माइक्रोसॉफ्ट एआई के हेड मुस्तफा सुलेमान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि आने वाले समय में एआई के चलते अधिकतर व्हाइट-कॉलर नौकरियां खत्म हो जाएंगी। ना सिर्फ कोडिंग करने वाले लोग बल्कि वकीलों और अकाउंटैंट जैसे पेशेवर भी एआई के चलते अपनी नौकरी खो सकते हैं।
Financial Times को दिए एक इंटरव्यू में सुलेमान ने खुलासा किया कि माइक्रोसॉफ्ट एंटरप्राइज मार्केट में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए ‘प्रोफेशनल-ग्रेड AGI’ पर काम कर रही है। उन्होंने इसे ऐसे एआई मॉडल के रूप में बताया जो एक पेशेवर इंसान की तरह लगभग हर काम कर सकता है। इस टेक्नोलॉजी के जरिए माइक्रोसॉफ्ट अपने क्लाइंट्स को ऐसे पावरफुल एआई टूल्स उपलब्ध कराना चाहती है जो नॉलेज वर्कर्स के रोजमर्रा के कई काम अपने आप कर सकें।
व्हाइट-कॉलर नौकरियों पर AI का खतरा
सुलेमान का अनुमान है कि मुस्तफ़ा सुलेमान ने आने वाले समय में वर्कफोर्स में बड़ा बदलाव होगा। उनका मानना है कि कंप्यूटर पर काम करने वाले लगभग सभी लोगों को खतरा हो सकता है। Microsoft के एआई प्रमुख ने कहा, ‘व्हाइट-कॉलर नौकरियां- जैसे वकील, अकाउंटेंट, प्रोजेक्ट मैनेजर या मार्केटिंग से जुड़े पेशों से जुड़े ज्यादातर काम अगले 12 से 18 महीनों में एआई द्वारा पूरी तरह ऑटोमेट किए जा सकते हैं।”
माइक्रोसॉफ्ट के एआई प्रमुख की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब कई कंपनियां तेजी से एआई को अपनाने की ओर बढ़ रही हैं। हाल ही में Anthropic के मॉडल Claude Cowork ने बाजारों में हलचल मचा दी थी क्योंकि इसने Infosys और TCS (Tata Consultancy Services) जैसी SaaS कंपनियों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।
मुस्तफ़ा सुलेमान के अनुसार, जैसे-जैसे एआई आगे बढ़ेगा, नए मॉडल बनाना और आसान हो जाएगा और इन्हें खास जरूरतों के मुताबिक तैयार किया जा सकेगा। उन्होंने इसकी तुलना ब्लॉग लिखने या पॉडकास्ट बनाने से की। उन्होंने कहा, ”नया एआई मॉडल बनाना उतना ही आसान होगा जितना ब्लॉग लिखना या पॉडकास्ट तैयार करना। भविष्य में हर संस्था और व्यक्ति की जरूरत के अनुसार एआई डिजाइन करना संभव होगा।” सुलेमान ने यह भी बताया कि अगले दो से तीन सालों में एआई एजेंट बड़े संस्थानों के वर्कफ्लो को संभालने में ज्यादा सक्षम और प्रभावी हो जाएंगे।
इसके साथ ही Microsoft के प्रमुख ने संकेत दिया कि कंपनी भविष्य में अपने एआई मॉडल्स पर ज्यादा ध्यान देने वाली है ताकि OpenAI पर निर्भरता कम की जा सके। उन्होंने कहा कि कंपनी अब ‘एआई में आत्मनिर्भरता’ हासिल करने की दिशा में काम कर रही है। सुलेमान के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट के नए एआई मॉडल्स साल 2026 में लॉन्च हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: WhatsApp-Telegram ब्लॉक करने की तैयारी? रूस में मैसेजिंग ऐप्स पर शिकंजा कसा, यूजर्स पर सरकारी ऐप अपनाने का दबाव
