Shardiya Navratri 2026 Ghatasthapana Time Kalash Sthapana Muhurat Puja Vidhi Mantra Samagri And Aarti Maa Shailputri: द्रिक पंचांग के अनुसार, हर साल आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि के साथ शारदीय नवरात्रि आरंभ हो जाती है। इस दौरान मां दुर्गा और शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की पूजा की जाएगी। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा करने के साथ-साथ घटस्थापना किया जाएगा। आज द्विपुष्कर योग के साथ कलात्मक, हंस से लेकर कई राजयोगों का निर्माण हो रहा है। आइए जानते हैं शारदीय नवरात्रि का शुभ मुहूर्त, कलश स्थापना विधि, मां शैलपुत्री पूजा विधि, मंत्र, आरती सहित अन्य जानकारी…

शारदीय नवरात्रि कलश स्थापना के शुभ मुहूर्त

सुबह का मुहूर्त- सुबह 06:19 बजे से सुबह 10:12 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त- सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक

शारदीय नवरात्रि शुभ चौघड़िया मुहूर्त

दिन के समय

चर (सामान्य): सुबह 07:33 बजे से सुबह 09:00 बजे तक
लाभ (उत्तम): सुबह 09:00 बजे से सुबह 10:28 बजे तक
अमृत (सर्वोत्तम): सुबह 10:28 बजे से सुबह 11:56 बजे तक
शुभ (उत्तम): दोपहर 01:24 बजे से दोपहर 02:51 बजे तक

शारदीय नवरात्रि 2026 राहुकाल का समय

द्रिक पंचांग के अनुसार, 11 अक्टूबर को राहुकाल शाम 4:34 बजे से शाम 6:01 बजे तक रहेगा।

शारदीय नवरात्रि 2026 कलश स्थापना विधि (Shardiya Navratri 2026 Ghatasthapana Puja Vidhi)

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा करने का विधान है। अगर आप इस बार व्रत रखने के साथ-साथ कलश स्थापना कर रहे हैं, तो पंडित को बुलाकर करा सकते हैं। अगर आप स्वयं करना चाहते हैं, तो इस विधि से कर सकते हैं।

  • सबसे पहले स्नान करके साफ-सुथरा वस्त्र धारण कर लें। इसके बाद अगर आप व्रत रख रहे हैं, तो हाथ में फूल और अक्षत लेकर मां दुर्गा का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प ले लें। फिर पूजा आरंभ करें।
  • सबसे पहले एक साफ लकड़ी की चौकी रखें और उस पर लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाएं। फिर उस पर मां दुर्गा की तस्वीर या मूर्ति स्थापित करें। इसके बाद प्रथम पूज्य भगवान गणेश का ध्यान करके पूजा का आरंभ करें।
  • अब कलश स्थापना के लिए शुद्ध मिट्टी में जौ मिलाकर चौकी के पास रखें। फिर मिट्टी या पीतल के कलश के मुख पर कलावा बांधें और उस पर स्वास्तिक का चिन्ह बनाएं। इसके बाद कलश में जल और गंगाजल भरें और उसमें 2 लौंग, एक हल्दी की गांठ, एक सुपारी, थोड़ी दूर्वा और एक सिक्का डालें। फिर आम या अशोक के पत्ते लगाकर कलश को ढक्कन से बंद करें और ऊपर चावल या गेहूं रखें।
  • यदि आप कलश पर नारियल स्थापित कर रहे हैं, तो उस पर स्वास्तिक बनाकर लाल कपड़ा लपेटें और कलावा से बांधकर कलश के ऊपर रखें।
  • इसके बाद विधिपूर्वक कलश और मां दुर्गा की पूजा करें और व्रत का संकल्प लें। मां दुर्गा और मां शैलपुत्री का ध्यान करते हुए सफेद फूल, माला, सिंदूर, कुमकुम, अक्षत और सोलह श्रृंगार अर्पित करें। फिर फल और मिठाई का भोग लगाएं।
  • अंत में घी का दीपक और धूप जलाकर मां दुर्गा, शैलपुत्री के मंत्र, स्तोत्र, कवच आदि का पाठ कर लें और अंत में आरती करके भूलचूक के लिए माफी मांग लें।

मां शैलपुत्री पूजा विधि (Maa Shailputri Puja Vidhi)

शारदीय नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना, अखंड ज्योत जलाने के साथ-साथ मां शैलपुत्री की विधिवत पूजा करें। माता शैलपुत्री की पूजा करते हुए उन्हें सफेद फूल, माला, सिंदूर, कुमकुम और अक्षत अर्पित करें और सफेद रंग की मिठाई का भोग लगाया जाता है। पूजा के दौरान घी का दीपक और धूप जलाकर मां शैलपुत्री के मंत्र, स्तोत्र और कवच का श्रद्धापूर्वक पाठ किया जाता है। अंत में विधि-विधान से आरती कर अनजाने में हुई किसी भी त्रुटि के लिए क्षमा याचना की जाती है।

मां दुर्गा के मंत्र( Mantras of maa Durga)

1- ॐ जयन्ती मंगला काली भद्रकाली कपालिनी।
दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तुते।।

2- या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।

3- या देवी सर्वभूतेषु लक्ष्मीरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।

4-या देवी सर्वभूतेषु तुष्टिरूपेण संस्थिता,
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।

5- सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके।
शरण्ये त्र्यंबके गौरी नारायणि नमोऽस्तुते।।

मां शैलपुत्री की आरती लिरिक्स (Maa Shailputri Aarti Lyrics)

शैलपुत्री मां बैल पर सवार। करें देवता जय जयकार।
शिव शंकर की प्रिय भवानी। तेरी महिमा किसी ने ना जानी।
पार्वती तू उमा कहलावे। जो तुझे सिमरे सो सुख पावे।
ऋद्धि-सिद्धि परवान करे तू। दया करे धनवान करे तू।
सोमवार को शिव संग प्यारी। आरती तेरी जिसने उतारी।
उसकी सगरी आस पुजा दो। सगरे दुख तकलीफ मिला दो।
घी का सुंदर दीप जला के। गोला गरी का भोग लगा के।
श्रद्धा भाव से मंत्र गाएं। प्रेम सहित फिर शीश झुकाएं।
जय गिरिराज किशोरी अंबे। शिव मुख चंद्र चकोरी अंबे।
मनोकामना पूर्ण कर दो। भक्त सदा सुख संपत्ति भर दो।

डिस्क्लेमर- इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। मां दुर्गा के आगमन और प्रस्थान के वाहन तथा इससे जुड़े शुभ-अशुभ फल को लेकर अलग-अलग मान्यताओं और पंचांग परंपराएं हो सकती हैं। इसलिए पाठकों से अनुरोध है कि इसे धार्मिक मान्यता के रूप में ही लें। किसी भी प्रकार से इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं।