scorecardresearch

सारस को चिड़ियाघर भेज दिया, गोलू का क्या?- अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कसा तंज, आ रहे ऐसे रिएक्शन

सारस और आरिफ की दोस्ती चर्चा में आ जाने के बाद वन अधिकारियों के आदेश पर 21 मार्च को राजकीय पक्षी सारस को रायबरेली के पक्षी बिहार पहुंचा दिया गया।

Saras II Akhilesh Yadav II Arif
आरिफ-सारस के साथ अखिलेश यादव (फोटो सोर्स- ट्विटर)

अमेठी के मोहम्मद आरिफ और सारस की दोस्ती की खूब चर्चा हुई। समाजवादी पार्टी के राष्टीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आरिफ-सारस की दोस्ती देखने के लिए भी पहुंचे थे। इसके बाद आरिफ-सारस की दोस्ती की चर्चा मीडिया और सोशल मीडिया में भी आ गई। हालांकि अब सारस को वन विभाग की टीम उठा ले गई और आरिफ को वन विभाग ने नोटिस थमा दिया है। इसी पर अखिलेश यादव ने तंज कसा है।

सारस को वन विभाग द्वारा कब्जे में लिए जाने के बाद से ही अखिलेश यादव लगातार इस मुद्दे पर ट्वीट कर रहे हैं। अब अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा है कि “सारस को तो कानपुर चिड़ियाघर भेज दिया… क्या गोलू को भी गोरखपुर चिड़ियाघर भेजेंगे?” सोशल मीडिया पर लोग इस पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

@DineshRawat888 यूजर ने लिखा कि अखिलेश जी गोलू एक कुत्ता है और सारस राज्यपक्षी… आप मुख्यमंत्री रहे हो, आपको इतनी जानकारी तो होनी चाहिए कि सारस और गोलू के लिए संविधान में अलग अलग नियम बने हैं, जिसका पालन सभी को करना होता है। एक यूजर ने लिखा कि वाह इसके ऊपर भी राजनीति होती है। विक्रम नाम के यूजर ने लिखा कि अरे वाह! नेता जी, आपने बहुत सोच समझकर इतना गंभीर मुद्दा उठाया है। आशा है कि आप इसी प्रकार के मुद्दे ट्वीटर के माध्यम से उठाते रहेंगे।

अजीत कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि सारस के अलावा और कोई मुद्दा नहीं है क्या? अखिलेश भैया के पास जनहित के मुद्दे भी बहुत से हैं लोगों के इस पर ध्यान दिया जा सकता है। एक यूजर ने लिखा कि राजनीति अपनी जगह है पर सारस को आरिफ को सौंप देना चाहिए, दोनों की दोस्ती काफी अच्छी है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि माननीय अखिलेश यादव जी यही भाषा आप लोगों को जनता से दूर करते जा रही है, आप 2014/ 2017/2019/2022 से सबक नहीं ले पाये और अब ऐसे निजी टिप्पणी करने से अच्छा जनता के मुद्दों पर बात करें अच्छा होगा।

बता दें कि सारस और आरिफ की दोस्ती चर्चा में आ जाने के बाद वन अधिकारियों के आदेश पर 21 मार्च को राजकीय पक्षी सारस को रायबरेली के पक्षी बिहार पहुंचा दिया गया। वहीं अब वन विभाग के गौरीगंज रेंज के अधिकारियों ने आरिफ को नोटिस जारी कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच सहायक वन संरक्षक रणवीर मिश्र को दी गई है. 2 अप्रैल को आरिफ को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

पढें ट्रेंडिंग (Trending News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 26-03-2023 at 11:53 IST