सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) ने कंटेंट क्रिएटर्स को वीडियो पोस्ट करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नई पहल शुरू की है। कंपनी Video Kickstart Bonus नाम से एक पायलट प्रोग्राम चला रही है।
इस प्रोग्राम के तहत पात्र क्रिएटर्स को अपने वीडियो पोस्ट करने पर 3000 डॉलर (लगभग 2,84,649 रुपये) तक का बोनस कमाने का मौका मिलेगा। इस कार्यक्रम की जानकारी SpaceXAI में क्रिएटर प्रोडक्ट लीड के पद पर कार्यरत Allegra Jacchia ने शेयर की है।
कंपनी के मुताबिक, यह फिलहाल आम यूजर्स के लिए खुला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसमें चुनिंदा क्रिएटर्स को ही आमंत्रित किया जा रहा है।
बोनस पाने के लिए क्या करना होगा?
Video Kickstart Bonus के तहत क्रिएटर्स को 30 दिनों की अवधि में कम से कम 15 अलग अलग दिनों पर 15 वीडियो पोस्ट करने होंगे। यानी केवल एक या दो दिन में लगातार वीडियो अपलोड करना पर्याप्त नहीं होगा। वीडियो कम से कम 15 अलग अलग दिनों में पोस्ट किए जाने चाहिए।
इस प्रोग्राम में वीडियो से जुड़ी कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। वीडियो वर्टिकल फॉर्मेट में होने चाहिए और उनकी अवधि तीन मिनट से कम होनी चाहिए। इसके अलावा, कंटेंट क्रिएटर का अपना बनाया हुआ होना जरूरी है।
दूसरे प्लेटफॉर्म के वीडियो भी होंगे मान्य
X ने स्पष्ट किया है कि क्रिएटर्स दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहले से पोस्ट किए गए अपने वीडियो भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, ऐसे वीडियो पर किसी दूसरे प्लेटफॉर्म का वॉटरमार्क नहीं होना चाहिए। इससे उन क्रिएटर्स को भी फायदा मिल सकता है, जो पहले से वीडियो बनाते हैं और अब अपने कंटेंट को X पर भी साझा करना चाहते हैं।
30 अक्टूबर तक करना होगा एनरोलमेंट
X के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रण चरणबद्ध तरीके से भेजे जा रहे हैं। इसमें शामिल होने के लिए एनरोलमेंट की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
कंपनी का कहना है कि यह पहल क्रिएटर्स को प्लेटफॉर्म पर अपनी पहुंच बढ़ाने और ओरिजिनल वीडियो के जरिए कमाई के अवसर हासिल करने में मदद कर सकती है।
हालांकि, 3,000 डॉलर का बोनस पाने के लिए कार्यक्रम की सभी शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।
यह भी पढ़ें: 1 नवंबर से इनकमिंग कॉल पर दिखाना होगा कॉल करने वाले का नाम
अब मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आने पर सिर्फ नंबर ही नहीं, बल्कि कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम भी दिखाई देगा। दूरसंचार विभाग (DoT) ने कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) सेवा शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। यह सुविधा 1 नवंबर 2026 से देशभर के 4G और उससे आगे की तकनीक वाले मोबाइल नेटवर्क पर लागू होगी। यहां पढ़ें पूरी खबर…
