छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड ऑफिस में एक शख्स ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। नाम ट्रांसफर से जुड़ी एक फाइल के खो जाने से नाराज युवक बादाम लेकर सरकारी दफ्तर पहुंचा और उसे स्टेट मैनेजर की टेबल पर उढ़ेलते हुए कहा कि इसे खाइये और याद आ जाए तो बता दीजिएगा कि फाइल कहां है।

इस विरोध का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। युवक का आरोप है कि वो करीब एक साल से दफ्तर के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी समस्या का निदान नहीं हो सका है। उसने बताया कि अधिकारी फाइल नहीं मिलने की बात कहकर उसे घुमा रहे हैं। ऐसे में उसने याददाश्त बढ़ाने के लिए महिला अधिकारी को बादाम दिए। इधर, अधिकारी पूनम बंजारे ने इसे अभ्रद व्यवहार बताते हुए कार्रवाई की बात कही है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार तिफरा इलाके के रहने वाले तरुण साहू ने बताया कि उन्होंने करीब एक साल पहले EWS फ्लैट रिसेल में खरीद कर उसकी रजिस्ट्री कराई थी। साथ ही नाम ट्रांस्फर के लिए अभिलाषा परिसर स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालट में सभी जरूरी कागजात जमा कर दिए थे। आमतौर पर यह प्रोसेस 1-2 महीने में पूरा हो जाता है। लेकिन इस मामले में 7 महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ऐसे में तरुण ने दफ्तर जाकर अपडेट लिया। यहां उप संपदा अधिकारी पूनम बंजारे ने बताया कि नाम ट्रांस्फर हो चुका है, लेकिन फाइल नहीं मिल रही है। आरोप है कि युवक ने बीते 6 महीने में दफ्तर के 50 से अधिक बार चक्कर लगाए। लेकिन हर बार यही जवाब मिला कि फाइल नहीं मिल रही है या खो गई है। पीड़ित के अनुसार इस वजह से उसका पैसा और समय दोनों बर्बाद हो रहा था।

इसी क्रम में युवक 17 अप्रैल को दफ्तर पहुंचा और अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। वो बादाम का आधा किलो का पैकेट लेकर पहुंचा और पूनम बंजारे की टेबल पर उढ़ेल दिया। ऐसा करते हुए उन्होंने कहा कि इसे खाइये और जब याद आ जाए कि फाइल कहां है तो मुझे भी बता दीजिएगा।

इस मामले में बिलासपुर हाउसिंग बोर्ड में स्टेट मैनेजर के पद पर तैनात पूनम ने संपदा अधिकारी से शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि तरुण ने दफ्तर पहुंच कर अभद्र व्यवहार किया। साथ ही गाली-गलौज भी की। टेबल पर बदाम फेंककर अपमानित किया। बिना अनुमति दफ्तर में वीडियो बनाया। ऐसा इसने तीसरी बार किया। लिखित शिकायत देते हुए उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।