पिछले कुछ महीनों में WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए कई नए फीचर्स जारी किए हैं। Meta के मालिकाना हक वाला यह इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर यूजर सेफ्टी और चैटिंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए लगातार नई कोशिशे कर रहा है। अब मेटा के इस ऐप ने कुछ नए फंक्शन रोलआउट किए हैं।
चैट में स्टोरेज मैनेज करना
पिछले कुछ समय से व्हाट्सऐप चैट काफी ज्यादा स्टोरेज की खपत करती है और कई सारे यूजर्स के लिए यह परेशानी का सबब होता है क्योंकि इंटरनल स्पेस नहीं बचता। अब यूजर्स सीधे चैट में जाकर बड़ी फाइल्स को फटाफट डिलीट कर सकते हैं।
इसके लिए बस आपको चैट पर टैप करना होगा और फिर Manage Storage ऑप्शन पर टैप करना होगा। इसके बाद सामने खुलने वाली स्क्रीन पर यूजर्स फटाफट मीडिया फाइल्स डिलीट कर पाएंगे। इस फीचर के आने से अब यूजर को स्पेस फ्री करने के लिए पूरी चैट को डिलीट नहीं करना होगा।
ऐंड्रॉयड से iOS पर व्हाट्सऐप को ट्रांसफर करना
व्हाट्सऐप में पहले से ही चैट ट्रांसफर फीचर मौजूद है जो यूजर्स को अपनी चैट हिस्ट्री iOS से Android में ट्रांसफर करने की सुविधा देता है जिससे डिवाइस ट्रांसफर करना आसान हो जाता है। इसके अलावा, WhatsApp यूजर्स को iPhone से iPhone और ऐंड्रॉयड से ऐंड्रॉयड के बीच भी चैट और डेटा ट्रांसफर करने की सुविधा देता है।
इसे इस्तेमाल करने के लिए WhatsApp खोलें, Chats > Transfer Chat History > Transfer to Android पर जाएं। फिर दिए गए स्टेप्स फॉलो करें और आपका काम हो जाएगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि अगर आपके ऐप में डेटा ज्यादा है तो इस प्रक्रिया में ज्यादा समय लग सकता है। फिलहाल यह फीचर Business अकाउंट्स के लिए उपलब्ध नहीं है।
एक फोन पर दो अकाउंट्स मैनेज करना
ऐंड्रॉयड वर्जन की तरह ही अब आईफोन यूजर्स भी व्हाट्सऐप के दो अकाउंट्स को एक सिंगल डिवाइस पर चला सकते हैं। यह फीचर बिजनेस यूजर्स के साथ-साथ उन लोगों के लिए काफी काम का है जो अपनी वर्क और पर्सनल लाइफ को अलग-अलग रखना पसंद करते हैं।
अगर आपको इस बात को लेकर असमंजस हो कि आप किस अकाउंट का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसकी प्रोफाइल फोटो नीचे वाले टैब में दिखाई देगी।
कस्टमाइज्ड स्टिकर्स
स्टिकर्स चैट का सबसे मजेदार हिस्सा होते हैं, चाहे वह पर्सनल चैट हो या ग्रुप चैट। अब व्हाट्सऐप पर मैसेज टाइप करते समय आपको इमोजी का सुझाव मिलेगा जिन्हें आप आसानी से स्टिकर में बदल सकते हैं।
Meta AI के साथ फोटो एडिट करना
Meta AI अब व्हाट्सऐप में इमेज एडिटिंग को भी सपोर्ट करता है यानी आप चैट के अंदर ही AI चैटबॉट की मदद से अपनी फोटो को भेजने से पहले एडिट कर सकते हैं। हालांकि, यह फीचर्स अभी सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध नहीं हो सकते हैं।
AI Writing Help
जवाब लिखने में परेशानी हो रही है? WhatsApp आपकी मदद के लिए तैयार है। AI Writing Help फीचर की मदद से अब यूजर्स बातचीत के आधार पर सुझाया गया जवाब ड्राफ्ट कर सकते हैं जिससे समय बचता है और सही जवाब लिखना आसान हो जाता है। खासकर जब समझ न आए क्या भेजें या ग्रामर चेक करनी हो।
Meta के मुताबिक, ये फीचर्स फिलहाल धीरे-धीरे रोलआउट हो रहे हैं और जल्द ही सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होंगे। इसलिए आपके अकाउंट में आने में थोड़ा समय लग सकता है।
