बॉलीवुड की रॉमकॉम फिल्म वेलकम को रिलीज हुए 15 साल से ज्यादा समय बीत चुके हैं। लेकिन आप भी फिल्म में दिखाया गया अनिल कपूर का आइकॉनिक किरदार ‘मजनू भाई’ फैंस के बीच अलग स्थान रखता है। खासतौर पर फिल्म में दिखाई गई उनकी अजीबोगरीब पेंटिंग जिसमें घोड़े पर गधे की पेंटिंग बनाई गई थी। केवल वह पेंटिंग आज भी सोशल मीडिया पर मीम्स और मजेदार रीक्रिएशन का हिस्सा बनी रहती है।
अब यही वायरल पेंटिंग एआई की मदद से बने एक काल्पनिक मेट गाला 2026 लुक में नजर आ रही है। एआई जनरेटेड एक इमेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें अनिल कपूर उस ‘मशहूर’ पेंटिंग वाली आउटफिट पहने दिखाई दे रहे हैं। खुद अभिनेता ने भी इस तस्वीर को एक्स पर शेयर किया है।
वायरल तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल कपूर ने लिखा, “जब मेट गाला की मुलाकात मजनू भाई से हुई। @cultr_IN ने साबित कर दिया कि कला की कोई सीमा नहीं होती!” बता दें कि @cultr_IN ने ही मूल रूप से यह तस्वीर जेनरेट करके शेयर की जो आग की तरह फैल गई।
अनिल कपूर की इस पोस्ट पर फैंस ने भी जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “अब बैकग्राउंड में ‘लैला लैला लैला मजनू’ गाना सुनाई दे रहा है।” वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “सर, वेलकम फिल्म इतनी लेजेंडरी है कि लोग आज भी मजनू भाई को नहीं भूले।”
एक अन्य यूजर ने अनिल कपूर की फिटनेस की तारीफ करते हुए लिखा, “आप खुद को इतना फिट कैसे रखते हैं? आपको देखकर लगता है उम्र सिर्फ एक नंबर है।” मालूम हो कि साल 2007 में रिलीज हुई वेलकम आज भी बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाती है। यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों को एंटरटेन करती है।
एक पुराने इंटरव्यू में अनिल कपूर ने बताया था कि ‘मजनू भाई’ उनका पसंदीदा किरदारों में से एक है। उन्होंने कहा था कि यह किरदार उनके लिए काफी नैचुरल था और को-एक्टर नाना पाटेकर की मौजूदगी ने इसे निभाना और आसान बना दिया।
काम की बात करें तो अनिल कपूर आखिरी बार सूबेदार में नजर आए थे। इस प्रोजेक्ट में राधिका मदान, मोना सिंह, नाना पाटेकर और सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिकाओं में थे।
डिस्क्लेमर: यह तस्वीर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गई एक काल्पनिक और रचनात्मक प्रस्तुति है। इसका वास्तविक Met Gala 2026 या किसी आधिकारिक फैशन इवेंट से कोई संबंध नहीं है। तस्वीर केवल मनोरंजन और डिजिटल आर्ट के उद्देश्य से साझा की गई है।
