Sarvpitru Amavasaya 2026 Katha (सर्वपितृ अमावस्या 2026 कथा): सर्वपितृ अमावस्या पितरों को समर्पित महत्वपूर्ण तिथि मानी जाती है। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल आश्विन मास की अमावस्या तिथि को पितृपक्ष का आखिरी दिन होता है। मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पितर अपने लोक पितृ लोक वापस लौट जाते हैं। इसी के कारण उन सभी पितरों के लिए श्राद्ध और तर्पण किया जाता है, जिनकी श्राद्ध तिथि ज्ञात न हो या किसी कारण निर्धारित तिथि में श्राद्ध न कर पाए हो। इसके अलावा जिन पितरों की मृत्यु अमावस्या तिथि को हुई हो, उनका श्राद्ध भी को इसी दिन किया जाता है। सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या की महिमा को लेकर एक कथा का वर्णन मस्त्य पुराण के 14वें अध्याय में मिलता है। ये कथा अच्छोदा नाम की पितरों की मानसी कन्या से संबंधित है। आइए जानते हैं सर्वपितृ अमावस्या पर इस कथा के बारे में…

कब है सर्वपितृ अमावस्या 2026?

द्रिक पंचांग के अनुसार, आश्विन अमावस्या का आरंभ 9 अक्टूबर को रात 9 बजकर 35 मिनट पर होगा, जो 10 अक्टूबर को रात 9 बजकर 19 मिनट पर समाप्त होगा। ऐसे में उदया तिथि के हिसाब से सर्वपितृ अमावस्या 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को होगी। इस दिन शनिवार होने के कारण इसका महत्व और अधिक बढ़ गया है।

अच्छोदा का पितृ लोक से पतन तथा उसकी प्रार्थना पर पितरों द्वारा उसका पुनरुद्धार

सूतजी कहते हैं कि ऋषियों, मरीचि के वंशज देवताओं के पितृगण जहां निवास करते हैं, वे लोक सोमपथ के नाम से विख्यात हैं। देवता लोग उन पितरों का ध्यान किया करते हैं। वे यज्ञापरायण पितृगण अग्रिष्वात्त नाम से प्रसिद्ध हैं। जहां वे रहते हैं वहीं पर अच्छोदा नाम की एक नदी प्रवाहित होती है, जो उन्हीं पितरों की मानसी कन्या है। प्राचीन काल में पितरों ने वहीं एक अच्छोद नामक सरोवर का भी निर्माण किया था। पूर्वकाल में अच्छोदा ने एक सहस्त्र दिव्य वर्षो तक घोर तपस्या की। उसकी तपस्या से संतुष्ट होकर पितृगण उसे वर प्रदान करने के लिए उसके समीप पधारे। वे सब के सब पितर दिव्य रूपधारी थे। उनके शरीर पर दिव्य सुगध का अनुलेप लगा हुआ था तथा गले में दिव्य पुष्प माला लटक रही थी। वे सभी नवयुवक, बल संपन्न एवं कामदेव के सदृश देखकर वर की अभिलाषा वाली सुंदरी अच्छोदा व्यग्र हो उठी और उनके साथ रहने की याचना करने लगी।

इस मानसिक कदाचार के कारण सुंदरी अच्छोदा योग से भ्रष्ट हो गई और उसके परिणामस्वरूप वह स्वर्गलोक से ) भूतलपर गिर पड़ी। उसने पहले कभी पृथ्वी का स्पर्श नहीं किया था। जिस तिथि को अमावसु ने अच्छोदा के साथ निवास करने की अनिच्छा प्रकट की, वह तिथि उनके धैर्य के प्रभाव से लोगों द्वारा अमावस्या नाम से प्रसिद्ध हुई। इसी कारण यह तिथि पितरों को परम प्रिय है। इस तिथि में किया हुआ श्राद्धादि कार्य अक्षय फलदायक होता है।

इस प्रकार (बहुकालार्जित) तपस्या के नष्ट हो जाने से अच्छोदा लज्जित हो गई। वह अत्यन्त दीन होकर* नीचे मुख किए हुए देवपुर में पुन: अपनी प्रसिद्धि के लिए पितरों से प्रार्थना करने लगी। तब रोती हुई उस तपस्विनी को पितरों ने सांत्वना दी। वे महाभाग पितर भावी देव-कार्य का विचार कर प्रसन्नता एवं मंगल से परिपूर्ण वाणी द्वारा उससे इस प्रकार बोले-‘वरवर्णिनि! बुद्धिमान‌ लोग स्वर्गलोक में दिव्य शरीर द्वारा जो कुछ शुभाशुभ कर्म करते हैं, वे उसी शरीर से उन कर्मो के फल का उपभोग करते हैं; क्योंकि देवयोनि में कर्म तुरंत फलदायक हो जाते हैं। उसके विपरीत ‘मानव-योनि में मृत्यु के पश्चात्‌ (जन्मान्तर में) कर्मफल भोगना ‘पड़ता है। इसलिए पुत्रि! तुम मृत्यु के पश्चात्‌ जन्मान्तर में अपनी तपस्या का पूर्ण फल प्राप्त करोगी।

अठ्ठाईसवें द्वापर में तुम मत्स्य-योनि में उत्पन्न हो पाओगी । पितृ कुल का व्यतिक्रमण करने के कारण तुम्हें उस कष्टदायक योनि की प्राप्ति होगी। पुन: उस योनि से मुक्त होकर तुम राजा (उपरिचर) वसु की कन्या हो जाओगी। कन्या होने पर तुम अपने दुर्लभ लोकों को अवश्य प्राप्त करोगी । उस कन्यावस्था में तुम्हें बदरी (बेर)के वृक्षों से व्याप्त द्वीप में महर्षि पराशर से एक ऐसे पुत्र की प्राप्ति होगी, जो बादरायण नाम से प्रसिद्ध होगा और कभी अपने कर्म से च्युत न होने वाले नारायण का अवतार होगा। तुम्हारा वह पुत्र एक ही वेद को अनेक (चार) भागों में विभक्त करेगा। तदनन्तर समुद्र के अंश से उत्पन्न हुए पुरुवंशी राजा शंतनु के संयोग से तुम्हें विचित्रवीर्य एवं महाराज चित्रांगद नामक दो पुत्र प्राप्त होंगे। बुद्धिमान्‌ विचित्रवीर्य के दो क्षेत्रज धृतराष्ट्र और पाण्डु-पुत्रों को उत्पन्न कराकर तुम प्रौष्ठपदी (भाद्रपद की पूर्णिमा और पौष कृष्ण की अष्टमी इस प्रकार मनुष्य-लोक में सत्यवती और पितृलोक में आयु एवं आरोग्य प्रदान करने वाली तथा नित्य सम्पूर्ण मनोवांछित फलों की प्रदात्री अष्टका नाम से तुम्हारी ख्याति होगी। कालान्तर में तुम मनुष्य लोक में नदियों में श्रेष्ठ पुण्यसलिला अच्छोदा नाम से नदी रूपमें जन्म धारण करोगी।’ ऐसा कहकर पितरों का वह समुदाय वहीं अन्तर्हित हो गया तथा अच्छोदा को अपने उन समस्त कर्मफलों की प्राप्ति हुई, जो पहले कहे जा चुके हैं।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।