भारत सरकार द्वारा घोषित एआई इंडिया इम्पैक्ट समिट 2026 (AI Impact Summit 2026) नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा है। यह सम्मेलन 16 फरवरी से 20 फरवरी तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा। खास बात यह है कि यह एआई समिट ऐसे महत्वपूर्ण समय पर आयोजित किया जा रहा है जब आर्टिफिशियल (Artificial Intelligence) आर्थिक विकास और सरकारी कामकाज के लिए तेजी से जरूरी होती जा रही है।

AI समिट में कौन-कौन होगा शामिल?

गौर करने वाली बात है कि टेक इंडस्ट्री के कई बड़े लीडर्स इस समिट में शामिल होंगे। इनमें गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, Nvidia के फाउंडर जेन्सेन हुआंग, गूगल डीपमाइंड के सीईओ डेमिस हसाबिस, माइक्रोसॉफ्ट के प्रेसिडेंट ब्रैड स्मिथ और क्वालकॉम के सीईओ क्रिस्टियानो एमॉन जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं।

वहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर के भी कई बड़े नाम जैसे OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन भी इस इवेंट में हिस्सा लेंगे।

नीति और संस्थागत मोर्चे पर, बिल गेट्स, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के सीईओ बोर्गे ब्रेंडे और आईबीएम, क्रिएटिव कॉमन्स और इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ प्राइवेसी प्रोफेशनल्स जैसे संगठनों के लीडर्स भी भाग लेने वाले हैं।

भारत के कारोबारी जगत के नेता जैसे रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी, भारती एंटरप्राइजेज के सुनील भारती मित्तल और इंफोसिस के नंदन नीलेकणी के भी इस इवेंट में शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा इंफोसिस, एचसीएलटेक, इंटेल इंडिया, एडोब इंडिया और रेजरपे के शीर्ष अधिकारी भी भाग लेंगे।

India AI Impact Summit 2026 क्यों है महत्वपूर्ण?

भारत अपने विकास के सफर (development journey) के एक महत्वपूर्ण चरण में है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एक प्रमुख इनेबलर के रूप में उभर रहा है। भारत के लिए एआई को एक रणनीतिक राष्ट्रीय उपकरण (strategic national tool ) के रूप में काम करना होगा जो टेक्नोलॉजी के लोकतंत्रीकरण को बढ़ावा दे और बड़े पैमाने पर एक्सेस, इन्क्लूज़न और समानता सुनिश्चित करे। यह टेक्नोलॉजी क्रांति टेक इंडस्ट्री के हर क्षेत्र में प्रगति के लिए व्यापक अवसर ऑफर करेगी।

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट का मूल सिद्धान्त

सरकार के अनुसार, इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 तीन आधारभूत स्तंभों द्वारा संचालित है जिन्हें Sutras कहा जाता है। ये सूत्र एआई पर वैश्विक सहयोग का मार्गदर्शन करने वाले मूल सिद्धांतों को स्पष्ट करते हैं। ये सूत्र निम्नलिखित हैं:

लोग (People): ह्यूमन-फोकस्ड एआई को बढ़ावा देना जो अधिकारों की रक्षा करे, सर्विसेज तक एक्सेस को बेहतर बनाए, ट्रस्ट बिल्ड करे और समाज के सभी वर्गों में समान लाभ सुनिश्चित करे।

पृथ्वी (Planet): ऊर्जा की बचत करने वाली प्रणालियों को बढ़ावा देकर, संसाधनों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करके और जलवायु व पर्यावरण की सुरक्षा में मदद करने वाले एआई का विकास करना।

प्रगति (Progress): इनोवेशन और कौशल बढ़ाकर तथा एआई की मदद से काम की गति और विकास को बढ़ाते हुए, आर्थिक और तकनीकी तरक्की को सभी लोगों तक पहुंचाना।

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में कड़ी सुरक्षा

राष्ट्रीय राजधानी में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित ‘इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा और इसमें 30 से अधिक देशों के हजारों प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।

अधिकारी ने बताया, “भारत मंडपम के आसपास और निकटवर्ती इलाकों में ही दिल्ली पुलिस के 10,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इनमें जिला पुलिस बल, यातायात पुलिस, विशेष इकाइयां और आरक्षित बल शामिल होंगे।” पुलिस के अनुसार, दिल्ली के लगभग सभी जिलों से अधिकारियों और कर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें प्रत्येक जिले ने ‘समिट’ से संबंधित कर्तव्यों के लिए 800 से 1,000 कर्मियों का योगदान दिया है।