Shardiya Navratri 2026: हिंदू धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व है। साल में कुल चार नवरात्रि होती है। इनमें चैत्र और शारदीय नवरात्रि के अलावा दो गुप्त नवरात्रि होती है। ऐसे ही आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शारदीय नवरात्रि आरंभ होती है। इस दौरान मां दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा करने का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शारदीय नवरात्रि आरंभ होने से पहले घर और पूजा स्थल की ठीक ढंग से साफ-सफाई अवश्य करनी चाहिए। ऐसा करने से घर की नकारात्मकता दूर होने और वातावरण में सकारात्मकता बनी रहने की मान्यता है। ऐसे में आप भी नवरात्रि शुरू होने से पहले घर के मंदिर की साफ-सफाई करने के साथ-साथ कुछ बेकार पड़ी या टूटी-फूटी चीजों को अवश्य हटा दें…
कब से है शारदीय नवरात्रि?
द्रिक पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात 9 बजकर 19 मिनट से शुरू होगी, जो 11 अक्टूबर की रात 9 बजकर 30 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर 2026 से आरंभ हो रही है।
खंडित मूर्तियां या तस्वीरें
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार , घर के मंदिर में देवी-देवताओं की टूटी-फूटी या खंडित मूर्ति , तस्वीर नहीं रखना चाहिए। इन्हें रखने से नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है। इसलिए इन्हें मंदिर से सम्मानपूर्वक हटाकर धार्मिक विधि के अनुसार विसर्जित या फिर उपयुक्त स्थान में रख दें।
पुराने और सूखे फूल
पूजा के बाद फूल और मालाएं कुछ समय के बाद सूख जाती हैं। ऐसे में फूलों को लंबे समय तक मंदिर में नहीं छोड़ना चाहिए। इसलिए मंदिर की सफाई करते समय इन्हें हटा दें।
पुरानी पूजा सामग्री
मंदिर में लंबे समय से ऐसी पूजा सामग्री है जिसका आप इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं या फिर वह खराब हो गई हैं, तो हटा दें। लंबे समय से रखे पुराने या अनुपयोगी कलावा, जली हुई अगरबत्ती या अन्य खराब सामग्री को हटा दें।
पुरानी चुनरी समेत अन्य चीजें
शारदीय नवरात्रि में देवी-देवताओं को नई चुनरी, वस्त्र, आभूषण आदि अर्पित किए जाते हैं। अगर मंदिर में देवी-देवताओं की ऐसी पुरानी चुनरी या वस्त्र रखे हैं जो बहुत पुराने, मैले या फिर खराब हो चुके हैं, तो नवरात्रि से पहले सम्मानपूर्वक बदल दें। साफ और अच्छी स्थिति वाली चुनरी, वस्त्र आदि को दोबारा धोकर इस्तेमाल कर लें।
पुराने दीपक
शारदीय नवरात्रि से पहले पूजा घर से टूटे, चटके हुए दीपक हटा देना चाहिए। इसके अलावा अगर आप मिट्टी के दीपक टूटे, चटके हुए हैं, तो उन्हें भी हटा दें। पूजा के लिए साफ और सही स्थिति या फिर नए मिट्टी के दीपक का इस्तेमाल करें।
खराब या टूटी पूजा की वस्तुएं
अगर आपके मंदिर में कोई पूजा थाली, कलश, घंटी या कोई अन्य सामान टूट गया हो या कोई धार्मिक पुस्तक फट गई हो, तो सम्मानपूर्वक अलग रखें या फिर संभव हो तो उसकी मरम्मत कराएं या फिर धार्मिक विधि के अनुसार उसका निस्तारण करें।
नवरात्रि से पहले मंदिर की अच्छी तरह से करें सफाई
शारदीय नवरात्रि आरंभ होने से पहले मंदिर की अच्छी तरह से सफाई कर लें। चौकी, देवी-देवताओं की मूर्ति सहित पूजा के अन्य सामान को साफ कर लें। इसके साथ ही मंदिर को अच्छे से सजा लें।
डिस्क्लेमर- इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं पर आधारित है। इन मान्यताओं की वैज्ञानिक पुष्टि नहीं की गई है। किसी भी धार्मिक उपाय या फिर परंपरा को करने से पहले अपनी आस्था और स्थानीय परंपराओं का ध्यान अवश्य रखें।
