Lord Shiva Puja: अक्सर हम मंदिर जाकर दर्शन करते हैं, जल चढ़ाते हैं और लौट आते हैं, लेकिन पूजा से जुड़े कई छोटे-छोटे रिवाजों का सही मतलब हमें पता नहीं होता। तीन बार ताली बजाना भी उन्हीं परंपराओं में से एक है, जिसे लोग करते तो हैं, पर समझते नहीं। क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि शिव मंदिर में आरती पूरी होने या अभिषेक के बाद भक्त तीन बार ताली जरूर बजाते हैं? ज्यादातर लोग इसे परंपरा समझकर निभा लेते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसके पीछे एक खास भाव और गहरा अर्थ छिपा होता है। ज्योतिषी और वास्तु विशेषज्ञ पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, शिव मंदिर में ताली बजाना केवल आवाज करना नहीं है, बल्कि यह भक्त की आस्था, भावना और भगवान शिव के प्रति समर्पण को दर्शाता है। जब भक्त तीन बार ताली बजाता है, तो वह मन, वचन और कर्म से भगवान के चरणों में स्वयं को अर्पित करता है। आइए जानते हैं कि शिव पूजा में तीन बार ताली बजाने की इस परंपरा के पीछे क्या मान्यता है और इसका आध्यात्मिक महत्व क्या माना जाता है।
पहली, दूसरी और तीसरी ताली का अर्थ
हिंदू धर्म में मान्यता है कि जब कोई भक्त भगवान शिव के मंदिर में जाता है, तो वह केवल दर्शन करने नहीं आता, बल्कि अपने मन और भावनाओं के साथ स्वयं को शिव की शरण में सौंप देता है। शिव मंदिर में बजाई जाने वाली तीन तालियां इसी भाव को व्यक्त करती हैं। कहा जाता है कि ये तीनों तालियां भक्त के तीन अलग-अलग भावों को दर्शाती हैं। हर ताली का अपना एक खास अर्थ होता है, जो श्रद्धा, प्रार्थना और समर्पण से जुड़ा होता है। यही कारण है कि शिव पूजा में तीन बार ताली बजाने की परंपरा को विशेष महत्व दिया गया है।
पहली ताली: ‘मैं आपकी शरण में हूं’
शिव मंदिर में बजाई जाने वाली पहली ताली भक्त की उपस्थिति को दर्शाती है। इसका अर्थ होता है कि भक्त स्वयं को भगवान शिव के सामने प्रस्तुत कर रहा है। जैसे किसी दरबार में पहुंचकर अपनी मौजूदगी का एहसास कराया जाता है, उसी तरह यह ताली यह भाव प्रकट करती है कि – ‘हे महादेव, मैं आपके चरणों में आ चुका हूं।’
दूसरी ताली: मन की बात शिव तक पहुंचाना
शिव मंदिर में बजाई जाने वाली दूसरी ताली भक्त की प्रार्थना और मनोकामना से जुड़ी होती है। इस समय भक्त अपने मन की बात चुपचाप भगवान शिव से कहता है। कोई अपनी परेशानियां बताता है, कोई नौकरी या तरक्की की कामना करता है, तो कोई संतान सुख या बीमारी से मुक्ति की प्रार्थना करता है। यह ताली भगवान से किए गए उस निवेदन का प्रतीक मानी जाती है, जिसमें भक्त पूरे विश्वास के साथ अपनी इच्छा महादेव के चरणों में रख देता है और उनकी कृपा की कामना करता है।
तीसरी ताली: क्षमा और पूर्ण समर्पण
शिव मंदिर में बजाई जाने वाली तीसरी ताली को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इस ताली के साथ भक्त स्वयं को पूरी तरह भगवान शिव को समर्पित कर देता है। पूजा के दौरान अगर कोई गलती हो गई हो, मंत्र ठीक से न बोले गए हों या मन किसी वजह से भटक गया हो, तो इसी ताली के माध्यम से भक्त भगवान से क्षमा मांगता है। यह ताली यह भाव दर्शाती है कि भक्त अपने अहंकार, गलतियों और चिंताओं को छोड़कर पूरी श्रद्धा के साथ महादेव के चरणों में खुद को अर्पित कर रहा है।
पौराणिक कथाओं में ताली का उल्लेख
लोक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं में भी शिव पूजा के दौरान ताली बजाने का उल्लेख मिलता है। कहा जाता है कि लंका विजय से पहले भगवान राम ने समुद्र तट पर शिवलिंग की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा की थी और अपनी आराधना पूर्ण होने पर तीन बार ताली बजाई थी। इसी तरह रावण को भी भगवान शिव का परम भक्त माना जाता है। कथाओं के अनुसार, वह शिव पूजा के समय तीन बार ताली बजाकर अपनी उपस्थिति, प्रार्थना और पूर्ण समर्पण व्यक्त करता था।
यह भी पढ़ें:
डिसक्लेमर- इस लेख को विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
