श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी की गरिमामयी उपस्थिति में बाबा भगवान राम ट्रस्ट, नोएडा शाखा द्वारा रविवार, 4 अक्टूबर को निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 बच्चों सहित 137 मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं औषधियां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर की विधिवत शुरुआत पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी द्वारा संस्था के संस्थापक अध्यक्ष परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके उपरांत आयोजन स्थल पर एक लघु गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें पूर्व में चिकित्सा शिविरों का लाभ ले चुके मरीजों ने अपने अनुभव साझा किए। अनेक मरीजों ने संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई औषधियों एवं उपचार से लाभ मिलने की बात कही।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी ने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह प्रारंभ से ही सेवा एवं लोककल्याण के कार्यों में अग्रणी रही है।
लाखों लोगों को मिला लाभ
समूह द्वारा समय-समय पर आयोजित विभिन्न चिकित्सा शिविरों से अब तक लाखों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि संस्था केवल सेवा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में नैतिकता, चरित्र निर्माण, राष्ट्रप्रेम और मानवता के प्रति संवेदना जैसे मूल्यों को समाज में स्थापित करने के लिए भी समूह के सैनिक निरंतर कार्यरत है।
नोएडा शाखा का तीसरा निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर
शिविर के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शनिवार सुबह से ही शुरू कर दी गई थी। नए पंजीकरण के लिए बनाए गए काउंटर पूरी रात खुले रखे गए, ताकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रातः पूजा-अर्चना के पश्चात मरीजों को फकीरी दवा प्रदान की गई। इसके साथ ही मिर्गी के उपचार के लिए आयुर्वेदिक औषधियों का भी वितरण किया गया।
औषधि वितरण एवं चिकित्सा संबंधी मार्गदर्शन के लिए विशेष रूप से आमंत्रित वैद्य रंजीत सिंह एवं उनकी टीम ने मरीजों को औषधियों के सेवन की विधि, आवश्यक परहेज तथा उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
बाबा भगवान राम ट्रस्ट, नोएडा शाखा द्वारा आयोजित यह तीसरा निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर था। इससे पूर्व आयोजित दोनों शिविरों में भी सैकड़ों मरीजों ने उपचार एवं परामर्श का लाभ उठाया था।
शिविर को सफल बनाने में श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पूर्ण समर्पण, सेवा-भाव और तत्परता के साथ योगदान दिया। समूह के पदाधिकारियों ने आयोजन के सफल संचालन में सहयोग के लिए नोएडा प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सामुदायिक भवन उपलब्ध कराने के साथ-साथ पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में भी प्राधिकरण का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है।
गिनीज बुक में दर्ज है संस्था का नाम
बाबा भगवान राम ट्रस्ट एवं श्री सर्वेश्वरी समूह केवल एक आध्यात्मिक संस्था ही नहीं, बल्कि समाजसेवा एवं लोककल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय संगठन है। संस्था की स्थापना परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी द्वारा की गई थी और वर्तमान में पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में जरूरतमंदों की सेवा के लिए अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
आयुर्वेदिक पद्धति से सर्वाधिक कुष्ठ रोगियों का सफलतापूर्वक उपचार करने के लिए बाबा अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है।
