Shardiya Navratri 2026: हिंदू धर्म में नवरात्रि को अत्यंत शुभ माना जाता है। साल में कुल चार बार नवरात्रि होती हैं। जिसमें से शारदीय और चैत्र प्रमुख नवरात्रि होती हैं, जबकि आषाढ़ और माघ मास में गुप्त नवरात्रि पड़ती हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि के साथ शारदीय नवरात्रि आरंभ होती हैं। इस साल 11 अक्टूबर 2026, रविवार से शुरू हो रही है।

नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा पृथ्वी  पर आती हैं और नवरात्रि समापन के बाद वह अपने लोक को प्रस्थान करती हैं। मान्यता है कि देवी का आगमन और प्रस्थान अलग-अलग वाहनों पर होता है और इन वाहनों का संबंध नवरात्रि के आरंभ और समापन वाले दिन के वार से जोड़ा जाता है।

देवी के वाहन से जुड़े एक प्रसिद्ध श्लोक के आधार पर सप्ताह के अलग-अलग वार के अनुसार देवी के आगमन के वाहन का निर्धारण किया जाता है। इसी परंपरा के आधार पर उनके वाहन को शुभ-अशुभ संकेतों से जोड़कर देखा जाता है। साल 2026 में शारदीय नवरात्रि रविवार से शुरू हो रही है। इसलिए प्रचलित मान्यता के अनुसार मां दुर्गा का आगमन हाथी पर माना जा रहा है। आइए जानते हैं इस साल मां दुर्गा किस वाहन पर सवार होकर धरती पर आएंगी और किस वाहन से प्रस्थान करेंगी, इसके साथ ही इन वाहनों का धार्मिक महत्व भी जानिए।  

मां दुर्गा के आगमन की सवारी

शशि सूर्य गजरुढा शनिभौमै तुरंगमे।
गुरौशुक्रेच दोलायां बुधे नौकाप्रकीर्तिता॥
गजेश जलदा देवी क्षत्रभंग तुरंगमे।
नौकायां कार्यसिद्धिस्यात् दोलायों मरणधु्रवम्॥

नवरात्रि में मां दुर्गा के आगमन और प्रस्थान के वाहन को लेकर धार्मिक परंपरा में एक प्रचलित श्लोक मिलता है। इसमें नवरात्रि के आरंभ होने वाले दिन के वार के आधार पर देवी के आगमन से जोड़कर देखा जाता है।

रविवार और सोमवार को देवी का हाथी से आगमन, शनिवार और मंगलवार -घोड़े पर, गुरुवार और शुक्रवार- डोली या पालकी में, बुधवार को देवी का आगमन नाव पर होता है।

इस साल शारदीय नवरात्रि का आरंभ रविवार से हो रहा है। ऐसे में मां दुर्गा का आगमन हाथी से माना जा रहा है।

इन वाहनों से जुड़े फल

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवी के अलग-अलग वाहनों के अलग-अलग शुभ-अशुभ संकेतों से जोड़कर देखा जाता है। इस साल मां दुर्गा का आगमन हाथी से हो रहा है। ऐसे में वर्षा और सुख-समृद्धि में वृद्धि देखने को मिल सकती है।

वहीं, घोड़े को संघर्ष और अस्थिरता का संकेत, नाव को कार्य सिद्धि का संकेत, डोली को प्रतिकूलता संकेत माना जाता है।

देवी दुर्गा के प्रस्थान की सवारी

शशिसूर्यदिने यदि सा विजया महिषागमने रूजशोककरा।
शनिभौमदिने यदि सा विजया चरणायुधयानकरी विकला॥
बुधशुक्रदिने यदि सा विजया गजवाहनगा शुभवृष्टिकरा।
सुरराजगुरौ यदि सा विजया नरवाहनगा शुभसौख्यकरा॥

मां दुर्गा विजयादशमी के दिन धरती से प्रस्थान करती हैं। दशमी तिथि जिस वार को पड़ती है उसी के अनुसार देवी के प्रस्थान का वाहन निर्धारित किया जाता है।

रविवार या सोमवार- भैंसा
शनिवार या मंगलवार- चरणायुध या मुर्गा
बुधवार या शुक्रवार- हाथी
गुरुवार- मनुष्य या नर वाहन

इस साल किस वाहन से प्रस्थान करेंगी मां दुर्गा

इस साल दशमी तिथि 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को पड़ रही है। ऐसे में मां दुर्गा का प्रस्थान चरणायुध या मुर्गा पर माना जा रहा है। इसे विकलता या अस्थिरता से जोड़कर देखा जाता हैं।

प्रस्थान के वाहनों से जुड़े फल

प्रचलित श्लोक के अनुसार, अगर मां भैंसे से प्रस्थान करती हैं, तो इसे रोग और शोक से जोड़कर देखा गया है। मुर्गा को विकलता या अस्थिरता का संकेत माना गया है। वहीं हाथी को शुभ वर्षा का संकेत माना गया है। मनुष्य को सुख-समृद्धि और सौख्य से जोड़कर देखा गया है।

6 नवंबर को कन्या राशि में प्रवेश करेंगे धनदाता शुक्र, मेष, वृश्चिक और मकर राशि को निवेश और तरक्की से लाभ मिलने के योग

डिस्क्लेमर- इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। मां दुर्गा के आगमन और प्रस्थान के वाहन तथा इससे जुड़े शुभ-अशुभ फल को लेकर अलग-अलग मान्यताओं और पंचांग परंपराएं हो सकती हैं। इसलिए पाठकों से अनुरोध है कि इसे धार्मिक मान्यता के रूप में ही लें। किसी भी प्रकार से इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं।