Vastu Tips For Home: हर व्यक्ति चाहता है कि उसका जीवन सुख सुविधाओं से भरा रहे। जिसके लिए वो दिन रात मेहनत भी करता है। लेकिन कई बार लाख कोशिशों के बाद भी वो सफलता नहीं मिल पाती जिसकी उसे चाह थी। वास्तु शास्त्र अनुसार अगर घर या ऑफिस का वास्तु खराब हो तो सफलता की राह में बाधा उत्पन्न होती है। वास्तु में कुछ ऐसे उपाय बताए गए हैं जिसे अपनाने से आप अपने जीवन में सुख-समृद्धि ला सकते हैं। जानिए क्या हैं ये उपाय।
वास्तु अनुसार अगर घर के मुख्य द्वार पर सिन्दूर से स्वास्तिक का निशान बनाया जाए तो इससे घर में सुख समृद्धि बनी रहती है। इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा प्रवेश नहीं कर पाती। सवास्तिक बनाते समय इस बात का ध्यान रखें कि ये नौ अंगुल लंबा और नौ अंगुल चौड़ा होना चाहिए।
घर के मुख्य द्वार पर तुलसी का पौधा रखना भी शुभ माना जाता है। ऐसा करने से वास्तु दोष से छुटकारा मिलता है। साथ ही आप चाहें तो घर के आस-पास केले का पेड़ भी लगा सकते हैं। ये पेड़ घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह करता है।
घर की छत पर गोल आईना लगाने से भी वास्तु दोष से छुटकारा मिलता है। ध्यान रखे कि घर की छत पर आईना ऐसे लगाएं जिससे उसमें पूरे घर का प्रतिबिंब नजर आए। (यह भी पढ़ें- Finance Horosocpe 2022: नया साल इन 4 राशि वालों के आर्थिक मामलों के लिए शुभ, धन-दौलत में वृद्धि की संभावना)
धन-दौलत में वृद्धि के लिए घर के मुख्य द्वार पर शंख, कौड़ी, सीप, समुद्री झाग, लाल कपड़े में या मौली में बांधकर लटका दें। मान्यता है ऐसा करने से घर पर या घर के लोगों को किसी की बुरी नजर नहीं लगती।
घर में सुबह शाम शंख की ध्वनि करने से भी घर में वास्तु दोष खत्म होता है और आर्थिक संपन्नता आती है। घर में धन की कभी कमी नहीं हो इसके लिए घर की लॉबी की दक्षिणी दीवार पर घर के अंदर आते हुए घोड़ों की तस्वीर लगाएं। मान्यता है ऐसा करने से धन संबंधी दिक्कतें दूर हो जाती हैं।
घर की उत्तर दिशा में कुबेर देवता की प्रतिमा लगाने से धन-दौलत में बढ़ोतरी होने की मान्यता है। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखे कि ये दिशा जितनी खाली रहती है उतनी ही सुख समृद्धि आती है।