Shardiya Navratri 2026 Date: हिंदू धर्म में शारदीय नवरात्रि का विशेष महत्व माना जाता है। यह पावन पर्व मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा और आराधना को समर्पित है। नवरात्रि के पहले दिन घरों और मंदिरों में कलश स्थापना यानी घटस्थापना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि विधि-विधान से कलश स्थापना करने और मां दुर्गा की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। नवरात्रि के दौरान भक्त नौ दिनों तक व्रत रखते हैं, दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हैं और मां दुर्गा से सुख, शांति और खुशहाली की कामना करते हैं। इस साल शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर आज से हो रही है। आइए जानते हैं शारदीय नवरात्रि में कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त और पूजा- विधि…
शारदीय नवरात्रि घट स्थापना का शुभ मुहूर्त
फ्यूचर पंचांग के मुताबिक 11 अक्टूबर को कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 19 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 12 मिनट तक रहेगा। इसके अलावा आप अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11 बजकर 44 मिनट से दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक भी कलश स्थापना कर सकते हैं।
कलश स्थापना की पूजा- विधि
1. पूजा स्थल की सफाई करें
नवरात्रि के पहले दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। इसके बाद पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई करें। पूजा की चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाकर मां दुर्गा की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
2. जौ बोने के लिए मिट्टी का पात्र तैयार करें
एक साफ मिट्टी के पात्र में मिट्टी डालें और उसमें जौ के बीज बो दें। इसके बाद थोड़ा पानी छिड़कें। नवरात्रि के दौरान जौ को उगते हुए देखना शुभ माना जाता है।
3. कलश तैयार करें
तांबे, पीतल या मिट्टी के कलश में साफ जल भरें। उसमें अक्षत, सुपारी और सिक्का डाल सकते हैं। कलश के मुख पर आम या अशोक के पत्ते लगाएं और ऊपर नारियल रखें। नारियल को लाल कपड़े या मौली से लपेटा जा सकता है। कलश पर रोली से स्वस्तिक बनाएं।
4. कलश की स्थापना करें
तैयार कलश को जौ वाले पात्र के पास या उसके ऊपर परंपरा के अनुसार स्थापित करें। इसके बाद मां दुर्गा का ध्यान करें और गणेश जी का स्मरण करके पूजा शुरू करें। कलश को देवी की शक्ति और शुभता का प्रतीक मानकर उसकी पूजा की जाती है।
5. मां दुर्गा की पूजा करें
मां दुर्गा को लाल फूल, अक्षत, रोली, धूप, दीप और फल अर्पित करें। इसके बाद दुर्गा चालीसा या दुर्गा सप्तशती का पाठ करें और मां दुर्गा के मंत्रों का जाप करें। बाद में आरती करके परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना करें।
दुर्गा मां के इन मंत्रों का करें जाप:
- 1- सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके।
शरण्ये त्र्यंबके गौरी नारायणि नमोऽस्तुते।।
- 2- ॐ जयन्ती मंगला काली भद्रकाली कपालिनी।
दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तुते।।
- 3- या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
या देवी सर्वभूतेषु लक्ष्मीरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
या देवी सर्वभूतेषु तुष्टिरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
या देवी सर्वभूतेषु दयारूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
या देवी सर्वभूतेषु बुद्धिरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
या देवी सर्वभूतेषु शांतिरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
- 4- नवार्ण मंत्र ‘ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चै’ का जाप अधिक से अधिक अवश्य करें।
दुर्गा जी की आरती: ॐ जय अम्बे गौरी…
जय अम्बे गौरी, मैया जय श्यामा गौरी ।
तुमको निशदिन ध्यावत, हरि ब्रह्मा शिवरी ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
मांग सिंदूर विराजत, टीको मृगमद को ।
उज्ज्वल से दोउ नैना, चंद्रवदन नीको ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
कनक समान कलेवर, रक्ताम्बर राजै ।
रक्तपुष्प गल माला, कंठन पर साजै ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
केहरि वाहन राजत, खड्ग खप्पर धारी ।
सुर-नर-मुनिजन सेवत, तिनके दुखहारी ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
कानन कुण्डल शोभित, नासाग्रे मोती ।
कोटिक चंद्र दिवाकर, सम राजत ज्योती ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
शुंभ-निशुंभ बिदारे, महिषासुर घाती ।
धूम्र विलोचन नैना, निशदिन मदमाती ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
चण्ड-मुण्ड संहारे, शोणित बीज हरे ।
मधु-कैटभ दोउ मारे, सुर भयहीन करे ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
ब्रह्माणी, रूद्राणी, तुम कमला रानी ।
आगम निगम बखानी, तुम शिव पटरानी ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
चौंसठ योगिनी मंगल गावत, नृत्य करत भैरों ।
बाजत ताल मृदंगा, अरू बाजत डमरू ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
तुम ही जग की माता, तुम ही हो भरता,
भक्तन की दुख हरता । सुख संपति करता ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
भुजा चार अति शोभित, खडग खप्पर धारी ।
मनवांछित फल पावत, सेवत नर नारी ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
कंचन थाल विराजत, अगर कपूर बाती ।
श्रीमालकेतु में राजत, कोटि रतन ज्योती ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
श्री अंबेजी की आरति, जो कोइ नर गावे ।
कहत शिवानंद स्वामी, सुख-संपति पावे ॥
ॐ जय अम्बे गौरी..॥
जय अम्बे गौरी, मैया जय श्यामा गौरी ।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
