साहित्य जगत का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान ‘नोबेल पुरस्कार 2026 कनाडाई लेखिका ऐनी कार्सन के नाम रहा। स्वीडिश अकादमी ने प्राचीन परंपराओं और आधुनिक साहित्य के अद्भुत संगम के लिए उनके नाम का ऐलान किया है। कनाडा की प्रसिद्ध कवयित्री और निबंधकार ऐनी कार्सन (Anne Carson) क्लासिकल ग्रीक साहित्य को आधुनिक रूप देने के लिए पहचानी जाती है। ऐनी कार्सन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बीच उनका एक अनोखा ‘भारत कनेक्शन’ भी चर्चा में आ गया है। उनके भाई माइकल कार्सन का जीवन भारत की यादों से जुड़ा रहा, जिसे ऐनी ने अपनी चर्चित किताब ‘Nox’ में पिरोया है। दशकों तक गायब रहे उनके भाई माइकल की भारत यात्राओं और स्मृतियों का जिक्र ऐनी की सबसे चर्चित कृतियों में से एक ‘Nox’ में किया गया है।

ऐनी कार्सन कौन है और भारत में कब तक रहे उनके भाई?

ऐनी कार्सनसाहित्य की दुनिया में नोबेल पुरस्कार जीतने वाली कनाडाई लेखिका हैं जिनके बड़े भाई माइकल कार्सन ने अपनी जिंदगी के करीब दो दशक भारत और यूरोप में बिताए थे। उनकी जिंदगी और रहस्यमयी मौत ने ऐनी को एक ऐसी किताब लिखने के लिए प्रेरित किया, जिसने दुनियाभर में साहित्य प्रेमियों का ध्यान खींचा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐनी कार्सन के भाई माइकल कार्सन साल 1979 में कनाडा छोड़कर चले गए थे। माना जाता है कि  कनाडा छोड़ने का उनका मकसद  ड्रग्स तस्करी मामले में गिरफ्तारी से बचना था। इसके बाद उन्होंने फर्जी पासपोर्ट के सहारे भारत और यूरोप के अलग-अलग हिस्सों में कई साल बिताए।माइकल करीब 22 साल तक अपने परिवार से दूर रहे। इस दौरान उन्होंने परिवार से बहुत कम संपर्क किया। बाद में वह डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में रहने लगे, जहां साल 2000 में 55 साल की उम्र में उनकी मौत हो गई।

भाई की याद में ऐनी कार्सन ने लिखी ‘Nox’

अपने भाई की जिंदगी, उनसे जुड़ी यादों और उनकी मौत को ऐनी कार्सन ने अपनी किताब ‘Nox’ में दर्ज किया। साल 2010 में प्रकाशित यह किताब एक पारंपरिक संस्मरण से काफी अलग है। इसमें तस्वीरें, चिट्ठियां, कविताएं, अनुवाद, चित्र और दूसरी यादगार चीजें शामिल हैं।इस किताब में कश्मीर से जुड़ी कुछ चीजें भी शामिल थीं। इनमें होटल के कागज और एक ऐसी चिट्ठी का जिक्र मिलता है, जिसके माइकल द्वारा कश्मीर से लिखे जाने की संभावना जताई गई थी।

ऐनी बचपन में अपने बड़े भाई को अपना आदर्श मानती थीं। एनी अपने भाई से आखिरी बार मिलना चाहती थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, माइकल ने अपनी मौत से कुछ दिन पहले साल 2000 में कोपेनहेगन से ऐनी के ऑफिस में फोन किया था। उन्होंने ऐनी को उनके बचपन के निकनेम ‘Pinhead’ से पुकारते हुए मिलने आने को बुलाया था। लेकिन किस्मत की मार ऐसी थी कि जब तक ऐनी उनसे मिलने पहुंची माइकल इस दुनिया से जा चुके थे। एनी के जाने से करीब एक सप्ताह पहले ही माइकल की मौत हो गई थी।

क्या है ‘Nox’ किताब की खासियत?

ऐनी की किताब ‘Nox’ का नाम रोमन पौराणिक कथाओं में रात की देवी के नाम पर रखा गया है। ऐनी कार्सन ने इस किताब को रोमन कवि कैटुलस की कविता 101 से भी जोड़ा है। यह कविता अपने उस भाई की याद में लिखी गई थी, जिसकी मौत घर से दूर हुई थी। किताब को एक डिब्बे में रखी अकॉर्डियन शैली में खुलने वाली लंबी शीट के रूप में तैयार किया गया था। इसमें तस्वीरों, चिट्ठियों और दूसरे दस्तावेजों के जरिए माइकल की जिंदगी के बिखरे हुए हिस्सों को जोड़ने की कोशिश की गई है। ऐनी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह इस किताब को सिर्फ दुख या शोक के बारे में लिखी गई रचना नहीं मानतीं। वो इस किताब को लिखते समय दूसरे लोगों और उनके इतिहास को समझने की कोशिश कर रही थीं।

नोबेल समिति ने भी ‘Nox’ का किया जिक्र

नोबेल पुरस्कार की घोषणा के बाद समिति ने ‘Nox’ को एक यादगार रचना बताया। समिति के मुताबिक, यह किताब एक ऐसी साहित्यिक कृति है, जिसमें तस्वीरों, चिट्ठियों और अन्य लिखित सामग्री के जरिए एक दिवंगत भाई की यादों को संजोया गया है। ऐनी कार्सन को 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार उनकी साहसी और रचनात्मक साहित्यिक कृतियों के लिए दिया गया। नोबेल समिति के अनुसार, उनकी रचनाओं ने शास्त्रीय साहित्यिक परंपरा के साथ नए प्रयोग करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप विकसित किए हैं।