ज्योतिष शास्त्र: सूर्य का मिथुन राशि में प्रवेश, जानिए क्या पड़ेगा 12 राशियों पर प्रभाव
सूर्य का यह गोचर 15 जून 2019 को हुआ है। जहां ये अगले 15 जुलाई तक रहने वाले हैं।

ज्योतिष के मुताबिक ग्रहों के राजा सूर्य राशि परिवर्तन हो गया है। सूर्य का यह गोचर 15 जून 2019 को हुआ है। जहां ये अगले 15 जुलाई तक रहने वाले हैं। बता दें कि सूर्य हर महीने राशि बदलते हैं। इस बार सूर्य देव अपनी वर्तमान राशि वृषभ से मिथुन में प्रवेश करेंगे। सूर्य के इस गोचर को मिथुन संक्रांति का नाम दिया जा रहा है। ज्योतिष के जानकारों के मुताबिक सूर्य का गोचर राशिचक्र की सभी राशियों पर कुछ न कुछ प्रभाव अवश्य डालता है। आगे जानते हैं कि यह गोचर सभी 12 राशियों को किस प्रकार प्रभावित करेगा।
मेष: सूर्य आपकी राशि के पराक्रम भाव में गोचर करेगा। जहां चार ग्रहों एक साथ योग बन रहा है। ऐसे में यह गोचर का काल आपके लिए शुभ रहने वाला है। इस दौरान आपको जीवन के हर क्षेत्र में लाभ प्राप्त होगा। चाहे वह व्यापार हो या नौकरी दोनों के लिए लाभदायक साबित होगा। हालांकि हर कार्य में थोड़ी देरी हो सकती है या मेहनत अधिक करना पड़ सकता है।
वृषभ: सूर्य आपकी राशि के धन भाव में गोचर करेंगे, जहां तीन ग्रहों का योग बन रहा है। धन भाव में तीन ग्रहों के होने से आपको धन लाभ का अवसर मिलेगा। सूर्य के इस गोचर की अवधि में आपको अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना होगा। साथ ही यह समय निवेश के लिए शुभ है। वहीं व्यापार और व्यवसाय में थोड़ा सतर्क रहना होगा। आँखों के संबन्धित समस्या हो सकती है, सावधान रहें।
मिथुन: सूर्य का यह गोचर आपकी ही राशि में होने जा रहा है। इस स्थिति में आपकी राशि पर भी चतुरग्रही (चार ग्रहों का) योग बन रहा है। साथ ही बुधादित्य योग भी आपकी राशि में बन रहा है। ऐसे में इस योग का सबसे अधिक लाभ आपको मिलेगा। साथ ही साथ इस गोचर की अवधि में आपका क्रोध बढ़ेगा। जिस कारण आपके काम बिगड़ सकते हैं इसलिए इस पर नियंत्रण रखें।
कर्क: आपकी राशि के 12वें भाव में चार ग्रहों का योग बन रहा है। इस गोचर के दौरान आपको बहुत अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है। धन-संचय में परेशानी होगी। साथ ही किसी पैतृक संपत्ति को लेकर मामला कोर्ट में जाएगा। हालांकि इसमें आपको जीत हासिल होगी। फिजूलखर्ची से बचें। इसके अलावा नौकरी और व्यापार में नुकसान सहना पड़ सकता है। वाद-विवाद से दूर रहें। विदेश यात्रा के योग हैं।
सिंह: सूर्य अपने इस गोचर के दौरान आपकी राशि के लाभ भाव में प्रवेश करेंगे। आर्थिक दृष्टिकोण से यह गोचर आपके लिए शुभ है। गोचर के दौरान आपकी उन्नति भी होगी। नौकरी-पेशे में परिवर्तन के लिए यह समय अच्छा है, चाहे वो प्राइवेट नौकरी हो या सरकारी। कार्यक्षेत्र में उन्नति के अच्छे योग हैं। साथ ही घर के सदस्यों से भी लाभ मिलेगा। प्रेम संबंधों में तनाव की स्थिति उत्पन्न होगी।
