ओपनएआई अब यूरोपीय संघ (European Union या EU) में अब ChatGPT और Codex से बनने वाले सभी टेक्स्ट में एक इनविजिबल (अदृश्य) वॉटरमार्क जोड़ने जा रहा है। ऐसा वह EU AI एक्ट के ट्रांसपेरेंसी नियमों का पालन करने के लिए कर रहा है।
इस नियम के तहत एआई कंपनियों को एआई से बने कंटेंट को दूसरे सिस्टम के लिए पहचानने योग्य बनाना जरूरी है। कंपनी ने सोमवार, 6 अक्तूबर को अपने आधिकारिक ब्लॉग में इस बता की जानकारी साझा की है।
ओपनएआई ने कहा कि यह वॉटरमार्क अगले कुछ हफ्तों में सभी प्लान वाले योग्य ChatGPT और Codex यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा। हालांकि, अभी यह सुविधा सिर्फ EU तक ही सीमित है।
वैसे तो यह फीचर डिफॉल्ट रूप से बंद रहता है, लेकिन दुनिया भर में ओपनएआई की API का इस्तेमाल करने वाले डेवलपर्स इसे चुनिंदा मॉडल के लिए चालू कर सकते हैं।
ओपनएआई ने माना कि टेक्स्ट वॉटरमार्किंग और डिटेक्शन अभी शुरुआती दौर की तकनीकें हैं और इनकी कई सीमाएं हैं। साथ ही, कंपनी ने कहा कि उसका चरणबद्ध तरीका EU AI एक्ट की जरूरतों और इन तकनीकों की सीमाओं, दोनों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
कंपनी ने यह भी बताया कि वह अपने टेक्स्ट वॉटरमार्क डिटेक्टर के एक्सेस के लिए एप्लीकेशन ले रही है। हालांकि, यह एक्सेस शुरू में सिर्फ उन मंजूरशुदा रिसर्चर्स और एक्सपर्ट संगठनों को मिलेगा जो तकनीक के मूल्यांकन और सुधार में कंपनी की मदद करते हैं।
कैसे काम करता है वॉटरमार्क?
ओपनएआई ने अपने ब्लॉग में बताया कि उसकी ‘textGrain’ नाम की तकनीक मॉडल के शब्द चुनने के तरीके में एक ‘इनविजिबल स्टैटिस्टिकल सिग्नल’ जोड़ती है। बाद में, डिटेक्टर उस सिग्नल को स्कैन करके पता लगाता है कि किसी टेक्स्ट में ओपनएआई का वॉटरमार्क है या नहीं।
ओपनएआई ने ‘textGrain: Entropy-Calibrated Watermarking for Language Model Text’ नाम का एक पेपर भी पब्लिश किया है, जिसमें इस तकनीक के काम करने के तरीके के बारे में विस्तार से बताया गया है।
इसके अलावा, ओपनएआई ने कहा कि अपने मूल्यांकन में textGrain ने टेक्स्ट के लिए इस्तेमाल होने वाले दूसरे तरीकों (जैसे Google DeepMind की डिजिटल वॉटरमार्किंग तकनीक SynthID) के बराबर या उनसे बेहतर परफॉर्मेंस दिखाई।
ओपनएआई ने यह भी बताया कि अच्छी परफ़ॉर्मेंस के बावजूद, आदर्श स्थितियों में भी यह तकनीक रोजमर्रा के इस्तेमाल में भरोसेमंद डिटेक्शन की गारंटी नहीं दे सकती।
कंपनी ने कहा कि डिटेक्टर दो तरह की गलतियां कर सकते हैं वे ऐसी जगह वॉटरमार्क का पता लगा सकते हैं जहां कोई वॉटरमार्क नहीं है या फिर मौजूद वॉटरमार्क को नहीं पहचान सकते हैं।
वॉटरमार्क का पता लगाने में कुछ मुख्य चुनौतियां ये हैं कि छोटे या सीमित टेक्स्ट का पता लगाना मुश्किल होता है, जबकि एआई से बने टेक्स्ट में बदलाव करने से उसका वॉटरमार्क कमजोर हो सकता है।
