दुनिया भर में बुधवार को कई वेबसाइटें ऑफलाइन हो गईं। इनमें जापान के वित्त मंत्रालय की सेवाएं, अमेरिका का ह्यूमन-रिसोर्स प्लेटफॉर्म ‘बैम्बू एचआर’, नीदरलैंड में रॉटरडैम बंदरगाह और विकिपीडिया चलाने वाला ‘विकिमीडिया फाउंडेशन’ शामिल हैं।

दरअसल, इंटरनेट पर इस्तेमाल होने वाली प्रमुख प्रोग्रामिंग भाषाओं में से एक पीएचपी में दो गंभीर सुरक्षा कमजोरियों का पता चला है। इन्हें सामूहिक रूप से ‘PHP2Shell’ नाम दिया गया है। इन कमजोरियों के संभावित खतरे को देखते हुए सरकारों और साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने इन्हें ठीक करने के लिए तत्काल कदम उठाए। इसी के तहत एहतियात के तौर पर कई वेबसाइटों और ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से ऑफलाइन करना पड़ा।

पीएचपी के डेवलपर्स ने इन दोनों कमजोरियों को ठीक करने के लिए सुरक्षा अपडेट जारी कर दिए हैं।

कई साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने संगठनों को सलाह दी है कि वे प्रभावित सिस्टम को तुरंत अपडेट करें या अगर तुरंत अपडेट करना संभव न हो, तो उन्हें कुछ समय के लिए ऑफलाइन कर दें।

जापान की मंत्री सनाई तकाइची उन लीडर्स में शामिल थीं, जिन्होंने सार्वजनिक रूप से वेबसाइट ऑपरेटरों से सुरक्षा अपडेट इंस्टॉल करने की अपील की। ​​वहीं, कई देशों के अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर अपनी ऑनलाइन सेवाओं को कुछ समय के लिए रोक दिया।

गूगल के स्वामित्व वाली सुरक्षा कंपनी ‘विज’ (Wiz) ने बताया कि उनके रिसर्चर्स ने एआई टूल्स का इस्तेमाल करके पीएचपी में इन कमजोरियों का पता लगाया है।

इसके अलावा ओपनएआई ने बताया कि सुरक्षा फर्म कैलिफ ने उनके एक मॉडल का इस्तेमाल करके इनमें से एक कमजोरी का पता लगाया। शोधकर्ताओं ने इन कमजोरियों को दूर करने के लिए पीएचपी के डेवलपर्स के साथ मिलकर काम किया।

क्या है पीएचपी और इसका इतना ज्यादा इस्तेमाल क्यों किया जाता है?

PHP, जिसका पूरा नाम ‘हाइपरटेक्स्ट प्रीप्रोसेसर’ (Hypertext Preprocessor) है, एक ओपन-सोर्स प्रोग्रामिंग भाषा है। यह उन लगभग 70% वेबसाइटों के बैकएंड (सर्वर-साइड) पर काम करती है, जिनकी सर्वर-साइड भाषा की पहचान की जा सकती है।

यह वेबसाइटों को जानकारी प्रोसेस करने में मदद करती है चाहे कोई यूजर अपने अकाउंट में लॉग इन कर रहा हो, कोई आवेदन सबमिट कर रहा हो या ऑनलाइन खरीदारी कर रहा हो। इसका का इस्तेमाल मुफ्त है और इसे स्वयंसेवकों द्वारा मेंटेन किया जाता है।

वर्डप्रेस (जो दुनिया भर की 40% से ज्यादा वेबसाइटों को चलाता है) वह भी पीएचपी पर ही आधारित है। इन वेबसाइटों में ब्लॉग, सरकारी पोर्टल, न्यूज वेबसाइटें और ऑनलाइन दुकानें शामिल हैं।

क्या है PHP2Shell और यह इतना खतरनाक क्यों है?

PHP2Shell, पीएचपी में मौजूद दो गंभीर कमजोरियों को दिया गया नाम है। इनकी मदद से हमलावर बिना लॉग इन किए ही, प्रभावित वेब सर्वर पर दूर से ही हानिकारक कोड चला सकते हैं, या सर्वर की मेमोरी में मौजूद संवेदनशील जानकारी तक पहुंच सकते हैं। साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने निम्नलिखित दो कमजोरियों की पहचान की है:

पीएचपी में मेमोरी खत्म होने से जुड़ी समस्या

जब कोई वेब रिक्वेस्ट प्रोसेस करते समय पीएचपी में मेमोरी की समस्या आती है, तो यह प्रक्रिया बीच में ही रुक सकती है। इसके बाद, पीएचपी अधूरी या गलत जानकारी को भी सही मान सकता है।

