Shardiya Navratri Day 1, Maa Shailputri Vrat Katha: हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि के साथ आज से शारदीय नवरात्रि आरंभ हो गई है। नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। शास्त्रों के अनुसार, हिमालयराज की पुत्री मां शैलपुत्री हैं। नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना करने के साथ-साथ मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। आज पूजा करने के साथ-साथ इस व्रत कथा का पाठ या श्रवण अवश्य करना चाहिए। आइए जानते हैं मां शैलपुत्री की संपूर्ण व्रत कथा…

शास्त्रों के अनुसार, मां शैलपुत्री को मां पार्वती का स्वरूप माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवी सती ने हिमालय के घर में पुनर्जन्म लिया और कठोर तपस्या करके पार्वती के रूप में भगवान शिव को पुन: पति के रूप में प्राप्त किया।

LIVE– शारदीय नवरात्रि शुरू, जानें कलश स्थापना, पूजा विधि, सामग्री, मंत्र सहित सबकुछ

मां शैलपुत्री की कथा (Maa Shailputri Vrat Katha)

मां शैलपुत्री को देवी सती के रूप में भी जाना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार प्रजापति दक्ष ने एक भव्य यज्ञ का आयोजन किया और सभी देवी-देवताओं को आमंत्रित किया, लेकिन भगवान शिव को निमंत्रण नहीं दिया। देवी सती को विश्वास था कि उन्हें बुलाया जाएगा, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो वे व्याकुल हो उठीं। भगवान शिव ने बिना निमंत्रण यज्ञ में जाने से मना किया, परंतु सती के बार-बार आग्रह करने पर उन्होंने उन्हें जाने की अनुमति दे दी।

जब सती अपने पिता दक्ष के यज्ञ में पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि वहां कोई भी उनका आदर नहीं कर रहा है। केवल उनकी माता ने स्नेहपूर्वक उनका स्वागत किया, जबकि उनकी बहनों ने उनका उपहास किया और भगवान शिव का भी अपमान किया। स्वयं दक्ष ने भी उनका और उनके पति का तिरस्कार किया। यह सब देखकर सती अत्यंत दुखी और आहत हो गईं। अपने और अपने पति के अपमान को सहन न कर पाने के कारण उन्होंने उसी यज्ञ की अग्नि में स्वयं को समर्पित कर प्राण त्याग दिए।

जब भगवान शिव को इस घटना का पता चला, तो वे शोक और क्रोध से भर उठे। उन्होंने यज्ञ को नष्ट कर दिया। इसके बाद सती ने हिमालय के घर पुनर्जन्म लिया, जिस कारण उनका नाम शैलपुत्री पड़ा।

डिस्क्लेमर- इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। मां दुर्गा के आगमन और प्रस्थान के वाहन तथा इससे जुड़े शुभ-अशुभ फल को लेकर अलग-अलग मान्यताओं और पंचांग परंपराएं हो सकती हैं। इसलिए पाठकों से अनुरोध है कि इसे धार्मिक मान्यता के रूप में ही लें। किसी भी प्रकार से इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं।