मैट्रिमोनियल वेबसाइट भारत मैट्रिमोनी होली के अवसर पर महिलाओं से जुड़ा एक विज्ञापन जारी कर विवादों में आ गया है। इस विज्ञापन को लेकर कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स भारत मैट्रिमोनी को हिन्दूफ़ोबिक बताते हुए कई तरह के सवाल कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने सवाल किया कि हर बार हिन्दू त्योहारों की ही क्यों निशाना बनाया जाता है।
जानिए भारत मैट्रिमोनी के एड पर क्यों हो रहा विवाद?
मैट्रिमोनियल वेबसाइट भारत मैट्रिमोनी ने एक एड में दिखाया कि होली खेलने के दौरान महिलाओं को परेशान किया जाता है। इसके कारण बहुत सारी महिलाओं ने होली खेलना बंद कर दिया है। इस एड के जरिये यह सन्देश दिया गया कि आप महिला दिवस मनाएं और खुद को सुरक्षित रखें। बता दें कि भारत मैट्रिमोनी के एड में दिखाया गया,’एक महिला के चेहरे पर कई रंग लगे हैं, जिसके बाद वह वाशरूम में जाकर अपना चेहरा धुलती है। उसके चेहरे पर चोट के बहुत सारे निशान दिखाई देते हैं।’
इस वीडियो के नीचे एक सन्देश दिया जाता है। जिसमें लिखा होता है,’कुछ निशान ऐसे होते हैं, जो कभी नहीं धुलते हैं। उसे आसानी से छिपाया नहीं जा सकता है। होली के दिन जो महिलाओं के साथ होता है, वो किसी तरह के ट्रॉमा से कम नहीं। इसकी वजह से एक तिहाई महिलाओं ने होली खेलना छोड़ दिया है। इसलिए… इस होली आप महिला दिवस मनाएं और उन्हें हर दिन सुरक्षित रहने का अनुभव कराएं।’
मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर लोगों ने उठाये सवाल
भारत मैट्रिमोनी के इस एड का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद यूजर्स ने भारत मैट्रिमोनी के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह के एड केवल हिन्दू त्योहारों पर ही क्यों बनाये जाते हैं? कुछ लोग ट्विटर पर बॉयकॉट भारत मैट्रिमोनी ट्रेंड चला रहे हैं तो वहीं कुछ लोग हैशटैग के साथ हिन्दूफोबिक लिख रहे हैं।
विजय पटेल नाम के एक यूजर ने लिखा- क्या आप लोग बेशर्म हो? क्या आपको हिंदू ग्राहक नहीं चाहिए या आपको हिंदू ग्राहकों की परवाह नहीं है? अपने विज्ञापन को अपने सभी प्लेटफॉर्म से हटा दें और बिना शर्त माफी मांग लें, अन्यथा आपकी कंपनी के खिलाफ हिंदुओं द्वारा एक कैंपेन शुरू किया जाएगा।
विनीत नाम के एक यूजर द्वारा कमेंट किया गया- क्या यह ज्ञान आप किसी और दिन नहीं दे सकते? भाई कोई त्यौहार तो बिना गिल्ट पैदा करने की कोशिश के मनाने दो हिंदुओं को। तुम्हारी वजह से भी पता नहीं कितने लोगों की शादियों में धोखा हुआ होगा, कभी उनका ख्याल किया है? पूरी तरह से बायकॉट करो इनका।
नीरज नाम के एक यूजर ने लिखा कि हिंदुओं और हिंदू त्योहारों से इतनी नफरत क्यों? सदियों से भारत में विविधता के रंग भर रहे त्योहार होली का अपमान करने वाले भारत मैट्रिमोनी का संपूर्ण बहिष्कार किया जाना चाहिए ताकि आगे से कोई ऐसी जुर्रत नहीं कर सके।
पहले भी विज्ञापनों पर हो चुका है विवाद
पिछले साल ऑनलाइन फूड डिलीवरी फर्म जोमैटो को विवादों के कारण अपना एक विज्ञापन डिलीट करना पड़ा था। इस विज्ञापन में ऋतिक रोशन ने कहा था कि उन्हें थाली का मन किया उज्जैन में, तो महाकाल से मंगा लिया। इस बात पर पुजारियों ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि महाकाल मंदिर से कोई थाली डिलीवर नहीं की जाती है। यह हिन्दू भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला विज्ञापन है। वहीं, मान्यवर के ब्राइडल कलेक्शन को लेकर भी खूब हंगामा हुआ था। दरअसल, इस एड में आलिया भट्ट ने अपनी परवरिश के बारे में बात करते हुए कन्यादान की परंपरा पर सवाल उठाया था।