यह भी पढ़ें: AI के बेकाबू होने का डर! Satya Nadella ने बताया बचाव का तरीका, हर मॉडल में हो ‘इमरजेंसी ब्रेक’

बची हुई जानकारी से जुड़ी समस्या

कभी-कभी, किसी पुरानी वेब रिक्वेस्ट से जुड़ी जानकारी का रेफरेंस पीएचपी में तब भी रह सकता है, जब कंप्यूटर उस मेमोरी को खाली कर चुका हो जहां वह जानकारी स्टोर थी। जब कोई नई रिक्वेस्ट आती है, तो सॉफ्टवेयर शुरुआत से काम करने के बजाय गलती से इस पुरानी जानकारी का इस्तेमाल कर सकता है।

ये दोनों कमजोरियां एआई के बिना भी गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा करती हैं। हालांकि, एआई टूल्स की मदद से हमलावर इन कमजोरियों का फायदा उठाने के लिए जल्दी से नए तरीके खोज सकते हैं, जिससे संगठनों के पास प्रतिक्रिया देने के लिए बहुत कम समय बच सकता है।

सबसे अहम बात यह है कि हमलावरों को सर्वर तक पहुंचने के लिए किसी अकाउंट या फिजिकल एक्सेस की जरूरत नहीं होती। कुछ खास स्थितियों में वे इंटरनेट के जरिए एक खतरनाक रिक्वेस्ट भेज सकते हैं और सर्वर को अपनी पसंद के निर्देश चलाने के लिए मजबूर कर सकते हैं।

इससे वेबसाइट या उसका डेटा खतरे में पड़ सकता है। प्रभावित सर्वर पर क्या स्टोर है और हमलावर किस डेटा तक पहुंच सकता है, इसके आधार पर उपयोगकर्ताओं की निजी जानकारी, अपलोड किए गए दस्तावेज या लॉगिन क्रेडेंशियल्स खतरे में पड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें: X Creators के लिए बड़ा मौका! 15 ओरिजिनल वीडियो पोस्ट करने पर मिल सकते हैं 2.84 लाख रुपये

क्यों गईं वेबसाइटें ऑफलाइन?

चूंकि इन कमजोरियों की वजह से बाहरी हमलावर प्रभावित सर्वरों पर नियंत्रण पा सकते थे, इसलिए साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने वेबसाइट ऑपरेटरों को तुरंत जरूरी सुधार लागू करने की सलाह दी। जहां ऐसा करना संभव नहीं था, वहां हमलों से बचने के लिए एहतियात के तौर पर वेबसाइटों को कुछ समय के लिए ऑफलाइन कर दिया गया।

हालांकि, पीएचपी को अपडेट करना हमेशा आसान नहीं होता। कई छोटी वेबसाइटें ‘शेयर्ड होस्टिंग’ प्लेटफॉर्म पर चलती हैं, जहां मालिकों का सर्वर पर कोई नियंत्रण नहीं होता और उन्हें यह भी नहीं पता होता कि पीएचपी का रखरखाव कौन कर रहा है।

साइबर सुरक्षा कंपनी ‘सोफोस’ की ‘काउंटर थ्रेट यूनिट’ में थ्रेट इंटेलिजेंस के उपाध्यक्ष डॉन स्मिथ ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के साथ साझा की गई अपनी टिप्पणी में कहा, “तत्काल चुनौती केवल एक पैच इंस्टॉल करना नहीं है, बल्कि उन सभी जगहों का पता लगाना और उन्हें मैनेज करना है जहां पीएचपी चल रहा है।”

“पीएचपी का इस्तेमाल बहुत व्यापक है; यह पब्लिक वेबसाइटों, कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम, होस्टिंग प्लेटफॉर्म और थर्ड-पार्टी उत्पादों के पीछे काम कर सकता है। कई बार तो इसका इस्तेमाल करने वाली संस्था को पता भी नहीं चलता कि वे पीएचपी का उपयोग कर रहे हैं।”

सोफोस काउंटर थ्रेट यूनिट में थ्रेट रिसर्च के सीनियर डायरेक्टर, क्रिस यूल ने एक और चुनौती की ओर इशारा किया: पुराने सिस्टम और डिवाइस, जिन्हें आसानी से अपडेट या बदला नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, “खास तौर पर, किसी संस्था के माहौल में कुछ उपकरण एक ‘ब्लैक बॉक्स’ की तरह हो सकते हैं। इनमें पैच लेवल और सॉफ्टवेयर वर्जन के बारे में बहुत कम जानकारी मिल पाती है और संस्थाएं अक्सर अपडेट के लिए वेंडर पर निर्भर रहती हैं।”

