दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक Google की सर्विसेज अचानक प्रभावित होने की खबर सामने आई है। कई यूजर्स ने शिकायत की है कि Google Search काम नहीं कर रहा और स्क्रीन पर ‘Server Error’ का मैसेज दिखाई दे रहा है।

इस आउटेज के बाद सोशल मीडिया पर #GoogleDown तेजी से ट्रेंड करने लगा। X पर कई यूज़र्स ने स्क्रीनशॉट शेयर कर बताया है कि वे सर्च रिज़ल्ट्स एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।

आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector पर गूगल सर्च इंजन एक्सेस न कर पाने को लेकर 3000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। सबसे ज्यादा शिकायतें सुबह 10.30 बजे के आसपास आईं।

यूज़र्स को दिखाई दे रहे मैसेज में लिखा है: “We’re sorry but it appears that there has been an internal server error while processing your request. Our engineers have been notified and are working to resolve the issue. Please try again later.”

Google Search down

Downdetector के अनुसार, करीब 57% शिकायतें Google Search से जुड़ी थीं जबकि 28% यूज़र्स ने बताया कि कंटेंट सही तरीके से लोड नहीं हो रहा था। वहीं अन्य 11% यूजर्स ने वेबसाइट में तकनीकी दिक्कतों की शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल Google की ओर से इस तकनीकी समस्या पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन कंपनी के सर्च होमपेज पर मैसेज दिख रहा है कि इंजीनियर्स समस्या को ठीक करने में जुटे हुए हैं।

अगर समस्या लंबे समय तक जारी रहती है तो इसका असर करोड़ों इंटरनेट यूज़र्स और ऑनलाइन सेवाओं पर पड़ सकता है क्योंकि Google Search दुनिया का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला सर्च इंजन है।

1998 में शुरू हुआ था Google Search Engine

Google Search एक ऑटोमेटेड वेब सर्च इंजन है जिसके पास ग्लोबल सर्च मार्केट का 90% से अधिक हिस्सा है। यह वेब क्रॉलर्स नामक ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर की मदद से अरबों वेबपेज, इमेज और वीडियो को स्कैन, इंडेक्स और रैंक करता है, ताकि यूज़र्स को कुछ ही मिलीसेकंड में सबसे प्रासंगिक जानकारी मिल सके। Google Search की शुरुआत 1998 में हुई थी और हर दिन अरबों सर्च क्वेरीज़ को प्रोसेस करता है जिससे यह इंटरनेट पर जानकारी खोजने का सबसे महत्वपूर्ण जरिया बन चुका है।