अहमदाबाद में गरबा की धूम है, यहां 84 कमर्शियल गरबा का आयोजन किया गया है। इसके अलावा सड़कों और सोसायटियों में 1,300 शेरी (सामुदायिक) गरबा स्थल हैं। इन उत्सव भरी रातों के लिए पूरे शहर में लगभग 14,000 पुलिसकर्मी और होम गार्ड तैनात हैं। महिला पुलिस अधिकारी ट्रेडिशनल कपड़ों में गरबा कर रही हैं और साथ ही मनचलों पर भी नजर रख रही हैं। इनमें से कई महिला अधिकारी के वीडियो वायरल हो रहे हैं, अपनी पहचान उजागर होने पर वे कहती हैं कि हम लोगों के लिए मिस्टर इंडिया की तरह हैं।

नवरात्रि के दौरान हर शाम इंस्पेक्टर चंद्रिका आसुंद्रा चनिया-चोली पहनकर गरबा स्थल पर पहुंचती हैं। 38 साल की इंस्पेक्टर वहां मौजूद लोगों के साथ संगीत की धुन पर थिरकती हैं, लेकिन उनकी नज़रें हर कोने पर टिकी रहती हैं।

आसुंद्रा वडोदरा की ‘एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट’ (मानव तस्करी विरोधी इकाई) की प्रमुख हैं, शहर की ‘SHE टीम’ का भी हिस्सा हैं। यह गुजरात पुलिस की एक विशेष इकाई है जो महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान देती है। वह पिछले दो सालों से ऐसा कर रही हैं और उनके साथ कई अन्य महिला अधिकारी भी इस काम में शामिल हैं। आसुंद्रा कहती हैं, “हम बिल्कुल ‘मिस्टर इंडिया’ की तरह हैं। हम आस-पास ही होते हैं लेकिन किसी को दिखाई नहीं देते।”

वह बताती हैं, “चाहे हम वर्दी में हों या पारंपरिक कपड़ों में हमारा शरीर का पोस्चर और सतर्कता एक जैसी ही रहती है। हमारा आत्मविश्वास भी उतना ही बना रहता है। इसमें मज़ा भी आता है, क्योंकि लोग हमें पहचान नहीं पाते और हम गरबा करते हुए भी अपना काम जारी रख सकती हैं।” आसुंद्रा आगे कहती हैं, “जब हम वर्दी में होते हैं तो लोग आमतौर पर अच्छा बर्ताव करते हैं लेकिन जब वे हमें पहचान नहीं पाते तो हमें उनका असली रूप देखने को मिल जाता है।”

साक्षात मां जगदंबा… छोटी कन्या का दिव्य रूप देख भाव विभोर हुआ परिवार, पूजा करते समय आंखों से बहने लगे आंसू- Viral Video

गरबा सुरक्षा की चुनौती

गरबा अब बहुत बड़े आयोजन बन गए हैं और कई कार्यक्रम स्थल शहर के बाहरी इलाकों में हैं। नवरात्रि के दौरान गुजरात पुलिस का सबसे बड़ा तैनाती अभियान होता है। इन नौ रातों के उत्सव के दौरान हजारों पुलिसकर्मी और अधिकारी ड्यूटी पर रहते हैं जो कंट्रोल सेंटर से निगरानी रखते हैं और सड़कों पर गश्त करते हैं। 2014 से गुजरात पुलिस में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण है। इसलिए पुलिस बल में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी हैं जो नवरात्रि के दौरान फील्ड पर तैनात रहती हैं।

सब-इंस्पेक्टर हेतल जडेजा 2022 से गरबा आयोजनों में ड्यूटी कर रही हैं। अब वह अपनी खुद की टीम का नेतृत्व करती हैं। सब-इंस्पेक्टर जडेजा बताती हैं कि अंडरकवर (सादे कपड़ों में) ड्यूटी करने का एक फायदा यह भी है, “ड्यूटी के दौरान सभी को थोड़ा ‘तीन ताली’ यानी गरबा करने का मौका मिल जाता है, क्योंकि नवरात्रि में महिला पुलिसकर्मियों को शायद ही कभी छुट्टी मिलती है।”

जब उनसे पूछा गया कि गरबा स्थलों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की क्या जरूरत है, तो सब-इंस्पेक्टर जडेजा (जो पहले सूरत में भी काम कर चुकी हैं) बताती हैं, “हम महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम तो चलाते ही हैं, लेकिन अधिकारियों को लगा कि महिला पुलिसकर्मियों का सादे कपड़ों में तैनात रहना ज्यादा असरदार होगा। गरबा स्थलों पर वर्दी में पुलिस को देखकर शायद कुछ देर के लिए लोग सतर्क हो जाएं, लेकिन जब कई जगहों पर यह पता हो कि सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी मौजूद हो सकती हैं तो इसका डर ज्यादा प्रभावी होता है।”

