पंजाब में प्रचंड बहुमत प्राप्त करने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनके शपथ समारोह से पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर बधाई दी है। अखिलेश के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स पूछने लगे कि क्या अगली बार आम आदमी पार्टी से गठबंधन होगा?
अखिलेश ने यूं दी बधाई : सपा प्रमुख ने भगवंत मान को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री को शपथ समारोह के लिए अनंत बधाई व शुभकामनाएं। अखिलेश ने आगे लिखा, ‘ आता है उनके कुशल नेतृत्व में पंजाब में तरक्की, भाईचारे और नए नजरिए की फसल खूब लहलहाएगी। अखिलेश के इसी ट्वीट पर लोगों के कमेंट आने लगे।
लोगों की प्रतिक्रिया : भगवा नाम के एक ट्विटर हैंडल से कमेंट किया गया कि लगता है समाजवादी पार्टी का अगला गठबंधन आम आदमी पार्टी से होगा। अजय राहुल नाम के एक टि्वटर हैंडल से लिखा गया – आप कब मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे? वैसे आपके ट्वीट से लग रहा है कि 2024 में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करेंगे।
कुंदन मिश्रा लिखते हैं, ‘लहलहाती फसल काट के तो इन्होंने शपथ समारोह आयोजित किया है आगे नई फसल लहलहाएगी। ये तो भविष्य ही बताएगा। वैसे आप यह बताइए कि अगला चुनाव आम आदमी पार्टी के साथ लड़ने पर विचार कर रहे हैं क्या? अनुभव त्रिपाठी ने कमेंट किया कि काश इस तरह की शुभकामनाएं आपके लिए भी आई होती। पवन सिंह ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए लिखा कि अब खुद सीएम नहीं बन पाए तो दूसरों को बधाई दे रहे हैं। वैसे बुलडोजर बाबा के शपथ ग्रहण समारोह में जरूर आना।
इन पार्टियों के साथ हो चुका है गठबंधन : 2017 विधानसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव की पार्टी ने कांग्रेस पार्टी के साथ चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने बसपा के साथ हाथ मिलाया था लेकिन उससे भी परिणाम अच्छा नहीं आया। वहीं यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में भी अखिलेश यादव ने आरएलडी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सहित कई क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन किया था।
