Bihar Viral Video: चलती ट्रेन में एक ऐसी जानलेवा घटना सामने आई, जिसने लोगों के होश उड़ा दिए। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक रफ्तार पकड़ती ट्रेन की खिड़की से बाहर लटका नजर आ रहा है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि युवक किसी स्टंट या शौक के चलते खिड़की से बाहर नहीं लटका था, बल्कि उसके पीछे एक संदिग्ध मकसद छिपा था।

ट्रेन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही थी और युवक की नजर कोच के अंदर बैठे एक यात्री पर टिकी थी। मानो वह सही मौके का इंतजार कर रहा हो कि कब ट्रेन तेज रफ्तार पकड़े और वह अपने मकसद में कामयाब हो जाए। लेकिन अगले ही कुछ पलों में पूरा नजारा बदल गया। ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी, मगर युवक खिड़की के बाहर ही लटका रह गया। अब उसके सामने खुद को संभालने और गिरने से बचने की चुनौती थी।

चलती ट्रेन के बाहर लटके युवक का यह नजारा दिल दहला देने वाला था। जरा-सी चूक उसकी जान पर भारी पड़ सकती थी। कोच के अंदर बैठे यात्री भी इस खतरनाक स्थिति को देखकर सहमे हुए नजर आए। आखिर इस संदिग्ध युवक के साथ आगे क्या हुआ? क्या वह ट्रेन से गिर गया या फिर किसी तरह बच निकला? वायरल वीडियो में कैद इस पूरे घटनाक्रम ने लोगों का ध्यान खींचा है।

घटना कहा की है और और संदिग्ध क्यों लटका खिड़की से

घटना बिहार के भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन की है जहां एक संदिग्ध इंसान ट्रेन के अंदर मोबाइल चलाते हुए शख्स पर अपनी नजरे गाढ़ा हुआ था। जैसे ही ट्रेन चलना शुरु हुई और हल्की से तेज होने लगी तो इस शख्स ने ट्रेन में खिड़की के पास मोबाइल चलाने वाले व्यक्ति से उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। हालांकि, कोच के अंदर मौजूद यात्रियों ने तुरंत उसके हाथ पकड़ लिए जिसकी वजह से व्यक्ति भागने में कामयाब नहीं हो सका। इस बीच ट्रेन आगे बढ़ने लगी, लेकिन यात्रियों ने उसके हाथ नहीं छोड़े। देखते ही देखते वह चलती ट्रेन के बाहर लटका नजर आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चलती ट्रेन के साथ घिसटता रहा व्यक्ति

वायरल वीडियो में व्यक्ति चलती ट्रेन के बाहर लटका हुआ दिखाई देता है। वीडियो में वो खुद को संभालने की और लोगों से अपना हाथ छुड़ाने की कोशिश करता हुआ नजर आता है। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वो ट्रेन से कुछ दूरी तक घिसटता रहा और उसके बाद वो अपना हाथ लोगों से छुड़ाने में कामयाब रहा। वो तेजी से अपना हाथ छुड़ाकर प्लेटफॉर्म पर गिर गया।  इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों और व्यक्ति के खिलाफ की गई कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की कोई जानकारी नहीं है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देख लोगों की कैसी रही प्रतिक्रिया

सोशल मीडिया पर बिहार के भागलपुर में चलती ट्रेन से लटके संदिग्ध मोबाइल स्नैचर के वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस घटना ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। सोशल मीडिया पर चलती ट्रेन से लटकते व्यक्ति का दृश्य देखकर रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल चोरी की घटनाओं और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लोगों ने सवाल उठाएं। कुछ लोगों का मानना है कि वीडियो दिल को दहलाने वाला है लेकिन लोगों के लिए सबक भी है कि खुले दरवाजों और खिड़कियों के पास बैठे यात्रियों को अपने मोबाइल या सामान की हिफाजत करना जरूरी है। एक सोशल मीडिया यूजर ने इस घटना पर सवाल उठाते हुए लिखा कि मोबाइल चोरी करने वाला व्यक्ति आरोपी हो सकता है, लेकिन उसे चलती ट्रेन से लटकाए रखना उसकी जान लेने की कोशिश जैसा है। उनके मुताबिक, चोरी और किसी की जान जोखिम में डालना, दोनों गलत हैं। उन्होंने कहा कि संदिग्ध को पकड़ना ठीक था, लेकिन इसके बाद तुरंत ट्रेन की चेन खींचकर उसे RPF के हवाले कर देना चाहिए था। 

एक अन्य पोस्ट में यूजर ने कहा कि एक व्यक्ति ने चलती ट्रेन में एक महिला के हाथ से मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला ने उसका हाथ पकड़ लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे अपराधों को आखिर कैसे कंट्रोल किया जा सकता है? कुल मिलाकर, सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर दो तरह के विचार सामने आ रहे हैं। कुछ लोग मोबाइल छीनने की कोशिश करने वाले व्यक्ति को पकड़ने की कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं, जबकि अन्य लोगों का मानना है कि कानून हाथ में लेने के बजाय उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर रेलवे पुलिस के हवाले करना चाहिए।

ऐसी स्थिति में यात्रियों को क्या करना चाहिए?

चोरी की कोशिश होने पर रेलवे कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) या राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को सूचना देना चाहिए। चलती ट्रेन के बाहर किसी व्यक्ति को पकड़कर रखने या उससे भिड़ने से बचें। रेलवे से संबंधित शिकायत और सहायता के लिए RailMadad प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।

डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो के आधार पर तैयार की गई है। घटना के सभी पहलुओं और कथित चोरी के आरोप की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाना चाहिए।