इस साल अहमदाबाद में 84 कमर्शियल गरबा आयोजन और सड़कों व सोसायटियों में 1,300 ‘शेरी’ (सामुदायिक) गरबा आयोजित हो रहे हैं। पूरे शहर में, इन उत्सव की रातों के लिए लगभग 14,000 पुलिसकर्मी और होम गार्ड ड्यूटी पर तैनात हैं। इनमें 49 ‘SHE’ (शी) टीमें शामिल हैं, जिनमें कुल 300 कर्मचारी हैं। नवरात्रि की पहली तीन रातों (11-13 अक्टूबर) में, इन ‘SHE’ टीमों ने 65-80 कमर्शियल और 340-350 ‘शेरी’ गरबा स्थलों का दौरा किया।

सब-इंस्पेक्टर जडेजा ने कहा, “गरबा के आयोजन स्थलों की संख्या हर साल बढ़ती जा रही है। मंडली गरबा जहां पारंपरिक वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल होता है वहां आधी रात को लाउडस्पीकर बंद कर दिए जाते हैं, लेकिन गरबा चलता रहता है। ये अगले दिन सुबह 5 बजे तक भी चल सकते हैं। इसलिए पुलिस टीमों को लंबे समय तक मैदान में रहना पड़ता है।”

महिला पुलिस अधिकारियों को करना पड़ता है चुनौतियों का सामना

गरबा ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिनमें भाषा की बाधाएं और पीढ़ीगत अंतर (generation gaps) शामिल हैं। अहमदाबाद शहर में महिला अपराध शाखा की प्रमुख, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) हिमाला जोशी ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया, “अहमदाबाद में अलग-अलग राज्यों के लोग रहते हैं, जिनमें पढ़ाई के लिए आए युवा और प्रवासी मजदूर शामिल हैं।

जब वे मदद के लिए कॉल करते हैं तो पुलिस को गुजराती के अलावा अन्य भाषाओं- जैसे अंग्रेजी और हिंदी में भी बात करने में सक्षम होना चाहिए। हम ‘जेन जेड’ (Gen Z) तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं ताकि वे मदद मांगने में हिचकिचाएं नहीं। हम पुलिस और जनता के बीच की किसी भी दूरी को खत्म करना चाहते हैं।”

वडोदरा में ज़ोन 2 की डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) मंजिता वंजारा ‘SHE टीमों’ का नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने बताया, “हम आयोजन स्थलों के बाहर और रास्ते के सुनसान हिस्सों में भी मौजूद रहते हैं। पुलिस टीमों की मौजूदगी – चाहे वे वर्दी में हों या सादे कपड़ों में – यह सुनिश्चित करती है कि कार्यक्रम में प्रवेश करते समय या देर रात घर लौटते समय होने वाले विवादों को समय रहते सुलझा लिया जाए।”

वंजारा के अनुसार, इन भीड़-भाड़ वाली जगहों पर ड्यूटी के लिए महिला अधिकारियों को एक महीने की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। एक तकनीकी टीम ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ (AI) के जरिए बैकएंड से मदद देती है और आयोजक पुरुष व महिला प्रतिभागियों और दर्शकों की संख्या का रिकॉर्ड रखते हैं। वंजारा कहती हैं, “SHE टीम के सदस्यों को गरबा प्रतिभागियों के रूप में भेजने का मकसद प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करना है। 50,000 लोगों की भीड़ में पुलिस असामाजिक तत्वों पर नज़र रखती है और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तुरंत हस्तक्षेप करती है।”

ये टीमें शाम 7:30 बजे इकट्ठा होती हैं, ब्रीफिंग में हिस्सा लेती हैं और फिर अलग-अलग आयोजन स्थलों के लिए रवाना हो जाती हैं। कुछ जगहों पर इन अंडरकवर (सादे कपड़ों वाली) पुलिसकर्मियों को विशेष पास दिए जाते हैं, ताकि कोई और व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर धोखा न दे सके। इनकी शिफ्ट आमतौर पर रात 2 बजे तक या फिर आयोजन स्थल पूरी तरह खाली होने तक चलती है जो भी बाद में हो।

इंस्पेक्टर आसुंद्रा कहती हैं, “नवरात्रि की नौ रातों के दौरान, दिन का समय काफी शांत रहता है क्योंकि ज्यादातर लोग सुबह तक जागते हैं, इसलिए दिन के समय अपराध दर और पुलिस को आने वाली कॉल की संख्या कम होती है लेकिन इन भीड़-भाड़ वाली रातों में पुलिस की व्यवस्था कुछ वैसी ही होती है, जैसी किसी VIP ड्यूटी के दौरान होती है।” वे आगे कहती हैं, “हमारी आम नाइट ड्यूटी उबाऊ होती है लेकिन गरबा की रातें इसे काफी रंगीन बना देती हैं। इसमें हमें सजने-संवरने और नाचने का मौका भी मिल जाता है, यह कभी भी बोझ नहीं लगता।”