यह भी पढ़ें: OpenAI ने सुरक्षा कारणों से नए AI मॉडल का रोलआउट किया रद्द
वॉटरमार्क की सीमाएं
ओपनएआई ने ऐसी बातें भी बताईं जिनसे वॉटरमार्क के नतीजे पक्के नहीं माने जा सकते। कंपनी ने कहा कि वॉटरमार्क का मतलब यह जरूरी नहीं है कि उससे इंसानी समझ, बदलाव या क्रिएटिविटी के बारे में जानकारी मिले। यह किसी तरह की ओनरशिप या जिम्मेदारी तय नहीं करता; सबसे जरूरी बात यह है कि यह यूजर की पहचान नहीं बताता।
यह सटीकता की जांच करने का पैमाना भी नहीं है। कंपनी का दावा है कि अगर वॉटरमार्क नहीं मिलता है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि कंटेंट किसी इंसान ने बनाया है।
AI एक्ट का आर्टिकल 50 (जो 2 अगस्त 2026 से लागू होगा) कुछ खास एआई सिस्टम (जैसे जेनरेटिव और इंटरैक्टिव AI सिस्टम और डीपफेक) बनाने और इस्तेमाल करने वालों के लिए पारदर्शिता की शर्तें तय करता है। जहां बनाने वालों को ऐसे एआई सिस्टम बनाने होंगे जो यह पक्का करें कि जब भी कोई व्यक्ति सीधे एआई सिस्टम से बातचीत करे, तो उसे साफ तौर पर बताया जाए, वहीं उन्हें एआई से बने या बदले गए कंटेंट का पता लगाने के लिए मशीन-रीडेबल निशान भी जोड़ने होंगे।
यह भी पढ़ें: AI से खत्म हो सकती है ‘इंसानी सभ्यता’? एंथ्रोपिक रिसर्चर की चेतावनी ने बढ़ाई चिंता
दूसरी ओर, एआई सिस्टम का इस्तेमाल करने वालों को यूज़र्स को बताना होगा कि वे इमोशन पहचानने और बायोमेट्रिक कैटेगरी में बांटने वाले टूल, डीपफेक, और बिना इंसानी समीक्षा या एडिटोरियल कंट्रोल के जनहित के मामलों पर पब्लिश किए गए टेक्स्ट के संपर्क में आ रहे हैं। एक्ट के अनुसार, इन शर्तों का मकसद जानकारी के इकोसिस्टम में भरोसा और ईमानदारी बनाना है।
ओपनएआई का यह नया ऐलान अगस्त की शुरुआत में एंथोपिक द्वारा उठाए गए इसी तरह के कदम के बाद आया है, जब उसने घोषणा की थी कि वह अपने क्लाउड मॉडल से बने टेक्स्ट और फाइलों में इनविजिबल वॉटरमार्क जोड़ रहा है।
एंथोपिक ने EU के AI एक्ट के पारदर्शिता कोड का पालन करने के लिए यह घोषणा की थी। कंपनी ने कहा कि 2 अगस्त के बाद जारी होने वाले सभी नए मॉडल में वॉटरमार्क लगाए जाएंगे और पुराने मॉडल के लिए भी सपोर्ट लाने की योजना है।
यह भी पढ़ें: AI की मदद से बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की कोशिश कर रहा था यमन का आतंकी संगठन
उत्तरी यमन में सक्रिय एक आतंकी संगठन ने एआई मॉडल क्लाउड कोड का इस्तेमाल गाइडेड रॉकेट और लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल के लिए सॉफ्टवेयर विकसित करने की कोशिश में किया। अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी एन्थ्रोपिक (Anthropic) ने अपनी रिपोर्ट “Detecting and Countering Misuse of AI: September 2026” में इस बात का खुलासा किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
