भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने FASTag के वार्षिक पास की फीस बढ़ाने की घोषणा की है। इस बढ़ोतरी के बाद फास्टैग के इस ऐनुअल पास की कीमत 3,000 रुपये से बढ़कर 3,075 रुपये हो जाएगी। नई दरें 1 अप्रैल 2026 यानी नए वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत से लागू होंगी।

बता दें कि बढ़ी हुई कीमत सिर्फ उन नॉन-कमर्शियल वाहनों पर लागू होगी जो FASTag Annual Pass का इस्तेमाल करते हैं। इस फीस को National Highways Fee (Determination of Rates and Collection) Rules, 2008 के तहत रिवाइज किया गया है। जब इस पास के 200 ट्रिप या एक साल की अवधि पूरी हो जाती है तो यह अपने आप सामान्य FASTag में बदल जाता है।

हालांकि अगर 200 ट्रिप की सीमा पहले ही पूरी हो जाती है तो उपयोगकर्ता एक साल की वैधता खत्म होने से पहले भी दोबारा इस पास को खरीद सकते हैं।

कितने लोग इस्तेमाल कर रहे फास्टैग का ऐनुअल पास?

आपको याद दिला दें कि फास्टैग के इस ऐनुअल पास को 15 अगस्त 2025 को लॉन्च किया गया था। इसके बाद से निजी वाहन मालिकों के बीच इस पास को काफी लोकप्रियता मिली है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के आंकड़ों के मुताबिक, मौजूदा समय में 50 लाख से अधिक यूजर्स इस सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका इस्तेमाल राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर टोल का भुगतान करने के लिए किया जाता है। गौर करने वाली बात है कि राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर दर्ज कुल कार ट्रांजैक्शन (नॉन-कमर्शियल वाहनों के लिए) का एक-चौथाई या लगभग 28% से अधिक अब FASTag के सालाना पास के जरिए किया जा रहा है।

आंकड़ों से पता चलता है कि 2016 मे फास्टैग लॉन्च होने से अब तक कुल 11.86 करोड़ फास्टैग जारी हो चुके हैं। इनमें से देशभर में अभी करीब 5.9 करोड़ फास्टैग एक्टिव हैं और इन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग टोल प्लाज़ा पर इलेक्ट्रॉनिक टोल ट्रांजैक्शन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। नेशनल हाइवे पर करीब 98 फीसदी टोल अब फास्टैग के जरिए कलेक्ट किया जा रहा है।

क्या सभी टोल प्लाज़ा पास के तहत कवर होते हैं?

नहीं, फास्टैग का यह पास केवल राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर लगभग 1150 शुल्क प्लाजा पर मान्य है। राज्य सरकारों या स्थानीय निकायों द्वारा मैनेज किए जाने वाले एक्सप्रेसवे, राज्य राजमार्ग (SH) जैसे टोल प्लाजा पर, FASTag एक नियमित FASTag के रूप में काम करेगा और यूजर्स को लागू फी देनी होगी।

क्या फास्टैग ऐनुअल पास सभी के लिए अनिवार्य है?

फास्टैग का वार्षिक पास सभी के लिए अनिवार्य नहीं है। जिन लोगों ने पास नहीं लिया है उनके लिए मौजूदा फास्टैग ईकोसिस्टम काम कर रहा है।

FASTag ऐनुअल पास ऑनलाइन कैसे खरीदें?

आपको बता दें कि यूजर्स आधिकारक NHAI वेबसाइट के जरिए Rajmarg Yatra मोबाइल ऐप के जरिए FASTag ऐनुअल पास खरीद सकते हैं।

NHAI की वेबसाइट से फास्टैग पास खरीदने का मौका

स्टेप 1: सबसे पहले NHAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
स्टेप 2: फिर अपनी रजिस्टर्ड डिटेल्स के साथ लॉगइन करें
स्टेप 3: FasTag Annual Pass सेक्शन ढूंढें
स्टेप 4: इसके बाद अपने वाहन या FASTag डिटेल्स एंटर करें
स्टेप 5: इसके बाद eligibility (योग्यता) की पुष्टि करें और फिर पेमेंट करें

पेमेंट सफल होने के बाद आपके वाहन से जुड़े फास्टैग पर ऐनुअल पास एक्टिव हो जाएगा।

आप नीचे दी गईं स्टेप्स का फॉलो करके राजमार्ग यात्रा ऐप जरिए करके भी इसे खरीद सकते हैं:

स्टेप 1: सबसे पहले Google Play या iOS App स्टोर से Rajmarg Yatra ऐप डाउनलोड करें
स्टेप 2: अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के साथ लॉगइन करें
स्टेप 3: अपने वाहन का फास्टैग अकाउंट लिंक करें
स्टेप 4: इसके बाद FASTag Annual Pass सेक्शन में जाएं
स्टेप 5: फिर वाहन सिलेक्ट करें और पुष्टि करके आगे बढ़ें
स्टेप 6: बताई गई फीस की पेमेंट करें