Google Trends: सोचिए, एक फ्लाइट… एक आम सा लेओवर… और अचानक पूरी जिंदगी ही पलट जाए! ऐसा ही कुछ हुआ एयर इंडिया के एक को-पायलट के साथ, जो 14 अप्रैल को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को एक “पोजिशनिंग क्रू” के तौर पर गया था। मतलब, उसे वहां पहुंचकर आगे की फ्लाइट उड़ानी थी। लेकिन उसे क्या पता था कि यह सफर उसके करियर का सबसे बड़ा बुरा टर्निंग पॉइंट बन जाएगा।
सैन फ्रांसिस्को इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जब वह सामान्य बैग चेक से गुजर रहा था, तभी अमेरिकी कस्टम्स और बॉर्डर प्रोटेक्शन की टीम ने उसके सामान की जांच की। और यहीं से मामला बिगड़ गया। जांच के दौरान उसके बैग में कथित तौर पर गांजा (Marijuana) मिला। अब कहानी में ट्विस्ट ये है कि अमेरिका के कई राज्यों में भले ही इसके सीमित इस्तेमाल की अनुमति हो, लेकिन एयरपोर्ट, अंतरराष्ट्रीय यात्रा और फेडरल कानूनों के हिसाब से नियम बेहद सख्त हैं। और सबसे बड़ी बात – रिपोर्ट्स के मुताबिक, पायलट ने इसका सेवन नहीं किया था, लेकिन सिर्फ अपने साथ रखना ही उसके लिए भारी पड़ गया।
बस फिर क्या था, अधिकारियों ने तुरंत उसे “इनएडमिसिबल” यानी प्रवेश के लिए अयोग्य घोषित कर दिया। न कोई लंबी बहस, न कोई दूसरा मौका—सीधा फैसला: वापस भारत भेजा जाएगा।
एयर इंडिया ने भी इस मामले पर तुरंत प्रतिक्रिया दी और खुद को इससे अलग कर लिया। एयरलाइन ने साफ कहा कि उनका क्रू मेंबर स्थानीय कानूनों के तहत देश में प्रवेश के योग्य नहीं पाया गया, इसलिए उसे भारत वापस भेज दिया गया है। कंपनी ने यह भी दोहराया कि वह किसी भी तरह के कानून उल्लंघन पर “जीरो टॉलरेंस” रखती है और अपने कर्मचारियों से सबसे ऊंचे स्तर के प्रोफेशनल व्यवहार की उम्मीद करती है।
साथ ही एयर इंडिया ने यह भी कहा कि सुरक्षा, अनुशासन और नियमों का पालन उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इस मामले में तय नीति के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेकिन सवाल यहीं खत्म नहीं होते… क्योंकि यह पहली बार नहीं है जब एयर इंडिया के किसी क्रू मेंबर को लेकर विवाद हुआ हो। पिछले साल दिसंबर में भी एक कप्तान को वैंकूवर एयरपोर्ट पर दो बार ब्रीथ एनालाइज़र टेस्ट में फेल होने के बाद ग्राउंड कर दिया गया था।
इस बार को-पायलट को अगली फ्लाइट से भारत भेज दिया गया, लेकिन यह घटना एक बार फिर चर्चा में है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में काम करने वाले क्रू मेंबर्स की प्रोफेशनल जिम्मेदारी कितनी बड़ी होती है – और एक छोटी सी चूक कैसे पूरी करियर लाइन हिला सकती है।
यह भी पढ़ें: Google Trends: दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ी हवा और बढ़ी गर्मी, ‘खराब’ AQI से GRAP लागू, पारा 40°C के पार
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर फिलहाल दूर तक नजर आ रही है। एक तरफ हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है, तो दूसरी ओर गर्मी भी तेजी से अपना असर दिखाने लगी है। हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण को लागू कर दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