यूरोपीय संघ की कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने उन संस्थाओं को सलाह दी है जो तुरंत सुधार लागू नहीं कर सकतीं कि वे असुरक्षित सिस्टम को खुला छोड़ने के बजाय, कुछ समय के लिए ऑफलाइन कर दें।

भारत की इसी तरह की संस्था, CERT-In ने भी बुधवार को एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की। इसमें चेतावनी दी गई है कि हमलावर इन कमियों का फायदा उठाकर प्रभावित सिस्टम पर अपना नियंत्रण कर सकते हैं। इसने पीएचपी का इस्तेमाल करने वाले लोगों और संस्थाओं को सलाह दी है कि वे सुरक्षा अपडेट इंस्टॉल करें और पीएचपी डेवलपर्स द्वारा सुझाई गई सावधानियों का पालन करें।

ये कमियां कैसे खोजी गईं और इनके बारे में जानकारी इतनी जल्दी क्यों सार्वजनिक कर दी गई?

ये कमियां पीएचपी के कोड में मौजूद खामियों की वजह से थीं, जिनमें से कुछ एक दशक से भी पुरानी थीं। अगस्त में, Wiz और Calif के शोधकर्ताओं ने एडवांस्ड एआई टूल्स का इस्तेमाल करके स्वतंत्र रूप से इन कमियों का पता लगाया।

Calif और पीएचपी फाउंडेशन, ओपनएआई के ‘पैच द प्लैनेट’ प्रोग्राम का हिस्सा थे। इस प्रोग्राम के तहत सॉफ्टवेयर की कमियों को खोजने और उन्हें ठीक करने में मदद के लिए एडवांस्ड एआई सिस्टम तक पहुंच दी गई थी। ओपनएआई ने बताया कि उसी दौरान उनके एक आंतरिक शोधकर्ता ने भी एक कमी का पता लगाया था।

Wiz के अनुसार, एआई टूल्स की मदद से उनके शोधकर्ता कुछ ही घंटों में कई अलग-अलग एप्लिकेशन के लिए काम करने वाले ‘एक्सप्लॉइट’ तैयार करने और उन्हें ढालने में सफल रहे। इससे कमियों की जांच करने की प्रक्रिया काफी तेज हो गई।

सुरक्षा शोधकर्ता आमतौर पर गंभीर कमियों के बारे में सॉफ्टवेयर डेवलपर्स को निजी तौर पर जानकारी देते हैं। इससे डेवलपर्स को हमलावरों के इन खामियों के बारे में जानने से पहले ही उन्हें ठीक करने का मौका मिल जाता है। इस प्रक्रिया को ‘कोऑर्डिनेटेड डिस्क्लोजर’ कहा जाता है।

‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के अनुसार, इन कमियों को ठीक करने के लिए लगभग 200 फाइलों और 10,000 से अधिक लाइनों के कोड में बदलाव करने पड़े।

पीएचपी फाउंडेशन की मूल योजना इन खामियों और उनके सुधारों को गुरुवार (22 अक्टूबर) को एक साथ सार्वजनिक करने की थी। हालांकि, तय की गई घोषणा से पहले ही, मंगलवार (20 अक्टूबर) को इन कमजोरियों के बारे में जानकारी ऑनलाइन फैलने लगी।

समय से पहले हुए इस खुलासे के कारण पीएचपी टीम को अपने सुरक्षा अपडेट एक दिन पहले ही जारी करने पड़े, क्योंकि कई संगठन अपनी असुरक्षित वेबसाइटों को बचाने की कोशिश में जुट गए थे।

स्मिथ ने चेतावनी दी कि एआई अटैकर्स को और तेजी से आगे बढ़ने में भी मदद कर सकता है। उन्होंने कहा, “थ्रेट एक्टर्स तेजी से आगे बढ़ते हैं, खासकर एआई की मदद से और आने वाले कुछ घंटों और दिनों में यह उनके लिए एक प्रायोरिटी टारगेट होगा।”

यह भी पढ़ें: 1 नवंबर से इनकमिंग कॉल पर दिखाना होगा कॉल करने वाले का नाम

अब मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आने पर सिर्फ नंबर ही नहीं, बल्कि कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम भी दिखाई देगा। दूरसंचार विभाग (DoT) ने कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) सेवा शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। यह सुविधा 1 नवंबर 2026 से देशभर के 4G और उससे आगे की तकनीक वाले मोबाइल नेटवर्क पर लागू होगी। यहां पढ़ें पूरी खबर…