कन्या: आपकी कुंडली के 10वें भाव में सूर्य और मंगल एकसाथ रहेंगे। जिस कारण आपके लिए यह गोचर बेहद लाभदायक साबित होगा। गोचर के दौरान आपके सारे काम बनेंगे। नौकरी-पेशा वाले लोगों के लिए भी यह समय बहुत अच्छा है। वहीं घर-परिवार में सुख और शांति का वातावरण बना रहेगा। हालांकि सेहत थोड़ा प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा बेरोजगार लोगों के लिए नौकरी मिलने की अधिक संभावना है।
तुला: सूर्य आपकी राशि के भाग्य भाव में गोचर कर रहे हैं। जिसके प्रभाव से आपको हर प्रकार से लाभ मिलने वाला है। पिता के सुखों में वृद्धि होगी। साथ ही धन लाभ के दृष्टिकोण से यह समय आपके लिए बहुत अधिक शुभ है। इसके अलावा आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। धन का लाभ होता रहेगा। परिवार के लोगों और मित्रों के बीच बने मतभेद को दूर करें। विद्यार्थियों के लिए यह समय शुभ रहने वाला है।
वृश्चिक: आपकी राशि के आठवें भाव में चतुरग्रही युति बन रही है। सूर्य के साथ शनि की दृष्टि पर रही है। गोचर के दौरान आपको सावधान रहना होगा। शारीरिक परेशानी हो सकती है। साथ ही बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा कानून से संबंधित झगड़े आदि में फंस सकते हैं। वहीं दाम्पत्य जीवन को यह गोचर प्रभावित कर सकता है। नौकरी और व्यवसाय में परेशानी हो सकती है। सूर्य की उपासना लाभकारी होगी।
धनु: आपकी राशि के सातवें भाव में सूर्य का यह गोचर हो रहा है। यह गोचर आपके वैवाहिक जीवन में मुश्किलें पैदा करेगा। वहीं आपके व्यक्तित्व में बहुत अधिक विकास होने वाला है। गोचर के दौरान यात्रा कष्टदायी होगी। सेहत का बेहद ख्याल रखना होगा। जीवनसाथी की सेहत का विशेष ख्याल रखें। लक्ष्य पाने के लिए लिए अधिक से अधिक मेहनत करें। वायापार में लाभ के योग हैं।
मकर: सूर्य का यह गोचर आपकी राशि के छठे भाव में बन रहा है। साथ ही चतुरग्रही योग भी बन रहा है। इसके अलावा यह समय आपको जीवन के सभी क्षेत्रों में सफलता दिलाएगा। गोचर के दौरान नौकरी और व्यापार में उन्नति और सफलता मिलेगी। रुके हुए काम बनेंगे और मान-सम्मान में वृद्धि होगी। कोर्ट-कचहरी से संबंधित विवादों से लाभ होगा।
कुंभ: सूर्य आपकी राशि के पांचवें भाव में गोचर करेगा। यह समय धन लाभ के लिए बहुत ही शुभ है। संतान की तरफ से शुभ समाचार मिलेगा। वहीं आपको मानसिक अशांति का सामना करना पड़ सकता है। गोचर के दौरान उधार देने से बचें। सरकारी नौकरी वाले जातक इस दौरान बेहद सतर्क रहें, फंस सकते हैं।
मीन: सूर्य का यह गोचर आपकी राशि के चौथे भाव में होने जा रहा है। इस दौरान आपकी कुंडली में चतुरग्रही योग बन रहे हैं। यह समय आपके लिए बहुत खास रहने वाला है। परंतु परिवार में कलह का वातावरण बन सकता है। वहीं समाज में आपको मान-सम्मान प्राप्त होगा। राजनीति से जुड़े जातकों के लिए पद और कद दोनों ही बढ़ने वाला है। वहीं धोखा मिलने का भी योग बन रहा है। नौकरी में पदोन्नति के योग हैं।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।