीकर पर यात्रियों को नियमों को पालन करने के भी सूचना देता है।
DEEP Robotics के प्रतिनिधि मेंग युआन ने ग्लोबल टाइम्स को बताया कि मैराथन जैसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को कायम रखना एक बड़ा मुद्दा होता है, ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों को संभालना पड़ता है। मैराथन में इतनी ज्यादा संख्या में लोगों को संभालने के लिए रोबोट की तैनाती बेहद असरदार साबित हो सकती है।
चीन में सार्वजनिक जगहों में बढ़ रहा ह्यूमनॉइड रोबोट का इस्तेमाल
चीन में ह्यूमनॉइड रोबोट का इस्तेमाल अब केवल फैक्ट्रियों तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक सेवाओं में भी इन्हें शामिल करने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले भी अप्रैल में बीजिंग यिझुआंग हाफ मैराथन में इसी तरह के रोबोट का इस्तेमाल प्रतिभागियों को रास्ता दिखाने और भीड़ को कंट्रोल करने के लिए किया गया था। बीजिंग एकेडमी ऑफ सोशल साइंसेज के रिसर्च फेलो वांग पेंग के मुताबिक आने वाले समय में रोबोट सुरक्षा, निरीक्षण, लॉजिस्टिक्स और घरेलू सेवाओं जैसे क्षेत्रों में भी मददगार हो सकते हैं। वांग पेंग के मुताबिक इन ह्यूमनॉइड रोबोट का फैक्ट्रियों से निकल कर सार्वजनिक जगहों पर पहुंचना एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ये समझने में मदद मिलती है कि रोबोट पर्यावरण को समझने, चलने-फिरने और जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने में भी असरदार हैं। एक्सपर्ट ने बताया इस रोबोट को पेश करने का मकसद इंसान की नौकरी खाना नहीं है बल्कि उनके कामों को आसान करना है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी और दावे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और प्राथमिक रिपोर्टों पर आधारित हैं।
