पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव पक्की कलां से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गांव वाले चोरों से विनती कर रहे हैं कि वे उनके खेतों से पानी की मोटर चोरी न करें। इसके बदले वे उनके खाते में पैसे डाल देंगे।

दरअसल, पिछले कुछ समय से पक्की कलां गांव में खेतों से मोटर चोरी होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पहले एक-दो मामले सामने आते थे, लेकिन कुछ दिन पहले एक साथ 25 किसानों के खेतों से मोटर चोरी हो गईं। मोटरें काफी महंगी होती हैं, इसलिए किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

इसी नुकसान से बचने के लिए गांव वालों ने एक अनोखी अपील की है। उन्होंने पोस्टर लगाकर चोरों से कहा है कि वे मोटर चोरी न करें। इसके बजाय गांव में कहीं भी अपना QR कोड लगा दें, गांव वाले खुद उसे स्कैन करके पैसे दे देंगे।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस को भी शिकायत दी गई है, लेकिन अब तक आरोपी पकड़े नहीं जा सके हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह किसी एक व्यक्ति का काम नहीं है, बल्कि एक बड़ा गिरोह सक्रिय है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य हथियारों के साथ आते हैं और देर रात खेतों से मोटर चोरी करके फरार हो जाते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, पहले कुछ लोग अपनी मोटरों की सुरक्षा के लिए रात में खेतों में रुकते भी थे। लेकिन जब से चोर हथियार लेकर आने लगे हैं, लोगों ने अपनी सुरक्षा को देखते हुए खेतों में रात बिताना छोड़ दिया है।

आज तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, DSP ने भरोसा दिलाया है कि पुलिस जल्द ही चोरों को पकड़ लेगी और इस गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- जयपुर में 45 साल पुरानी नूरानी मस्जिद पर क्यों चला बुलडोजर?