महिला अधिकारियों ने बताया कि मॉर्फिंग और डॉक्सिंग जैसे साइबर अपराध बढ़ रहे हैं। इसलिए, गरबा स्थलों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे उन लोगों पर नज़र रखें जो छिपकर महिलाओं की रिकॉर्डिंग कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चुपचाप एक तरफ ले जाकर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए- जैसे कि उनसे तस्वीरें डिलीट करवाना और उन्हें चेतावनी देना।

गरबा स्थल पर ही काम खत्म नहीं हो जाता

राजकोट के भक्तिनगर पुलिस स्टेशन की ‘SHE टीम’ (महिला सुरक्षा टीम) की कॉन्स्टेबल जागृति चावड़ा और सुजाता परमार 2022 से ही नवरात्रि के दौरान अंडरकवर (सादे कपड़ों में) रहकर काम कर रही हैं। राजकोट सिटी महिला शाखा की इंस्पेक्टर रिकिता पाढियार ने बताया कि वे 48 सदस्यों वाली उस टीम का हिस्सा हैं, जो 12 पुलिस स्टेशनों में तैनात है। वे अलग-अलग जगहों पर जाती हैं और किसी भी तरह की परेशानी या उपद्रव करने वालों पर नज़र रखती हैं। उनका काम सिर्फ गरबा स्थल तक ही सीमित नहीं है।

कॉन्स्टेबल चावड़ा कहती हैं, “हम यह सुनिश्चित करती हैं कि घर लौटते समय किसी भी महिला को कोई दिक्कत न हो। अगर हमें ऐसी कोई महिला मिलती है, तो हम यह पक्का करती हैं कि वह सुरक्षित अपने घर पहुंच जाए। उन्हें जिस भी चीज़ की ज़रूरत हो, हम मदद करती हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हो सकता है कि हम अपने परिवारों के साथ नवरात्रि का आनंद न ले पाएं, लेकिन हम यह ज़रूर पक्का करती हैं कि बाकी लोग बिना किसी चिंता के इसका मज़ा ले सकें।” महिलाओं की सुरक्षा के अलावा, ‘SHE टीमें’ गरबा स्थलों पर बिछड़े बच्चों को उनके माता-पिता से मिलाने में भी मदद करती हैं।

वायरल होने वाली महिला अधिकारी

अहमदाबाद सिटी पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद, पारंपरिक कपड़ों में गरबा स्थल पर मौजूद इंस्पेक्टर निधि कलसरिया के वीडियो वायरल हो गए। इन वीडियो को देखकर कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या ड्यूटी पर तैनात अंडरकवर पुलिसकर्मियों के वीडियो शेयर करने से, उन्हें तैनात करने का मुख्य उद्देश्य ही खत्म नहीं हो जाता?

इस पर जवाब देते हुए इंस्पेक्टर कलसरिया ने कहा, “नवरात्रि शुरू होने से पहले पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से बात की थी और पूरी टीम के चेहरों को सबके सामने लाया गया था। हमने गरबा स्थलों पर अंडरकवर स्टाफ की तस्वीरें और वीडियो इसलिए डाले ताकि यह संदेश दिया जा सके कि पुलिस हर जगह मौजूद है। बहुत से लोग मुझे जानते और पहचानते हैं, लेकिन हर किसी को यह नहीं पता होता कि पुलिस उनके साथ है। हमें महिलाओं को यह भरोसा दिलाना ज़रूरी है कि हम उनके साथ हैं- गरबा में उनके साथ नाच भी रही हैं और उनके घर लौटते समय सड़कों पर गश्त भी कर रही हैं।”

महिला अधिकारी ने बताया कि ये वीडियो असामाजिक तत्वों के लिए एक चेतावनी का काम भी करते हैं, जिससे उन्हें पता चलता है कि उन पर नज़र रखी जा रही है। इंस्पेक्टर कलसरिया ने कहा, “जब वे इन पोस्ट को देखते हैं तो उन्हें समझ आ जाता है कि पुलिस वहां मौजूद है। इससे हमारा मकसद पूरा हो जाता है।” उन्होंने आगे बताया कि जिन लोगों ने उन्हें सोशल मीडिया रील्स पर देखा है, वे अक्सर उनके पास आकर बात भी करते हैं। वह इन बातचीत का इस्तेमाल उन्हें इस बात के लिए प्रोत्साहित करने के लिए करती है कि अगर उन्हें मदद की ज़रूरत हो, तो वे बिना किसी हिचकिचाहट के पुलिस से संपर्क करें।