Vastu Tips: घर से तुरंत हटा दें ये 5 चीजें, नहीं होती है बरकत; जानिये क्या कहता है वास्तुशास्त्र
भारतीय वास्तुशास्त्र में कई ऐसी वस्तुओं का ज़िक्र है जिन्हें घर में रखना अशुभ माना जाता है। घर में उन्हें रखने से घर की सुख- शांति और संपन्नता में बाधा आती है।

भारतीय वास्तुशास्त्र में कई ऐसी बातों का ज़िक्र है जिस पर अमल कर हम एक खुशहाल जीवन जी सकते है। इसके अनुसार, घर में कुछ चीजों को रखना अशुभ माना जाता है। ऐसी चीजों को रखने से घर की सुख- शांति और संपन्नता पर असर होता है। इसलिए इनके बारे में जानकर आज ही इन चीज़ों को अपने घर से हटा दें। आज हम आपको ऐसे ही कुछ पांच चीज़ों के बारे में बता रहे हैं जिनको घर में रखना, वास्तुशास्त्र के अनुसार, खराब माना जाता है।
नहीं रखें कांटे वाले पौधें- घर में पौधों को लगाना एक नई ऊर्जा का संचार करता है लेकिन वहीं अगर आप घर में कांटे वाले पौधों को रखते हैं तो आपकी सुख शांति में खलल पड़ सकता है। वास्तुशास्त्र के अनुसार, घर में कांटेदार पौधें जैसे कैक्टस, गुलाब आदि नहीं रखना चाहिए। वास्तुशास्त्र यह भी कहता है कि बेडरूम में किसी तरह का पौधा नहीं रखना चाहिए।
फटे पुराने कपड़ों की पोटली को हटा दें घर से- अक्सर हम अपने फटे पुराने कपड़ों को आलमारी में पोटली बनाकर रख देते हैं। वास्तुशास्त्र में उसे अशुभ माना जाता है। इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा का निर्माण होता है। ऐसे कपड़ों की घर में नहीं रखना चाहिए बल्कि किसी जरूरतमंद को इसे दे देना चाहिए।
घर में नहीं रखें भगवान की ऐसी मूर्ति- भगवान की मूर्ति घर में रखना बेहद शुभ माना जाता है लेकिन वहीं अगर आप अपने घर में भगवान की टूटी हुई मूर्ति रखते हैं तो इससे घर में कई तरह की परेशानियां खड़ी हो जाती हैं। इसलिए आज ही घर से भगवान की पुरानी और फटी तस्वीरों को हटा दें और टूटी हुई मूर्तियों को पानी में विसर्जित कर दें।
खराब सामान और कबाड़ को न रखें घर में- अक्सर हम घर में खराब इलेक्ट्रिक उपकरणों और बेकार की पुरानी चीजों को संग्रह करके रखते हैं। वास्तुशास्त्र के अनुसार, ऐसा करने से हम स्वास्थ्य और धन सबंधी दिक्कतों में पड़ जाते हैं। इससे बचने के लिए आप टूटी चीज़ों को घर से बाहर कर दें। और जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब है, उनकी मरम्मत करवा लें।
टूटी अथवा खुली आलमारी- वास्तुशास्त्र के हिसाब से अगर आपके घर में कोई आलमारी टूटी है या फिर उसमें दरवाजा नहीं है तो इससे आपकी प्रगति पर असर पड़ सकता है। ऐसा कहा जाता है कि इससे घर में धन रुकता नहीं बल्कि पानी की तरह बह जाता है।