Shardiya Navratri 7th Day, Maa Kalratri Vrat Katha In Hindi: शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन मां दुर्गा के 7वें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा करने का विधान है। आज मां कालरात्रि की विधिवत पूजा करना शुभ माना जाता है। मां कालरात्रि को ‘शुभंकरी’ भी कहा जाता है। ऐसे में वह अपने भक्तों को निर्भीकता देने के साथ शुभ फल देती हैं। मां के स्वरूप की बात करें, तो गधे पर सवार, बिखरे बाल, वस्त्रहीन और तीन नेत्रों वाली हैं, जो गले में बिजली की माला धारण करती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां क करने से रोग, दोष और भय से मुक्ति मिल सकती है। मां दुर्गा का ये रूप सबसे उग्र और विनाशकारी माना जाता है। जो अंधकार, भय और नकारात्मक शक्तियों का नाश करती हैं। आइए जानते हैं मां कालरात्रि की संपूर्ण व्रत कथा….

मां कालरात्रि की कथा (Maa Kalratri Vrat Katha)

दुर्गा सप्तशती के देवी महात्म्य के आठवें अध्याय में दुर्गा और रक्तबीज के बीच हुए युद्ध का विस्तार से वर्णन मिलता है। ये युद्धि शुंभ और निशुंभ के विरुद्ध चल रहे युद्ध का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था।

ऋषि कहते हैं-चण्ड और मुण्ड नामक दैत्यों के मारे जाने तथा बहुत-सी सेना का संहार हो जाने पर दैत्यों के राजा प्रतापी शुम्भ के मन में बड़ा क्रोध हुआ और उसने दैत्यों की सम्पूर्ण सेना को युद्ध के लिये कूच करने की आज्ञा दी॥ वह बोला-‘आज उदायुध नाम के छियासी दैत्य-सेनापति अपनी सेनाओं के साथ युद्ध के लिये प्रस्थान करें । कम्बु नाम वाले दैत्यों के चौरासी सेनानायक अपनी वाहिनी से घिरे हुए यात्रा करें।

पचास कोटिवीर्य-कुल के और सौ धौम्र-कुल के असुर सेनापति मेरी आज्ञा से सेना सहित कूच करें। कालक, दौर्हृद, मौर्य और कालकेय असुर भी युद्ध के लिये तैयार हो मेरी आज्ञा से तुरंत प्रस्थान करें। भयानक शासन करने वाला असुरराज शुम्भ इस प्रकार आज्ञा दे सहस्रों बड़ी-बड़ी सेनाओं के साथ युद्ध के लिए प्रस्थित हुआ। उसकी अत्यन्त भयंकर सेना आती देख चण्डिका ने अपने धनुष की टंकार से पृथ्वी और आकाश के बीच का भाग गुंजा दिया। राजन् ! तदनन्तर देवी के सिंह ने भी बड़े जोर-जोर से दहाड़ना आरम्भ किया, फिर अम्बिका ने घण्टे के शब्द से उस ध्वनि को और भी बढ़ा दिया। धनुष की टंकार, सिंह की दहाड़ और घण्टे की ध्वनि से सम्पूर्ण दिशाएं गूंज उठीं । उस भयंकर शब्द से काली ने अपने विकराल मुख को और भी बढ़ा लिया तथा इस प्रकार वे विजयिनी हुईं।

उस तुमुल नाद को सुनकर दैत्यों की सेनाओं ने चारों ओर से आकर चण्डिका देवी, सिंह तथा काली देवी को क्रोध पूर्वक घेर लिया। राजन! इसी बीच में असुरों के विनाश तथा देवताओं के अभ्युदय के लिए ब्रह्मा, शिव, कार्तिकेय, विष्णु तथा इंद्र आदि देवों की शक्तियां, जो अत्यन्त पराक्रम और बल से संपन्न थीं, उनके शरीरों से निकलकर उन्हीं के रूप में चण्डिका देवी के पास गईं। जिस देवता का जैसा रूप, जैसी वेश-भूषा और जैसा वाहन है, ठीक वैसे ही साधनों से संपन्न हो उसकी शक्ति असुरों से युद्ध करने के लिये आई। सबसे पहले हंस युक्त विमान पर बैठी हुई अक्षसूत्र और कमंडल से सुशोभित ब्रह्माजी की शक्ति उपस्थित हुई, जिसे ‘ब्रह्माणी’ कहते हैं।

महादेव जी की शक्ति वृषभ पर आरूढ़ हो हाथों में श्रेष्ठ त्रिशूल धारण किए महानाग का कंकण पहने, मस्तक में चंद्र रेखा से विभूषित हो वहां आ पहुंची। कार्तिकेय जी की शक्ति रूपा जगदंबिका उन्हीं का रूप धारण किए श्रेष्ठ मयूर पर आरूढ़ हो हाथ में शक्ति लिये दैत्यों से युद्ध करने के लिये आयीं।

