नवरात्रि में माता 9 स्वरूपों की पूजा- अर्चना की जाती है और नवमी के दिन कन्या पूजन के साथ माता को विदा किया जाता है। वहीं कुछ लोगों के यहां अष्टमी के दिन कन्या पूजन किया जाता है। मान्यता है कन्या पूजन करने से माता रानी प्रसन्न होती हैं और उनके आशीर्वाद से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस पूजन में दो वर्ष से लेकर 10 वर्ष तक की कन्याओं को आमंत्रित किया जाता है और उनकी पूजा सत्कार के साथ भोग लगाया जाता है। कन्याओं के साथ एक बालक को बटुक भैरव और लांगूरा के रूप में पूजा की जाती है।
आपको बता दें कि शारदीय नवरात्रि 26 सितंबर से शुरू हुई हैं और महानवमी 4 अक्टूबर हो मनाया जाएगा। शास्त्रों के मुताबिक अगर राशि के अनुसार, कन्याओं को कुछ वस्तुएं दान में दी जाएं तो मां सभी मनोकामनाओं पूर्ण हो सकती हैं और कष्टों से छुटकारा पाया जा सकता है। आइए जानते हैं राशि अनुसार कन्याओं का कैसे पूजन किया जाए और उन्हें क्या उपहार दिया जाए…
मेष और वृश्चिक राशि के लोग दें ये उपहार
मेष और वृश्चिक राशि पर मंगल देव का आधिपत्य है। इसलिए इस राशि के लोग कन्याओं को लाल रंग की चीजें भेंट कर सकते हैं। लाल रंग की चीज जैसे लाल किताब, लाल चूड़ी, लाल वस्त्र, फल आदि। ऐसा करने से जीवन में सुख- समृद्धि का वास रहेगा।
वृष और तुला राशि के लोग दें ये गिफ्ट
ज्योतिष शास्त्र अनुसार वृष और तुला राशि के स्वामी शुक्र देव हैं। इसलिए आप लोग कन्याओंं को मखाना, गोला, अनार का फल या फिर खिलौने उपहार में दे सकते हैं। ऐसा करने से आपको सुख- सौभाग्य की प्राप्ति होगी। साथ ही आप पर शुक्र देव की भी कृपा प्राप्त होगी।
मिथुन और कन्या राशि के लोग दें ये गिफ्ट
मिथुन और कन्या राशि के स्वामी बुध देव हैं। इसलिए इन राशि के लोग कन्याओं को हरे रंग की वस्तुएं गिफ्ट में दे सकते हैं। जैसे- हरी चूड़ियां, रुमाल और वस्त्र। ऐसा करने से माता रानी आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी कर सकती हैं। साथ ही बुध देव का आशीर्वाद आपको प्राप्त होगा।
कर्क राशि के लोग दें ये उपहार
कर्क राशि के स्वामी चंद्र ग्रह हैं। इसलिए आप लोग कन्याओं को गोला, मखाने, मिश्री व दूध से बनीं मिठाई भेंट कर सकते हैं। साथ ही कन्याओं को सफेद रंग के वस्त्र भी गिफ्ट कर सकते हैं। ऐसा करने से आपको चंद्र देव की कृपा प्राप्त होगी।
सिंह राशि के लोग दें ये उपहार
सिंह राशि पर सूर्य ग्रह का आधिपत्य है। वैदिक ज्योतिष में सूर्य ग्रह को मान- सम्मान और प्रतिष्ठा का कारक माना जाता है। इसलिए सिंह राशि के लोग कन्या पूजन में नारियल, धार्मिक किताबें, वस्त्र, मेवे, मिठाई आदि कन्याओं को भेंट कर सकते हैं। ऐसा करने से आपको सूर्य देव के साथ मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
धनु और मीन राशि के लोग दें ये गिफ्ट
धनु और मीन राशि के स्वामी गुरु बृहस्पति हैं। इसलिए आप लोग कन्या पूजन में पीले रंग की वस्तुएं दान कर सकते हैं। जैसे पीले रंग के कपड़े, फल, रुमाल, चुनरी। साथ ही आप शिक्षा से संबंधित कोई कॉपी या बुक भी दे सकते हैं। ऐसा करने आपकी कुंडली में गुरु ग्रह की स्थिति मजबूत होगी।
मकर और कुंभ राशि के लोग दें ये उपहार
ज्योतिष शास्त्र मुताबिक मकर और कुंभ राशि के स्वामी शनि देव हैं। इसलिए आप लोग कन्याओं को नीले रंग की वस्तुएं दान में दे सकते हैं। साथ नारियल या फिर धन भी भेंट स्वरूप दे सकते हैं। ऐसा करने से आपको शनि देव का आशीर्वाद प्राप्त होगा।