Shardiya Navratri 2026 Date: शारदीय नवरात्रि हिंदू धर्म के प्रमुख और पवित्र पर्वों में से एक है। यह पर्व मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के लिए समर्पित होता है। मान्यता है कि नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा करने और व्रत रखने से घर में सुख-समृद्धि आती है और जीवन की परेशानियां दूर होती हैं। नवरात्रि के दौरान भक्त मां शैलपुत्री से लेकर मां सिद्धिदात्री तक देवी के नौ स्वरूपों की पूजा करते हैं। दशमी तिथि पर विजयादशमी का पर्व मनाया जाता है। इस साल शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर को हो रही है। वहीं समापन 20 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को विजयादशमी को होगा। आइए जानते हैं तिथि और घट स्थापना का शुभ मुहूर्त…
शारदीय नवरात्रि तिथि 2026
फ्यूचर पंचांग के अनुसार आश्विन शुक्ल प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात करीब 9 बजकर 18 मिनट से आरंभ होकर 11 अक्टूबर की रात 9 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार, नवरात्रि का पहला दिन 11 अक्टूबर को ही मान्य होगा। इस दिन घट स्थापना करने का विधान है। नवरात्र के पहले दिन घर में कलश स्थापना करके मां भगवती की आराधना शुरू की जाती है। श्रद्धालु नौ दिनों तक माता के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा करते हैं।
शारदीय नवरात्रि घट स्थापना का शुभ मुहूर्त
पंचांग के मुताबिक 11 अक्टूबर को कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 19 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 12 मिनट तक रहेगा। इसके अलावा आप अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11 बजकर 44 मिनट से दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक भी कलश स्थापना कर सकते हैं। हालांकि, अलग-अलग शहरों में सूर्योदय और स्थानीय समय के अंतर के कारण मुहूर्त में थोड़ा बदलाव हो सकता है।
शारदीय नवरात्रि पूजा-विधि
नवरात्रि के पहले दिन सुबह स्नान करके साफ- सुथरे कपड़े पहनें और पूजा स्थान की अच्छी तरह सफाई करें। इसके बाद चौकी पर लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाकर मां दुर्गा की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। सबसे पहले भगवान गणेश का ध्यान करें और फिर कलश स्थापना करें।
वहीं कलश में जल भरकर उसमें अक्षत, सुपारी, सिक्का और दूर्वा डालें। कलश के ऊपर आम या अशोक के पत्ते रखें और नारियल को लाल कपड़े में लपेटकर स्थापित करें। इसके बाद मां दुर्गा का आह्वान करें और रोली, अक्षत, सिंदूर, फूल, माला, फल, मिठाई और धूप-दीप अर्पित करें।
इसके बाद दुर्गा सप्तशती या देवी के मंत्रों का पाठ करें। रोजाना मां दुर्गा की आरती करें और अपनी श्रद्धा के अनुसार व्रत रखें। नवरात्रि के नौ दिनों तक सात्विक भोजन करें और मां के नौ स्वरूपों की पूजा करें। मान्यता है कि अष्टमी या नवमी के दिन कन्या पूजन और हवन करने से नवरात्रि की पूजा पूर्ण मानी जाती है।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
