देश के कैब सर्विस सेक्टर में आज एक नया चैप्टर जुड़ गया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार (5 फरवरी 2026) नई दिल्ली में भारत का पहला सहकारी मॉडल आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी लॉन्च कर दिया। यह सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने और देश में समावेशी व नागरिक-केंद्रित परिवहन सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस नए प्लेटफॉर्म के साथ डिजिटल मोबिलिटी सेक्टर में बड़े बदलाव की तैयारी है।

अमित शाह ने कहा, ”सहकारिता से बहुत सारे लोग मिलकर छोटी-छोटी पूंजी लगाकर कैसे बड़ी शुरुआत कर सकते हैं, ‘भारत टैक्सी’ इसका उदाहरण है। आज का दिन टैक्सी चालक बहनों-भाइयों के लिए बहुत ही अहम है। उनके द्वारा शुरू की गई सहकारी क्षेत्र की पहली टैक्सी सर्विस ‘भारत टैक्सी’ का नई दिल्ली में शुभारंभ होगा। चालक बहन-भाई ‘भारत टैक्सी’ से न सिर्फ अधिक मुनाफा कमा पाएँगे, बल्कि सम्मान के साथ इसके मालिक भी होंगे। आज इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।”

यह प्लेटफॉर्म जीरो-कमीशन और बिना सर्ज प्राइसिंग मॉडल पर काम करेगा और इसमें मुनाफा सीधे ड्राइवरों को मिलेगा। मंत्रालय ने बताया कि भारत टैक्सी सारथियों की सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देता है। इसमें स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, रिटायरमेंट सेविंग्स और विशेष ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम शामिल है। इसके अलावा ‘बाइक दीदी’ जैसी पहल के तहत अब तक 150 से अधिक महिला ड्राइवर भारत टैक्सी से जुड़ चुकी हैं।

Bharat Taxi App क्या है?

‘भारत टैक्सी (Bharat Taxi) एक कोऑपरेटिव आधारित डिजिटल टैक्सी ऐप है। इसका मकसद कमर्शियल वाहन चालकों को Ola, Uber और रैपिडो जैसी प्राइवेट कंपनियों पर निर्भरता से मुक्त करना है। खास बात है कि भारत टैक्सी के ड्राइवरों को ‘सारथी’ कहा जाएगा।

दिल्ली में टेस्टिंग पूरी हो गई है जबकि गुजरात के राजकोट में अभी ट्रायल चल रहा है। पेमेंट और पारिश्रमिक प्रणाली (remuneration system ) को भी इस तरह तैयार किया गया है कि ड्राइवरों को बेहतर वित्तीय प्रोत्साहन मिल सके। ड्राइवरों को किराए का 80 प्रतिशत तक सीधे मिलेगा जिसके लिए एक मंथली क्रेडिट सिस्टम बनाया गया है। ऐप बाजार में पहले से कब्जा जमाए Ola, Uber और Rapido को टक्कर देगा। यह ऐप ऐंड्रॉयड व iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

यह प्लेटफॉर्म अमूल जैसी सफल सहकारी संस्थाओं से प्रेरित है और अमूल (GCMMF) के मैनेजिंग डायरेक्टर जयन मेहता इसके चेयरमैन हैं। इसे IFFCO, NABARD, KRIBHCO, NAFED, NDDB, NCEL और NCDC जैसी प्रमुख संस्थाओं का समर्थन भी मिला है। तकनीकी रूप से ‘भारत टैक्सी’ उसी बैकएंड सिस्टम पर आधारित है जिसका इस्तेमाल ONDC से जुड़ा नम्मा यात्री ऐप (Namma Yatri app) करता है। इस प्लेटफॉर्म को Moving Tech Innovations ने विकसित किया है जिससे यूज़र्स को विश्वसनीय और जाना-पहचाना अनुभव मिलता है।

टैक्सी खरीदने के लिए ड्राइवरों को मिलेगा लोन

Bharat Taxi के अनुसार, भविष्य में वह ड्राइवरों को अपनी खुद की टैक्सी खरीदने के लिए सरकारी लोन उपलब्ध कराएगी। सेवा का मानना है कि इससे रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे।

यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए भारत टैक्सी ने दिल्ली पुलिस और गुजरात पुलिस के साथ साझेदारी की है। इस ऐप में रीयल-टाइम ट्रैकिंग, सत्यापित ड्राइवर, बहुभाषी सुविधा और 24×7 कस्टमर केयर जैसी सुविधाएं होंगी। इसके अलावा, इसे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की भी योजना है।

Bharat Taxi App के प्रमुख फीचर्स

-इस ऐप में ग्राहकों को किसी तरह की सर्ज प्राइसिंग नहीं देनी होगी। पीक आवर्स में भी किराया फिक्स रहेगा।

-राइड ऑप्शन के तौरपर कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी और इंटरसिटी ट्रैवल सपोर्ट मिलेगा।

-कम किराया और पूरी पारदर्शिता के साथ ड्राइवर्स की पुलिस वेरिफिकेशन होगी। लाइव ट्रैकिंग, कॉन्टैक्ट के साथ राइड शेयरिंग और अलग-अलग भाषओं में 24/7 सपोर्ट।

-यह ऐप ऐंड्रॉयड व iOS प्लेटफॉर्म पर यात्रियों (Bharat Taxi) और ड्राइवर्स (Bharat Taxi Driver) के लिए उपलब्ध है।

Bharat Taxi App के फायदे

हर तरह की कैब सर्विस
अलग-अलग तरह की ट्रैवल की जरूरतों को पूरा करने के लिए भारत टैक्सी सर्विस (Bharat Taxi Service) हर तरह की कैब सर्विसेज ऑफर करती है। हर दिन शहर में जरूरत पड़ने वाली राइड्स से लेकर आउटस्टेशन ट्रिप के लिए एयरपोर्ट ट्रांसफर तक यूजर्स मल्टीपल व्हीकल ऑप्शन चुन सकते हैं। इस फ्लेक्सिबिलिटी के चलते ही यह कैब सर्विस व्यक्तिगत, परिवारों और बिजनेस ट्रैवलर्स के लिए पर्फेक्ट है।

‘सारथी’ ही बनेंगे मालिक
भारत टैक्सी सर्विस के सबसे अहम फीचर्स में से एक है- ड्राइवर्स के लिए ज़ीरो कमीशन। ड्राइवर अपनी पूरी कमाई अपने पास रखते हैं और प्लेटफ़ॉर्म को कोई कमीशन नहीं देना पड़ता। इससे उनकी इनकम बढ़ती है, आर्थिक दबाव कम होता है और वे यात्रियों को बेहतर व ज्यादा भरोसेमंद सर्विसेज देने के लिए प्रेरित होते हैं।

इंस्टेंट बुकिंग
भारत टैक्सी सर्विस इंस्टेंट बुकिंग सपोर्ट करता है। यूजर्स प्लेटफॉर्म के जरिए फटाफट कैब बुक क र सकते हैं। यह प्रक्रिया काफी सिंपल और समय बचाने वाली है और इससे इमरजेंसी या लास्ट-मिनट ट्रैवल प्लान के दौरान यात्रियों को सुविधा होती है। झटपट कन्फर्मेशन से यह सुनिश्चित होता है कि यात्रियों को देर तक राइड का इंतजार ना करना पड़े।

Ola, Uber का विकल्प
भारत टैक्सी सर्विस, बाजार में पहले से मौजूद Rapido, Ola और Uber का मजबूत विकल्प है। इस प्लेटफॉर्म पर ड्राइवर्स के लिए कोई कमीशन नहीं है। को-ऑपरेटिव ओनरशिप और भरोसेमंद सर्विसेज के साथ इस सर्विस का इरादा निष्पक्षता और स्थिरता पर है। इस मॉडल से ड्राइवर्स और पैसेंजर्स दोनों को फायदा मिलता है और लोगों को ज्यादा किफायती ऑप्शन मिलता है।

पढ़ें पूरी खबर: इसका किराया भी अन्य कैब के मुकाबले सस्ता होगा। आइए जानते हैं देश में कौन-कौन सी कैब चलती है।