Chef Vikas Khanna Interview: मशहूर भारतीय शेफ विकास खन्ना अपनी शानदार पाक कला और न्यूयॉर्क में उनके प्रसिद्ध रेस्तरां ‘बंगलो’ से लगभग हर कोई वाकिफ है लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनकी मां, बिंदू खन्ना की अपनी एक अलग और बेहद रोमांचक पहचान है। 80 वर्षीय बिंदू खन्ना कभी पायलट की ट्रेनिंग ले चुकी हैं और उन्हें पंजाब की पहली महिला ड्राइवर के रूप में भी याद किया जाता है।
हाल ही में ‘कर्ली टेल्स’ (Curly Tales) के एक खास एपिसोड में होस्ट काम्या जानी विकास खन्ना के परिवार से मिलने अमृतसर स्थित उनके घर पहुंचीं थी। इस बातचीत के दौरान बिंदू खन्ना ने बेहद भावुक होकर बताया कि अपने 80 साल के लंबे जीवन में यह पहली बार था, जब कोई खास तौर पर उनका इंटरव्यू लेने आया था या उन्होंने कैमरे के सामने अपनी बात रखी थी।
पंजाब की पहली महिला ड्राइवर
बातचीत के दौरान विकास खन्ना के बड़े भाई निशांत खन्ना ने अपनी मां के जीवन से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उनकी मां को पंजाब की पहली महिला ड्राइवर माना जाता है, जिन्होंने हाल ही में एक कार रैली में भी हिस्सा लिया था। बिंदू जी आज भी हर दिन गाड़ी चलाती हैं और कभी-कभी तो रात के 2 बजे भी उनका गाड़ी चलाने का मन कर जाता है।
अमृतसर से दिल्ली की एक यात्रा को याद करते हुए निशांत ने हंसते हुए बताया, “वह करीब 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रही थीं और मैं डर के मारे चीख रहा था। उस रफ्तार से वह अमृतसर से दिल्ली गाड़ी चलाकर ले गईं।”
राजीव गांधी के साथ ली थी पायलट की ट्रेनिंग
बिंदू खन्ना ने अपने अतीत का एक और सुनहरा पन्ना खोलते हुए बताया कि उन्होंने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी के साथ फ्लाइंग क्लब में विमान उड़ाने की ट्रेनिंग ली थी। हालांकि, उस दौर में शादी हो जाने के बाद वह विमानन क्षेत्र में अपना करियर आगे नहीं बढ़ा सकीं।
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अगर मैं जारी रखती, तो मैं नंबर एक पायलट होती।” इस पर शो की होस्ट काम्या ने तुरंत उनका हौसला बढ़ाते हुए जवाब दिया, “अभी भी गुंजाइश है।” निशांत ने यह भी जोड़ा कि आज भी जब उनकी माँ न्यूयॉर्क जाती हैं, तो वह पूरे सफर में अकेले ही विमान से यात्रा करती हैं।
सोशल मीडिया पर तारीफों का सैलाब
इंटरव्यू का यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया है और लोग बिंदू खन्ना के जज्बे को सलाम कर रहे हैं। दर्शकों ने कमेंट्स में उनकी जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “वह सचमुच एक प्रेरणा हैं।” एक अन्य ने गर्व जताते हुए टिप्पणी की, “आज भारत में महिला पायलटों का अनुपात दुनिया में सबसे अधिक है।”
इसके अलावा एक तीसरे यूजर ने स्पष्ट किया कि उनके पास प्राइवेट पायलट लाइसेंस था, जिसका इस्तेमाल लोग शौक या मनोरंजन के लिए उड़ान भरने के लिए करते हैं, न कि व्यावसायिक तौर पर करते हैं।
यह भी पढ़ें: बड़ा बेटा आर्मी चीफ, छोटा रियर एडमिरल और पिता लेफ्टिनेंट जनरल… इस वायरल ‘सैल्यूट’ ने जीता देश का दिल, देखें वीडियो
देश के नए सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने बुधवार को अपना पदभार संभाल लिया है। वे देश के 31वें सेना प्रमुख बने हैं। पदभार समारोह के दौरान जनरल धीरज सेठ ने कुछ ऐसा किया, जो कि सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। लोग उनके की काफी तारीफ कर रहे हैं, और सोशल मीडिया में उनके पदभार ग्रहण का वीडियो वायरल हो रहा है। पढ़िए पूरी खबर…
