समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव के बिना यादव परिवार पहली होली बड़ी सादगी के साथ मना रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव व समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कुछ तस्वीरें साझा की हैं।
अखिलेश यादव ने शेयर की तस्वीर
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह यादव की तस्वीरों पर पुष्प चढ़ाते हुए फोटो साझा की। जिसके साथ उन्होंने लिखा, ‘अबकी इन फूलों के रंग कहां इतने गहरे लगते हैं, इस बार तो मेले के झूले भी ठहरे ठहरे – लगते हैं।’
शिवपाल यादव ने भावुक पोस्ट करते हुए लिखा कि यह होली बिना रंगों की है, आदरणीय नेताजी के बिना सैफई की होली की कल्पना करना मुश्किल है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हम सभी पर पूज्य नेताजी का स्नेह, आशीर्वाद और विचारों के विविध रंग बरसते रहें। नेताजी हमारी स्मृतियों में सदैव अमर रहें।
मुलायम के निधन के बाद से एकजुट हो गया है परिवार
बीते साल 10 अक्टूबर को मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया था। जिसके बाद से ही पूरा परिवार एक साथ नजर आने लगा। शिवपाल यादव अपने भाई के निधन के बाद अखिलेश यादव के साथ चट्टान की तरह खड़े दिखाई दिए।अखिलेश यादव से गिले- शिकवे दूर कर शिवपाल यादव ने अपनी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का भी विलय समाजवादी पार्टी में कर लिया था।
जानकारी के लिए बता दें कि सपा में वापस आने के बाद शिवपाल यादव लगातार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2014 के लिए शिवपाल यादव तैयारी करने में लगे हुए हैं। अखिलेश यादव की इन दिनों लगातार दौरे कर रहे हैं और सपा को मजबूत करने में लगे हुए हैं।