इसी प्रकार भगवान विष्णु की शक्ति गरुड़ पर विराजमान हो शंख, चक्र, गदा, अनुपम यज्ञवाराह का रूप धारण करने वाले श्री हरि की जो शक्ति है, वह भी वराह-शरीर धारण करके वहां उपस्थित हुई। नरसिंहा शक्ति भी नृसिंह के समान शरीर धारण करके वहां आयी। उसकी गर्दन के बालों के झटके से आकाश के तारे बिखरे पड़ते थे। इसी प्रकार इन्द्र की शक्ति वज्र हाथ में लिये गजराज ऐरावत पर बैठकर आयी। उसके भी सहस्त्र नेत्र थे। इंद्र का जैसा रूप है, वैसा ही उसका भी था।

तदनन्तर उन देव-शक्तियों से घिरे हुए महादेव जी ने चण्डिका से कहा- ‘मेरी प्रसन्नता के लिये तुम शीघ्र ही इन असुरों का संहार करो’। तब देवी के शरीर से अत्यन्त भयानक और परम उग्र चण्डिका- शक्ति प्रकट हुई। जो सैकड़ों गीदड़ियों की भाँति आवाज करने वाली थी। उस अपराजिता देवी ने धूमिल जटावाले महादेव जी से कहा- भगवन! आप शुंभ-निशुंभ के पास दूत बनकर जाइए और उन अत्यन्त गवीले दानव शुंभ एवं निशुंभ दोनों से कहिए। साथ ही उनके अतिरिक्त भी जो दानव युद्ध के लिये वहाँ उपस्थित हों उनको भी यह संदेश दीजिए।

दैत्यो! यदि तुम जीवित रहना चाहते हो तो पाताल को लौट जाओ । इंद्र को त्रिलोकी का राज्य मिल जाए और देवता यज्ञभाग का उपभोग करें। यदि बल के घमंड में आकर तुम युद्ध की अभिलाषा रखते हो तो आओ। मेरी शिवाएं (योगिनियां) तुम्हारे कच्चे मांस से तृप्त हों। चूंकि उस देवी ने भगवान शिव को दूत के कार्य में नियुक्त किया था, इसलिए वह’शिवदूती’ के नाम से संसार में विख्यात हुई।

वे महा दैत्य भी भगवान शिव के मुंह से देवी के वचन सुनकर क्रोध में भर गये और जहां कात्यायनी विराजमान थीं, उस ओर बढ़े। तदनन्तर वे दैत्य अमर्ष में भरकर पहले ही देवी के ऊपर बाण, शक्ति और ऋष्टि आदि अस्त्रों की वृष्टि करने लगे । तब देवी ने भी खेल-खेल में ही धनुष की टंकार की और उससे छोड़े हुए बड़े-बड़े बाणों द्वारा दैत्यों के चलाये हुए बाण, शूल, शक्ति और फरसों को काट डाला।

फिर काली उनके आगे होकर शत्रुओं को शूलके प्रहार से विदीर्ण करने लगी और खट्वांग से उनका कचूमर निकालती हुई रणभूमि में विचरने लगी। ब्रह्माणी भी जिस-जिस ओर दौड़ती, उसी-उसी ओर अपने कमंडल का जल छिड़ककर शत्रुओं के ओज और पराक्रम को नष्ट कर देती थी। माहेश्वरी ने त्रिशूल से तथा वैष्णवी ने चक्र से और अत्यन्त क्रोध में भरी हुई कुमार कार्तिकेय की शक्ति ने शक्ति से दैत्यों का संहार आरंभ किया।

इंद्र शक्ति के वज्रप्रहार से विदीर्ण हो सैकड़ों दैत्य-दानव रक्तकी धारा बहाते हुए पृथ्वी पर सो गए। वाराही शक्ति ने कितनों को अपनी थूथुन की मार से नष्ट किया, दाढ़ों के अग्रभाग से कितनों की छाती छेद डाली तथा कितने ही दैत्य उसके चक्र की चोट से विदीर्ण होकर गिर पड़े।

नरसिंही भी दूसरे-दूसरे महादैत्यों को अपने नखों से विदीर्ण करके खाती और सिंहनाद से दिशाओं एवं आकाश को गुंजाती हुई युद्धक्षेत्र में विचरने लगी। कितने ही असुर शिवदूती के प्रचंड अट्टहास से अत्यन्त भयभीत हो पृथ्वी पर गिर पड़े और गिरने पर उन्हें शिवदूती ने उस समय अपना ग्रास बना लिया।

इस प्रकार क्रोध में भरे हुए मातृगणों को नाना प्रकार के उपायों से बड़े- बड़े असुरों का मर्दन करते देख दैत्य सैनिक भाग खड़े हुए। मातृगणों से पीड़ित दैत्यों को युद्ध से भागते देख रक्तबीज नामक महादैत्य क्रोध में भरकर युद्ध करने के लिये आया। उसके शरीर से जब रक्त की बूद पृथ्वी पर गिरती, तब उसी के समान शक्तिशाली एक दूसरा महादैत्य पृथ्वी पर पैदा हो जाता। महासुर रक्तबीज हाथ में गदा लेकर इंद्र शक्ति के साथ युद्ध करने लगा। तब ऐंद्री ने अपने वज्र से रक्तबीज को मारा।

वज्र से घायल होने पर उसके शरीर से बहुत-सा रक्त चूने लगा और उससे उसी के समान रूप तथा पराक्रम वाले योद्धा उत्पन्न होने लगे। उसके शरीर से रक्त की जितनी बूंदें गिरीं, उतने ही पुरुष उत्पन्न हो गये वे सब रक्तबीज के समान ही वीर्यवान, बलवान तथा पराक्रमी थे। वे रक्त से उत्पन्न होने वाले पुरुष भी अत्यन्त भयंकर अस्त्र-शस्त्रों का प्रहार करते हुए वहां मातृगणों के साथ घोर युद्ध करने लगे। पुनः वज्र के प्रहार से जब उसका मस्तक घायल हुआ, तब रक्त बहने लगा और उससे हजारों पुरुष उत्पन्न हो गए।

वैष्णवी ने युद्ध में रक्तबीज पर चक्र का प्रहार किया तथा ऐन्द्री ने उस दैत्य सेनापति को गदा से चोट पहुंचायी। वैष्णवी के चक्र से घायल होने पर उसके शरीर से जो रक्त बहा और उससे जो उसी के बराबर आकार वाले सहस्रों महादैत्य प्रकट हुए, उनके द्वारा सम्पूर्ण जगत व्याप्त हो गया।

कौमारी ने शक्ति से, वाराही ने खड्ग से और माहेश्वरी ने त्रिशूल से महादैत्य रक्तबीज को घायल किया क्रोध में भरे हुए उस महादैत्य रक्तबीज ने भी गदा से सभी मातृ-शक्तियों पर पृथक-पृथक प्रहार किया। शक्ति और शूल आदि से अनेक बार घायल होने पर जो उसके शरीर से रक्त की धारा पृथ्वी पर गिरी, उससे भी निश्चय ही सैकड़ों असुर उत्पन्न हुए। इस प्रकार उस महादैत्य के रक्त से प्रकट हुए असुरों द्वारा सम्पूर्ण जगत व्याप्त हो गया। इससे उन देवताओं को बड़ा भय हुआ।

देवताओं को उदास देख चण्डिका ने काली से शीघ्रतापूर्वक कहा-‘चामुण्डे! तुम अपना मुख और भी फैलाओ तथा मेरे शस्त्रपात से गिरने वाले रक्त बिन्दुओं और उनसे उत्पन्न होने वाले महादैत्यों को तुम अपने इस उतावले मुख से खा जाओ। इस प्रकार रक्त से उत्पन्न होने वाले महादैत्यों का भक्षण करती हुई तुम रण में विचरती रहो। ऐसा करने से उस दैत्य का सारा रक्त क्षीण हो जाने पर वह स्वयं भी नष्ट हो जाएगा। उन भयंकर दैत्यों को जब तुम खा जाओगी, तब दूसरे नए दैत्य उत्पन्न नहीं हो सकेंगे।

कालीसे यों कहकर चण्डिकादेवी ने शूल से रक्तबीज को मारा और काली ने अपने मुख में उसका रक्त ले लिया। तब उसने वहां चण्डिका पर गदा से प्रहार किया। किंतु उस गदापात ने देवी को तनिक भी वेदना नहीं पहुँचायी। रक्तबीज के घायल शरीर से बहुत-सा रक्त गिरा। किंतु ज्यों ही वह गिरा त्यों ही चामुण्डा ने उसे अपने मुख में ले लिया। रक्त गिरने से काली के मुख में जो महादैत्य उत्पन्न हुए, उन्हें भी वह चट कर गयी और उसने रक्तबीज का रक्त भी पी लिया। तदनंतर देवी ने रक्तबीज को, जिसका रक्त चामुण्डा ने पी लिया था, वज्र, बाण, खड्ग तथा ऋष्टि आदि से मार डाला। राजन! इस प्रकार शस्त्रों के समुदाय से आहत एवं रतक्तहीन हुआ महादैत्य रक्तबीज पृथ्वी पर गिर पड़ा। नरेश्वर ! इससे देवताओं को अनुपम हर्ष की प्राप्ति हुआ।

मां कालरात्रि के मंत्र

दंष्ट्राकरालवदने शिरोमालाविभूषणे।
चामुण्डे मुण्डमथने नारायणि नमोऽस्तु ते।।
या देवी सर्वभूतेषु दयारूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।

डिसक्लेमर- यह लेख पूरी तरह से ज्योतिषीय गणनाओं और मान्यताओं पर आधारित है। आपके शहर, क्षेत्र के अनुसार पंचांग के समय में बदलाव हो सकता है। इसलिए किसी भी कार्य को करने से पहले क्षेत्रीय पंचांग देखने के अलावा पंडित जी से पूछ लें। जनसत्ता इसकी सत्यता या इससे होने वाले किसी भी लाभ-हानि की पुष्टि नहीं करता है। अधिक जानकारी के लिए पंचांग, शास्त्र या फिर किसी पंडित से अवश्य जानकारी लें।