Facebook India Net Profit: वित्तीय वर्ष 2025 में फेसबुक इंडिया के नेट प्रॉफिट में जबरदस्त उछाल आया है। फेसबुक इंडिया ने मार्च 2025 को खत्म हुए वित्त वर्ष में एकल आधार पर लगभग 647.45 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। यह पिछले साल की तुलना में 28 प्रतिशत ज्यादा है। टोफलर ने कंपनी द्वारा शेयर बाजार को दी सूचना के आधार पर यह जानकारी दी।
फेसबुक इंडिया ने एक साल पहले 504.93 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था। इस दौरान उसका परिचालन राजस्व (ऑपरेशनल रेवेन्यू) सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 3,792.91 करोड़ रुपये हो गया।
टोफलर ने कहा, ”वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कंपनी का कुल खर्च 2,881 करोड़ रुपये बताया गया है।” मेटा के स्वामित्व वाली फेसबुक इंडिया ऑनलाइन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी खर्च समीक्षाधीन अवधि में 36 प्रतिशत बढ़कर 648.57 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले 476 करोड़ रुपये था।
कंपनी का कर व्यय वित्त वर्ष 2023-24 के 209.2 करोड़ रुपये से 46 प्रतिशत बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में 305.18 करोड़ रुपये हो गया।
फेसबुक इंडिया का भारत में कामकाज
फेसबुक इंडिया ऑनलाइन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड भारत में ग्राहकों को विज्ञापन इन्वेंट्री बेचने के कारोबार से जुड़ी है और मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक. को आईटी-इनेबल्ड सपोर्ट तथा डिज़ाइन सपोर्ट सर्विसेज भी ऑफर करती है।
कंपनी फेसबुक, इंस्टाग्राम, मैसेंजर और थर्ड-पार्टी वेबसाइटों या मोबाइल एप्लिकेशनों पर विज्ञापन दिखाकर विज्ञापन राजस्व (advertising revenue) अर्जित करती है।
इसके अलावा, कंपनी मेटा की अमेरिकी इकाई के साथ किए गए सेवा समझौतों के तहत आईटी-सक्षम बिज़नेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (बीपीओ) सर्विसेज ऑफर करके भी आय अर्जित करती है।
समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ
